नेशनल, इंटरनेशनल और रीजनल सिनेमा से जुड़ी खबरों को एक साथ एक जगह पढ़ना चाहते हैं तो सही जगह पधारे हैं. नीचे पढ़िए फिल्मी दुनिया से जुड़ी आज की बड़ी खबरें.
'जवान' हिट करवाने के लिए फैन क्लब ने तगड़ी तैयारी कर ली
फैन क्लब 'जवान' को सुपरहिट करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते.


1. 'ओपनहाइमर' ने इंडिया में कमाए 110 करोड़ रुपए
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'ओपनहाइमर' इस साल इंडिया में सबसे बड़ी हॉलीवुड फिल्म बन गई है. फिल्म ने इंडिया में 110.75 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. कमाई के मामले में इसने इस साल आई 'मिशन इम्पॉसिबल 7' और 'फास्ट एक्स' का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
2. मार्वल स्टूडियो की 'आई एम ग्रूट 2' का ट्रेलर आया
मार्वल स्टूडियो की सीरीज़ 'आई एम ग्रूट' के दूसरे सीज़न का ट्रेलर आ गया है. इस बार लिटिल ग्रूट गैलेक्सी को बचाता दिखेगा. शो को 06 सितंबर से डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकेंगे.
3. सुहाना की 'द आर्चीज़' के कैरेक्टर पोस्टर आउट
नेटफ्लिक्स ने ज़ोया अख्तर की फिल्म 'द आर्चीज़' के कैरेक्टर पोस्टर्स को रिलीज़ किया है. जिसमें सुहाना खान, 'वेरॉनिका' के रोल में, खुशी कपूर, 'बेट्टी', अगस्त्य नंदा, 'डिट्टो' और मिहिर आहूजा, 'जगहेड' के रोल में दिख रहे हैं. फिल्म की रिलीज़ डेट जल्द अनाउंस की जाएगी.
4. नुसरत भरुचा की फिल्म 'अकेली' का ट्रेलर आया
नुसरत भरुचा की फिल्म 'अकेली' का ट्रेलर आ गया है. कहानी एक ऐसी इंडियन लड़की की है जो नौकरी के सिलसिले में इराक जाती है और वहां होने वाले युद्ध में फंस जाती है. इसे 18 अगस्त को थिएटर्स में रिलीज़ किया जाएगा.
5. फैन क्लब 60 देशों में करवाएंगे 'जवान' का फर्स्ट डे फर्स्ट शो
शाहरुख खान के फैन क्लब 'जवान' को सुपरहिट करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते. तभी तो फैन क्लब, SRK यूनिवर्स इंडिया में 300 से ज़्यादा शहरों में और दुनिया के 60 देशों में फर्स्ट डे फर्स्ट शो ऑर्गनाइज़ करवाने जा रहा है. बॉक्स ऑफिस फिगर्स की रिपोर्ट के मुताबिक फैन क्लब का फोकस साउथ स्टेट में ज़्यादा होगा. अब इतना कुछ करने के बाद 'जवान' पहले दिन कितना कमाएगी ये तो 07 सितंबर को ही पता चलेगा.
6. 'चंद्रमुखी 2' से कंगना रनौत का पोस्टर रिलीज़ हुआ
राघव लॉरेन्स की फिल्म 'चंद्रमुखी 2' से कंगना रनौत का लुक आ गया है. पी. वासु के डायरेक्शन में बनी इस तमिल कॉमेडी फिल्म में कंगना, चंद्रमुखी के रोल में दिखेंगी. मूवी 19 सितंबर को थिएटर्स में रिलीज़ होगी.
वीडियो: दी सिनेमा शो: सनी देओल की 'गदर 2' की एडवांस बुकिंग, अक्षय की 'OMG 2' से कई गुना ज़्यादा हो चुकी है















