हाल ही में Mani Ratnam की फिल्म Yuva ने अपने 20 साल पूरे किए. ये उनकी तमिल फिल्म ‘आयुदा इडत्तू’ का ही हिंदी रीमेक थी. ओरिजनल फिल्म में सूर्या, आर माधवन और सिद्धार्थ जैसे एक्टर्स थे. वहीं फिल्म के रीमेक में अजय देवगन, अभिषेक बच्चन और विवेक ओबेरॉय ने काम किया. फिल्म में विवेक ने अर्जुन नाम के एक कॉलेज स्टूडेंट का रोल किया था. हाल ही में उन्होंने फिल्म की मेकिंग से जुड़ा एक किस्सा सुनाया. Times Now को दिए एक इंटरव्यू में विवेक ने बताया कि शूटिंग के दौरान उनका भयानक एक्सीडेंट हो गया था. उसके बाद अजय देवगन और अभिषेक बच्चन उन्हें उठाकर हॉस्पिटल लेकर गए.
जब विवेक ओबेरॉय का भीषण एक्सीडेंट देखकर डायरेक्टर को हार्ट अटैक आ गया
Vivek Oberoi ने बताया कि उनका पैर टूट चुका था. उसके बाद Ajay Devgn और Abhishek Bachchan उन्हें उठाकर हॉस्पिटल लेकर गए.

विवेक ने उस दिन को याद करते हुए कहा,
वो दिन बहुत बढ़िया जा रहा था, लेकिन उस मोटरसाइकिल एक्सीडेंट ने सब कुछ खराब कर दिया. उस भीषण एक्सीडेंट की वजह से मेरा बायां पैर तीन जगह से टूट गया. मुझे याद है कि मेरे बड़े भाई अजय देवगन और मेरे दोस्त अभिषेक बच्चन मेरे साथ थे. वो लोग मुझे उठाकर हॉस्पिटल लेकर गए. वो लोग इस तकलीफ के समय में मेरे साथ ही रहे. हड्डियां टूटने की वजह से काफी खून बह रहा था.
विवेक से पूछा गया कि क्या उसके बाद सब कुछ ठीक हो गया था. वो कैसा महसूस कर रहे थे. उन्होंने बताया कि एक्सीडेंट के बाद चीज़ें बिगड़ गईं. आगे जोड़ा,
मुझे पता चला कि मेरा एक्सीडेंट देखने के बाद मणि अन्ना (मणि रत्नम) को हार्ट अटैक आ गया है. हम दोनों हॉस्पिटल में रिकवर हो रहे थे. उस दौरान अजय और अभिषेक मेरे साथ थे. मस्ती-मज़ाक और पेनकिलर के ज़रिए मेरी तकलीफ कम करने की कोशिश कर रहे थे.
बता दें कि ‘युवा’ के अलावा मणि रत्नम ने हिंदी सिनेमा के लिए ‘दिल से’, ‘गुरु’ और ‘रावण’ जैसी फिल्में भी बनाई. ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन के साथ बनाई गई ‘रावण’ उनकी आखिरी प्रॉपर हिंदी रिलीज़ थी. बाकी उनकी पिछली रिलीज़ हुई फिल्मों में ‘पोन्नियिन सेलवन’ के पहले और दूसरे पार्ट का नाम है. यहां उन्होंने चियां विक्रम, ऐश्वर्या राय, कार्ति, तृषा कृष्णन और जयम रवि जैसे एक्टर्स के साथ काम किया. बीती नवंबर में उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘ठग लाइफ’ अनाउंस की. लीड रोल में कमल हासन हैं. उनके साथ दुल्कर सलमान, जयम रवि और तृषा कृष्णन भी नज़र आएंगे. बताया जा रहा है कि ‘ठग लाइफ’ 2025 के अंत में रिलीज़ हो सकती है.
वीडियो: विवेक ओबेरॉय बोले, बुरे वक्त में अक्षय कुमार ने बहुत मदद की, अपने शोज़ मुझे दिलवा दिए











