SS Rajamouli और Mahesh Babu की Varanasi को 1300 करोड़ रुपए के बजट पर बनाया जा रहा है. अगले साल 07 अप्रैल को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज़ हो जाएगी. इसलिए मेकर्स अभी से मूवी के तमाम अधिकार बेचने की तैयारी कर रहे. चर्चा है कि 'वाराणसी' के तेलुगु थिएट्रिकल राइट्स के लिए 325 करोड़ रुपए की मांग रखी गई है. अगर बात बनी, तो ये डील मेकर्स को फायदा देने के अलावा उनकी मुसीबतें भी बढ़ा भी सकती हैं.
'वाराणसी' की 325 करोड़ की थिएट्रिकल डील राजामौली की मुसीबतें बढ़ाने वाली हैं!
राजामौली की RRR ने तेलुगु राज्यों में 422 करोड़ रूपए कमाए थे. 'वाराणसी' को इससे लगभग ढाई सौ करोड़ ज्यादा कलेक्ट करना है.

'वाराणसी' को ओरिजिनली तेलुगु में बनाया जा रहा है. इस कारण तेलुगु स्टेट्स यानी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में फिल्म की तगड़ी डिमांड रहेगी. इसलिए मेकर्स वहां का थिएट्रिकल राइट बड़ी कीमत पर बेचना चाहते हैं. टाइम्स नाऊ तेलुगु के मुताबिक, इन दो राज्यों के लिए राजामौली ने 325 करोड़ रुपए की मांग रखी है. ये काफी बड़ा आंकड़ा है. इससे फिल्म का एक-चौथाई बजट निकल जाएगा. पर ये डील राजामौली की दिक्कतें भी बढ़ा सकती है. दरअसल 'वाराणसी' को ब्रेक इवेन के लिए अपनी लागत से दोगुनी कमाई करनी पड़ेगी. मान लीजिए तेलुगु राज्यों में ये फिल्म 325 करोड़ की थिएट्रिकल डील लॉक कर लेती है. ऐसे में इसे लगभग 650 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन करना पड़ेगा.
फिलहाल के लिए ये टार्गेट मुश्किल नज़र आ रहा है. वो इसलिए क्योंकि राजामौली की ब्लॉकबस्टर RRR, तेलुगु राज्यों में 422 करोड़ ही कमा पाई थी. दूसरी तरफ़, 'पुष्पा 2' जैसी तगड़ी हाइप वाली मूवी ने भी वहां 324.6 करोड़ का कलेक्शन किया था. यानी 'वाराणसी' को ब्रेक इवेन के लिए उन फिल्मों से दो-ढाई सौ करोड़ रुपए ज्यादा कमाना होगा. ये आंकड़ा ऑन पेपर मुश्किल नज़र आ रहा है. लेकिन जब तक मेकर्स ऑफिशियली कोई डील फाइनल नहीं कर लेते, ठोस ढंग से कुछ नहीं कहा जा सकता.
वैसे, 'वाराणसी' को RRR से बड़ी रिलीज़ मिलना तय है. राजामौली की फिल्मों की खूब हाइप रहती है. उसे देखते हुए दो राय नहीं कि ये फिल्म बड़ी ओपनिंग के साथ बड़ा बिजनेस भी करेगी. जहां तक स्टारकास्ट की बात है, इसमें महेश बाबू के अलावा प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन काम कर रहे हैं.
वीडियो: राजामौली की 'वाराणसी' के लिए IMAX बना विलेन, स्क्रीन पर संकट!









