The Lallantop

अब से मीडिया को कोई इंटरव्यू नहीं देंगे शाहरुख खान!

सोशल मीडिया पर एक क्लिप चल रही है, जिसमें न्यूज़ एंकर बता रहे हैं कि शाहरुख ने उनके शो पर आने से इन्कार कर दिया. वजह भी बताई.

Advertisement
post-main-image
गौरी खान की बुक लॉन्च इवेंट के दौरान शाहरुख खान.

Shahrukh Khan अब इंटरव्यू नहीं देंगे! कुछ न्यूज़ रिपोर्ट्स में ऐसा कहा जा रहा है कि ये बात शाहरुख ने खुद बताई है. शाहरुख का कहना है कि अब वो किसी पब्लिक प्लैटफॉर्म या मीडिया के साथ अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात नहीं करेंगे. वो सिर्फ थिएटर्स में अपनी फिल्में रिलीज़ करेंगे. उसी तरीके से वो फैन्स से जुड़ेंगे. उनको एंटरटेन करेंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक क्लिप चल रही है. इसमें एंकर बता रहे हैं कि उन्होंने शाहरुख को कई बार अपने दूसरे शो में आने के लिए बुलावा भेजा. ताकि वो आएं और बातचीत करें. पिछले कुछ समय में वो जिन चीज़ों से गुज़रे, उस पर खुलकर संवाद करें. अपना पक्ष रखें. मगर शाहरुख ने उनके शो में आने से इन्कार कर दिया. उन्होंने अपने जवाब में ये लिखा कि अब वो सार्वजनिक मंचों से और मीडिया के साथ अपने निजी जीवन पर बात नहीं करेंगे.

Advertisement

जो क्लिप सोशल मीडिया पर चल रही है, उसमें एंकर कहते हैं-  

''हम चाहते थे शाहरुख खान को अपने शो 'सीधी बात' में लेकर आएं और शाहरुख खान का इंटरव्यू करें. और आप सब शाहरुख खान के बारे में उन्हीं के मुंह से जान सकें कि वो क्या सोचते हैं, क्या कहते हैं. हमने काफी कोशिश की उनको ‘सीधी बात' में लाने की. शाहरुख खान ने जो जवाब भेजा मुझे, मैं अब आपको बता सकता हूं. शाहरुख खान ने कहा-

'मैं अब सार्वजनिक मंचों पर और मीडिया में इंटरव्यू नहीं देता. और मैं किसी भी जगह पर अपने निजी जीवन के बारे में बात नहीं करना चाहता. और मैं कभी भी मीडिया में या किसी भी सार्वजनिक मंच पर अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात नहीं करूंगा. क्योंकि अगर मैंने की और अगर मुझे वो सब बातें याद आ गईं, तो शायद मैं अपने आपको रोक नहीं पाऊंगा. अपनी भावनाओं पर काबू नहीं कर पाऊंगा. इसलिए मैंने ये सोचा है कि अब मैं कभी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बात ही नहीं करूंगा. और जब भी मैं आऊंगा, फिल्म के बड़े परदे के ज़रिए अपने दर्शकों के लिए आऊंगा. आप मेरा काम देखिए. मैं इस देश के लोगों से अपने काम के ज़रिए संवाद करूंगा. उनको मनोरंजन दूंगा. अच्छी अच्छी फिल्में दूंगा. लेकिन अब मैं कभी भी अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात नहीं करूंगा.'''

शाहरुख खान ने अपनी फिल्म 'ज़ीरो' के बाद से मीडिया इंटरैक्शन बंद कर दिया है. वो गिने-चुने मौकों पर मीडिया के सामने आते हैं. उनकी कमबैक फिल्म 'पठान' रिलीज़ हुई. मगर शाहरुख ने इसे सोशल मीडिया के अलावा कहीं प्रमोट नहीं किया. न ही वो फिल्म की रिलीज़ से पहले जनता या मीडिया के सामने आए. 'पठान' के ब्लॉकबस्टर होने के बाद शाहरुख ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया था. जो बेसिकली दर्शकों को शुक्रिया अदा करने के लिए था.

Advertisement

पूरे आर्यन खान प्रकरण के दौरान शाहरुख खान ने कुछ नहीं कहा. समीर वानखेड़े के खिलाफ हुए केस के बाद आर्यन और शाहरुख फिर से खबरों में हैं. इसलिए मीडिया चाहती है कि शाहरुख इस मामले पर बात करें. अपना पक्ष रखें. मगर शाहरुख खान ने ऐसा करने से इन्कार कर दिया.

पिछले दिनों वो इंटीरियर डिज़ाइनर, लेखिका और अपनी पत्नी गौरी खान की किताब लॉन्च पर पहुंचे थे. यहां से उनकी कई तस्वीरें और वीडियोज़ सोशल मीडिया पर चल रही हैं. गौरी ने My Life In Design नाम की कॉफी टेबल बुक लिखी है. इसे मुंबई के ताज होटल में लॉन्च किया गया.

शाहरुख खान आने वाले दिनों में 'जवान' में दिखाई देने वाले हैं. ये एक्शन थ्रिलर है. इसमें शाहरुख के साथ नयनतारा, विजय सेतुपति, सान्या मल्होत्रा, सुनील ग्रोवर, योगी बाबू और दीपिका पादुकोण जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. इस फिल्म को एटली ने डायरेक्ट किया है. 'जवान' 7 सितंबर को सिनेमाघरों में लगेगी. 

वीडियो: शाहरुख खान की पठान 1971 के बाद बांग्लादेश में रिलीज़ होने वाली पहली हिंदी फिल्म बन गई

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement