'' वो स्त्री है, कुछ भी कर सकती है''
Stree 2 - कॉमेडी और हॉरर से लबरेज़, साल का सबसे धमाकेदार ट्रेलर
Shraddha Kapoor और Rajkummar Rao की मच अवेटेड फिल्म Stree 2 का ट्रेलर आ गया है. कैसा है ट्रेलर, क्या है कहानी आइए बताते हैं.


साल 2018 में आई Stree देखने के बाद ये लाइन लोगों की ज़ुबान पर चढ़ गई. फिल्म ऐसे मोड़ पर रुकी कि सीक्वल आना तय था. अब फाइनली Shraddha Kapoor और Rajkummar Rao की मच अवेटेड फिल्म Stree 2 का ट्रेलर आ गया है. कैसा है ट्रेलर, क्या है कहानी आइए बताते हैं.
सबसे पहले बात करते हैं ‘स्त्री 2’ की कहानी की. ट्रेलर खुलता है और पता चलता है कि स्त्री तो चली गई है मगर स्त्री को स्त्री बनाने वाला यानी सरकटा भूत लौट आया है. चंदेरी एक बार फिर संकट में है. सरकटा भूत अब चंदेरी की लड़कियों को पकड़ रहा है. उन्हें अपने वश में कर रहा है. अब विक्की और उसके दोस्त और उसकी सो कॉल्ड चोटी वाली गर्लफ्रेंड इस समस्या का निवारण कैसा करते हैं इसकी की कहानी होगी ‘स्त्री 2’.
बॉलीवुड में सीक्वल फिल्मों की लहर दौड़ रही है. एक फिल्म चल जाए तो उसका सीक्वल लाकर मेकर्स पैसा बनाना चाहते हैं. थिएटर से बाहर निकली जनता से दो ही सवाल पूछे जाते हैं. पहला -फिल्म कैसी थी और दूसरा सीक्वल आएगा क्या? मगर महालक्ष्मी घोड़े की इस रेस में बहुत कम सीक्वल्स ही ऐसे होते हैं जो अपनी ओरिजनैलिटी को बरकरार रख पाते हैं. जितनी मज़ेदार और एंटरटेनिंग पहली फिल्म हो, उसी लेवल की सीक्वल भी हो, ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है. मगर ‘स्त्री 2’ इस स्टैंडर्ड को मेंनटेन करती नज़र आ रही है.
करीब 2 मिनट 54 सेकंड के ट्रेलर में हर सेकंड का महत्व है. अमर कौशिक ने पहली वाली ‘स्त्री’ डायरेक्ट की थी. इसके सीक्वल को भी अमर ने ही डायरेक्ट किया है. उन्होंने हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की शुरुआत की है. इसके बाद उन्होंने इसी यूनिवर्स की ‘भेड़िया’ भी बनाई थी. वो फिल्म जो कहना चाहती थी उस आइडिया को सराहा गया.
अमर कौशिक की फिल्मों की खास बात ये होती है कि वो कॉमेडी और हॉरर की क्वालिटी बनाए रखते हुए, ज़रूरी बात कहने की कोशिश करते हैं. अब तक इन कोशिशों का सक्सेस रेट शत प्रतिशत रहा है. मसलन, ‘स्त्री’, महिला सशक्तिकरण जैसे मसले पर बात करती है. ‘भेड़िया’, नेचर या जंगलों के संरक्षण का मसला उठाती है. मगर ज्ञान नहीं देती. बात करती है. समझ आई तो ठीक. वरना एंटरटेन होकर घर जाइए. आप पर कोई पाबंदी नहीं लादती. इस किस्म की लिखावट और डायरेक्शन उनकी फिल्मों में जान डालती है.
लिखावट से याद आया, ‘स्त्री 2’ को निरेन भट्ट ने लिखा है. फिल्म के स्क्रीनप्ले के बारे में तो अभी कुछ नहीं कहा जा सकता. मगर ट्रेलर में कुछ वन लाइनर्स हैं, जो आपके पेट में बल नहीं डालते. मगर खिलखिलाने पर मजबूर कर देते हैं. उनकी बात किए बिना आगे बढ़ना नाइंसाफी होगी. जैसे-
एक सीन में पंकज कहते हैं-
सरकटा इन्फ्लुएंसर है, अपने फॉलोवर्स बढ़ाना चाहता है.
एक सीन में मेटा रेफरेंस आता है. जहां राजकुमार राव रॉयल कपड़े पहने नज़र आते हैं तो पंकज का किरदार कहता है,
हां, अब लग रहे हो असली राजकुमार.
ऐसे ही सरकटे का हूलिया बताते हुए राजकुमार का किरदार कहता है-
पता है कितना बड़ा है, वो बच्चन के ऊपर आमिर खान लगा लो, वो भी कमर तक ही आएंगे उसके.
मज़ेदार राइटिंग. बहरहाल, इस बार श्रद्धा कपूर का किरदार थोड़ा और ज़रूरी हो जाता है. सरकटे के आतंक से चंदेरी को श्रद्धा का किरदार कैसे बचाएगा, यही फिल्म की कहानी होगी. देखिए कब फिल्म का नायक बदल गया पता ही नहीं चला.
ख़ैर, इस फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ, राजकुमार राव, पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना, अभिषेक बैनर्जी और तमन्ना भाटिया जैसे एक्टर्स नज़र आएंगे. ‘स्त्री 2’ 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है. इसका क्लैश अक्षय कुमार की ‘खेल-खेल में’ और जॉन अब्राहम की ‘वेदा’ से होगा. मगर फिलहाल इन तीनों फिल्मों में ‘स्त्री 2’ का ही पलड़ा भारी लग रहा है.
वीडियो: 'स्त्री-2 में एक बड़ा सरप्राइज है', पंकज त्रिपाठी क्या बता गए?






















