Salman Khan की Tiger 3 इन दिनों सिनेमाघरों में लगी हुई है. दुनियाभर से पिक्चर ने 450 करोड़ कमा लिए हैं. इसके बावजूद इसे सलमान के मेयार की हिट नहीं माना जा रहा है. इससे पहले सलमान की जो फिल्में रिलीज़ हुईं, वो भी कुछ खास नहीं चली थीं. मसलन, 'किसी का भाई किसी की जान' और 'अंतिम'. हालांकि 'अंतिम' आयुष शर्मा की फिल्म थी. सलमान ने कैमियो किया था. मगर उसे सलमान की फिल्मोग्रफी में ही गिना जाता है. ख़ैर, 'टाइगर 3' की प्रमोशनल प्रेस मीट में उनसे उनकी पिछली फिल्मों की असफलता के बारे में पूछा गया. इस पर सलमान ने कहा कि अगर आप असफल हुए, तो उसमें कहीं न कहीं आपका फॉल्ट है. मगर यही चीज़ आपको डबल मेहनत करके वापसी करने के लिए भी प्रेरित करती है.
'किसी का भाई किसी की जान' और 'अंतिम' के नहीं चलने पर क्या बोले सलमान खान?
Salman Khan ने कहा कि जो उनके लिए लो फेज़ है, वो देश के 99.9 फीसदी लोगों का हाई फेज़ है. उन्होंने ये भी बताया कि उनके चलने के तरीके को एरोगेंट माना जाता है.
.webp?width=360)

सलमान से पूछा गया कि पिछले दिनों उनका लो फेज़ आया था. क्योंकि उनकी पिक्चरें नहीं चलीं. उसे वो कैसे देखते हैं. इस पर सलमान ने कहा-
"मेरा जो लो फेज़ है, वो देश के 99.9 फीसदी लोगों का हाई फेज़ हो सकता है. इसलिए अगर मैं कहूं कि वो मेरे लिए खराब दौर था, तो मेरे फैन्स कहेंगे कि 'ये इसका लो है, तो हमारा क्या है?'. आप अपनी गलती की वजह से असफल होते हैं. आप आत्ममुग्ध नहीं हो सकते. हर साल आपको बीते साल से ज़्यादा मेहनत करनी पड़ती है. क्योंकि आपकी उम्र बढ़ रही है. आप जूनियर और सीनियर के साथ कम्पीट कर रहे हैं. मगर सबसे ज़्यादा ज़रूरी है कि आप खुद के साथ कम्पटीशन करो."
इसी इंटरैक्शन के दौरान सलमान ने स्टारडम के ऊपर भी अपनी राय रखी. उनका कहना है कि वो खुद को सुपरस्टार नहीं समझते. क्योंकि वो इन चीज़ों को नहीं मानते. सलमान ने कहा कि जैसे वो चलते हैं, शायद उसकी वजह से उन्हें सुपरस्टार वगैरह बुलाया जाता है. उन्होंने अपने चलने के तरीके पर कहा कि उसे बहुत एरोगेंट माना जाता है. वो अपनी बातचीत में आगे जोड़ते हैं-
"मैं जैसे रहता हूं, उससे स्टारडम नहीं झलकता. शायद वो मेरे चलने के तरीके में लोगों को दिखता है. मेरी वॉक को एरोगेंट माना जाता है. मगर मैं उसे नहीं बदल सकता. कभी-कभी लोग कहते हैं- 'ये देखो इनकी चाल. पता नहीं अपने आप को क्या समझते हैं?' मगर मैं बचपन से ही वैसे ही चलता आ रहा हूं. अब मैं किसी और की तरह चलने लगूं, तो वो मुझ पर सूट नहीं करेगा. मुझे नहीं लगता कि मैंने ऐसा कुछ किया है, जिसके लिए सुपरस्टारडम का सारा क्रेडिट मुझे दिया जाना चाहिए. इसका क्रेडिट सबको जाता है. हमारे DOPs से लेकर डायरेक्टर और स्क्रिप्ट राइटर को, जिन्होंने एक बांद्रा के एक साधारण लड़के को स्क्रीन पर हीरो जैसा दिखने में मदद मदद की. इसलिए मैं पूरा क्रेडिट नहीं ले सकता."
सलमान खान की हालिया रिलीज़ 'टाइगर 3' ने दुनियाभर से 450 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई कर ली है. वहीं फिल्म ने 17 दिनों में देशभर से 275 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है. आने वाले दिनों में सलमान खान, करण जौहर के प्रोडक्शन में बनने वाली फिल्म 'द बुल' में नज़र आएंगे. इस फिल्म को 'शेरशाह' फेम विष्णु वर्धन डायरेक्ट कर रहे हैं. ये फिल्म ईद 2025 पर रिलीज़ हो सकती है.





















