The Lallantop

सतीश कौशिक के लिए उनकी 11 साल की बेटी के लिखे लेटर ने दिग्गज लोगों को रुला दिया

"हैलो पापा, हम 90 साल की उम्र में फिर मिलेंगे. प्लीज़ आप पुनर्जन्म मत लीजिएगा" - वंशिका सतीश कौशिक

Advertisement
post-main-image
अनुपम खेर ने इस लेटर के पीछे की कहानी भी बताई. फोटो - ट्विटर

09 मार्च, 2023 को सतीश कौशिक का निधन हो गया था. कल यानी 13 अप्रैल को उनकी बर्थ एनिवर्सरी थी. इस मौके पर फिल्म इंडस्ट्री में उनके करीबी दोस्तों ने एक छोटा सा इवेंट ऑर्गनाइज़ किया. अनिल कपूर, नीना गुप्ता जैसे कलाकारों ने उन्हें अपने तरीके से याद किया. मगर हाइलाइट रही सतीश कौशिक की बेटी वंशिका. 11 साल की बच्ची ने अपने पिता के नाम एक लेटर पढ़ा. जिसे सुनकर लोग इमोशनल हो गए. अनुपम खेर ने वंशिका का लेटर पढ़ते हुए वीडियो शेयर किया. साथ ही उसके पीछे की कहानी भी बताई. अनुपम ने अपने ट्विटर पर लिखा,

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मेरे दोस्त सतीश कौशिक की मृत्यु पर सतीश की 11 साल की बेटी वंशिका ने एक चिट्ठी बंद लिफाफे मुझे दी. ये कहकर कि प्लीज़ इसे बिना खोले पापा की चिता पर रख देना. जो मैंने किया. पर मैंने उस चिट्ठी की फोटो लेने को भी कहा. कल जब हम सतीश का 67वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे थे, तब कई लोगों ने गाने गाए. सतीश के साथ अपनी खूबसूरत साझेदारी पर बात की. लेकिन जब वंशिका ने अपने पिता के लिए लिखा लेटर पढ़ा तो उसने सबका दिल तोड़ दिया. आपका दिल भी इस लव लेटर को सुनकर टूट जाएगा. 

वंशिका अपने लेटर की शुरुआत करती हैं:

Advertisement

हैलो पापा,

मैं जानती हूं कि अब आप इस दुनिया में नहीं हैं. लेकिन मैं आपको बताना चाहती हूं कि मैं हमेशा आपके लिए मौजूद रहूंगी. आपके बहुत सारे दोस्तों ने मुझे मज़बूत बने रहने के लिए कहा पर मैं आपके बिना नहीं रह सकती. अगर मुझे पता होता कि ऐसा कुछ हो जाएगा तो मैं हफ्तों का स्कूल मिस कर देती. ताकि आपके साथ समय बिता सकूं. काश मैं एक बार आपको गले लगा पाती. 

मुझे नहीं पता कि अब मुझे होमवर्क पूरा न करने पर मम्मा की डांट से कौन बचाएगा. मेरा अब स्कूल जाने का भी मन नहीं करता. प्लीज़ मेरे सपनों में आया कीजिए. हम 90 साल की उम्र में फिर मिलेंगे. प्लीज़ आप पुनर्जन्म मत लीजिएगा. मुझे याद रखिएगा. मैं आपको हमेशा याद रखूंगी. आप हमेशा मेरे दिल में रहेंगे. जब भी मैं अपनी आंखें बंद कर अपने दिल को छूऊंगी मैं हमेशा आपको देखूंगी. आप हमेशा मेरा मार्गदर्शन करते रहेंगे. आपकी आत्मा को शांति मिले. मेरे पास दुनिया के सबसे बेस्ट पापा थे. 

सतीश कौशिक की मेमरी में ऑर्गनाइज़ की गई इस शाम में शबाना आज़मी और जावेद अख्तर भी मौजूद थे. जावेद अख्तर ने बताया कि वो सतीश कौशिक को ध्यान में रखते हुए एक स्क्रिप्ट लिख रहे थे, जिसे बोनी कपूर बनाने वाले थे. ये रोल वो सतीश कौशिक को ही क्यों देना चाहते थे, इसके पीछे की वजह उन्होंने बताई कि उन्हें ऐसा लगता था जैसे सतीश का उन पर कोई कर्ज़ हो. लेकिन सतीश गुज़र गए और वो रोल उन्हें ऑफर नहीं कर पाए.

वीडियो: सतीश कौशिक के कैलेंडर, पप्पू पेजर, शराफत अली, मुथुस्वामी और काशीराम जैसे दमदार रोल्स की कहानी

Advertisement

Advertisement