Sunny Deol की Gadar 2 के प्रमोशंस चल रहे हैं. इस प्रोसेस में कई जगहों पर फिल्म की स्क्रीनिंग भी हो रही है. पिछले कुछ दिनों से 'गदर 2' की स्टारकास्ट दिल्ली में थी. मंगलवार को उन्होंने इंडियन आर्मी के कुछ टॉप लोगों के लिए फिल्म की स्क्रीनिंग रखवाई. बताया जा रहा है कि यहां से फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है. आर्मी के अफसर लोग ये फिल्म देखकर हंसे, रोए और हिंदुस्तान ज़िंदाबाद का नारा लगाकर निकले.
इंडियन आर्मी के लिए 'गदर 2' की स्क्रीनिंग रखी गई, ऑफिसर्स 'हिंदुस्तान ज़िंदाबाद' का नारा लगाकर निकले
इससे पहले भी 'गदर 2' रक्षा मंत्रालय और इंडियन आर्मी से जुड़े लोगों को दिखाई जा चुकी है.
.webp?width=360)

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में बताया गया कि मंगलवार यानी 8 अगस्त को दिल्ली में 'गदर 2' का एक शो रखा गया था. ये इंडियन आर्मी के टॉप ब्रास लोगों के लिए था. यहां उन्होंने अपने परिवारों के साथ ये फिल्म देखी. स्क्रीनिंग के दौरान तालियां-सीटियां तो बजी ही, लोग रोए भी. स्टारकास्ट की परफॉरमेंस की तारीफें कीं. स्क्रीनिंग से निकलते वक्त फिल्म का एक डायलॉग 'हिंदुस्तान ज़िंदाबाद' बोलते हुए निकले. इसी रिपोर्ट में बताया गया कि आर्मी की तरफ से तो फिल्म को काफी पॉज़िटिव रेस्पॉन्स मिला है.
इससे पहले भी जून के आखिरी हफ्ते में इंडियन आर्मी के लिए 'गदर 2' की एक स्क्रीनिंग रखवाई गई थी. मगर वो प्रोफेशनल वजहों से रखवानी पड़ी थी. जैसे ही फिल्म का फर्स्ट कट लॉक हुआ, 'गदर 2' मेकर्स ने इंडियन आर्मी को ये फिल्म दिखाई. ये नियम है कि आर्मी पर जो भी फिल्म बेस्ड होगी, उसके मेकर्स को रक्षा मंत्रालय से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट लेना होगा. इसके लिए प्रीव्यू कमिटी को फिल्म दिखानी पड़ती है. इसलिए मेकर्स ने पहली स्क्रीनिंग रखी थी. जिन अधिकारियों ने ये फिल्म देखी उनकी प्रतिक्रिया काफी प्यारी रही. उन्होंने बिना कोई आपत्ति ज़ाहिर किए 'गदर 2' को NOC यानी नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट दे दिया. अब जब फिल्म की रिलीज़ से पहले उन्हें फिल्म दिखाई गई, तो रेस्पॉन्स और भी जबरदस्त रहा है. दिल्ली से निकलने के बाद अब 'गदर 2' की टीम प्रमोशन के सिलसिले में चंडीगढ़ पहुंच चुकी है.
'गदर 2' की रिलीज़ में अभी दो दिन बाकी हैं. मगर उससे पहले ही देशभर के सिनेमाघरों में भयंकर एडवांस बुकिंग हो चुकी है. तरण आदर्श के मुताबिक इंडिया के मल्टीप्लेक्स चेन्स और सिंगल स्क्रीन्स को मिलाकर पहले दिन के लिए 1.3 लाख से ज़्यादा टिकट बुक हो चुके हैं. जो कि शाहरुख खान की 'पठान' से ज़्यादा बताए जा रहे हैं. धुआंधार एडवांस बुकिंग के आधार पर कहा जा रहा है कि 'गदर 2' सभी प्रेडीक्शंस को धता बता, पहले दिन 30 करोड़ रुपए से ऊपर की ओपनिंग ले सकती है. ये आंकड़ा शनिवार और रविवार को और ऊपर जाएगा. मगर सोमवार को पता चलेगा कि ऊंट किस करवट बैठने वाला है.
'गदर 2' में सनी देओल के साथ अमीषा पटेल, उत्कर्ष शर्मा और मनीष वाधवा जैसे एक्टर्स ने काम किया है. अनिल शर्मा ने डायरेक्ट किया है. 'गदर 2' 11 अगस्त को सिनेमाघरों में लग रही है.
वीडियो: दी सिनेमा शो: सनी देओल, अमीषा पटेल की 'गदर 2' के पहले दिन की कमाई बहुत ज़्यादा हो सकती है.


















