शाहरुख ने मीडिया के सवालों का जवाब बिना मीडिया के बीच जाकर दिया है.
Pathaan मुश्किल चीज़ें करता है. मुझे लगता है कि वो शरारती है, टफ है, लेकिन उसे अपने बाज़ुओं पर पहनकर नहीं घूमता. वो भरोसेमंद और ईमानदार इंसान है. वो भारत को अपनी मां मानता है.
Shah Rukh Khan से जब पठान के किरदार पर सवाल किया गया, तो उनका ये जवाब था. उन्होंने आखिर में जो बात कही उसे फिल्म वाले हाइलाइट करना चाहेंगे. देशभक्ति का सेंटीमेंट है और साथ ही टीम बॉयकॉट भी आउट ऑफ सिलेबस सवाल से कन्फ्यूज़ रहेगी. ‘पठान’ बनाने वाली यशराज फिल्म्स ने शाहरुख का एक वीडियो रिलीज़ किया है, जहां वो ‘पठान’ से जुड़े सवालों के जवाब दे रहे हैं. उनसे पूछा गया कि इतने सालों में पहली बार एक्शन कर रहे हो, मज़ा आया कि नहीं. इस पर उनका जवाब था,
32 साल पहले मैं फिल्म इंडस्ट्री में एक एक्शन हीरो ही बनने आया था. लेकिन वो गाड़ी छूट गई क्योंकि इन लोगों ने मुझे रोमांटिक हीरो बना दिया. मुझे DDLJ, राहुल और राज पसंद हैं लेकिन मुझे हमेशा लगता था कि मैं एक एक्शन हीरो हूं. मेरे लिए अब जाकर सपना हकीकत हुआ है.
शाहरुख ने आगे कहा कि अगर एक ऐक्टर के तौर पर आप लोगों को चौंकाना चाहते हैं, तो अपने आप को डायरेक्टर के हवाले कर दीजिए. अपनी फिल्म के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद पर उनका कहना था कि उनसे बेहतर एक्शन फिल्मों की समझ किसी को नहीं. कुछ दिन पहले जॉन अब्राहम का एक वीडियो वायरल हुआ था. उनसे ‘पठान’ पर सवाल किया गया और उन्होंने अगला सवाल पूछने को कहा. खबरें चल रही थीं कि जॉन फिल्म से खुश नहीं. ‘पठान’ से जुड़े सवाल-जवाब वाले वीडियो में जॉन पर भी सवाल किए गए. शाहरुख से पूछा गया कि उनके साथ आपने पहली बार काम किया. कैसा अनुभव था? शाहरुख का कहना था,
मैं जॉन को उन दिनों से जानता हूं, जब मैं मुंबई आया था. वो बहुत शर्मीले और शांत किस्म के इंसान हैं. हमने पहले भी साथ काम करने की कोशिश की है लेकिन तब बात नहीं बनी. वो एक टॉप स्टार हैं. उनकी खुद की फ्रैंचाइज़ी फिल्में चल रही हैं. और फिर उन्होंने ऐसी फिल्म (पठान) में विलेन बनने का फैसला लिया. ये बहुत हिम्मत की बात है. ये दर्शाता है कि आपको खुद में कितना भरोसा है. खासतौर पर हिंदी फिल्मों में, जहां मैं देखता हूं कि हीरो विलेन का रोल नहीं करना चाहते.
शाहरुख ने बताया कि एक्शन के वक्त जॉन बहुत ध्यान से काम करते थे. उन्होंने मुक्के चलाने से पहले शाहरुख से कहा कि आप नैशनल ट्रेज़र हैं, मैं आपको नुकसान नहीं पहुंचा सकता. आगे शाहरुख ने कहा कि उनकी इच्छा है कि जब फिल्म आए तो जॉन के किरदार को सबसे ज़्यादा पसंद किया जाए. शाहरुख के पास जॉन के नाम सिर्फ तारीफ़ें ही थीं. ऐसा ही उन्होंने दीपिका के किरदार को लेकर भी कहा. बताया कि दीपिका एक बैलेंस बनाकर चलती हैं, एक ऐसी लड़की के बीच जो ‘बेशरम रंग’ पर डांस कर सके और फिर मारधाड़ भी कर सके.
करीब चार साल बाद शाहरुख खान की फिल्म आ रही है. फिल्म को प्रमोट करने में भी वो कोई कसर नहीं छोड़ रहे. ट्विटर पर अपने फैन्स से बात करते हैं. बस मीडिया में आकर बातचीत नहीं कर रहे. कुछ लोग इसे समझदार स्ट्रैटेजी भी बता रहे हैं. इससे फिल्म से पहले विवाद होने का रिस्क कम हो जाता है. फिल्म से जुड़े जितने भी पॉज़िटिव किस्म के सवाल हो सकते थे, उन्हें यशराज फिल्म्स ने एक जगह इकट्ठा किया और शाहरुख ने वीडियो में उनके जवाब दे डाले. कंट्रोवर्सी से भी दूर रहे और फैन्स तक भी पहुंच गए.
वीडियो: पठान ट्रेलर, विराट कोहली और पहली गर्लफ्रेंड पर शाहरुख खान ने क्या बताया?