Salman Khan ने अपने लंबे फिल्मी करियर में एक्टिंग के अलावा प्रोडक्शन, सिंगिंग और फिल्म राइटिंग भी की है. लेकिन कई सालों से वो अपने स्क्रिप्ट सिलेक्शन को लेकर लगातार ट्रोल हो रहे हैं. पिछले दिनों इंटरनेट पर उनका एक बयान वायरल हुआ. उसमें वो ये एक्सेप्ट करते दिखे कि उन्होंने अपने पूरे करियर में कभी कोई स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी. इस बात के लिए उन्हें दोबारा ट्रोल किया जा रहा है.
मैंने ज़िंदगी में कभी किसी भी फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी - सलमान खान
इंटरनेट पर सलमान का आधा-अधूरा बयान वायरल हो गया, जिसपर उन्हें काफी ट्रोल किया जा रहा है.


हुआ ये कि वैरायटी इंडिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर सलमान से जुड़ी एक क्लिप शेयर की. उसमें वो ये कहते दिखे कि उन्होंने जीवन में कोई फिल्म स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी, केवल उन्हें लिखा है. सलमान ने लंबे समय से कोई बड़ी हिट नहीं दी है. ऊपर से 'किसी का भाई, किसी का जान', 'सिकंदर' और 'राधे' जैसी फिल्मों ने उनका ट्रैक रिकॉर्ड और खराब कर दिया है. इसलिए उनके इस बयान ने उन्हें दोबारा लोगों के निशाने पर ला दिया. इंटरनेट पर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा. उन पर तरह-तरह के मीम्स बनने लगे. किसी ने कहा कि उनमें पहले जैसी डेडिकेशन नहीं रही. मगर मसला ये है कि इंटरनेट पर उनका पूरा नहीं, आधा-अधूरा बयान वायरल हो रहा है.
सलमान का पूरा बयान इससे थोड़ा अलग है. वो कहते हैं,
"मैंने आज तक कभी कोई स्क्रिप्ट नहीं पढ़ीं. मैंने उन्हें लिखा है मगर पढ़ा नहीं. मैं स्क्रिप्ट सुनना पसंद करता हूं. मैं प्रिफ़र करता हूं कि राइटर या डायरेक्टर मुझे खुद कहानी सुनाएं. ऐसा इसलिए ताकि मैं समझ सकूं कि वो कैसी फिल्म बनाना चाहते हैं और उनका विजन क्या है. अगर मैं खुद स्क्रिप्ट पढ़ लूं, तो मेरे दिमाग में फिल्म को लेकर अपनी अलग सोच बनने लगती है, जो डायरेक्टर या लेखक के विजन से अलग हो सकती है.”
सलमान ने 'बागी' (1990), 'वीर' और 'दबंग 3' जैसी फिल्मों की कहानी लिखी है. जहां तक स्क्रिप्ट पढ़ने की बात है, सलमान-शाहरुख जैसे एक्टर्स के पास रोज कई कहानियां आती हैं. ऐसे में उनके लिए 200-300 पन्नों की स्क्रिप्ट पढ़ना मुश्किल तो है. ऐसा बहुत से सुपरस्टार्स के साथ होता है. यही कारण है कि वो उन्हें पढ़ने की जगह डायरेक्टर्स और राइटर्स से फिल्म की कहानी सुनना पसंद करते हैं. लेकिन इस तरह के प्रोसेस में लोग जो कहानी सुनाते हैं और जो स्क्रिप्ट में होती है, उनमें अक्सर जमीन-आसमान का अंतर आ जाता है.
'सिकंदर' के केस में भी ऐसा ही हुआ था. तब रश्मिका मंदन्ना ने आरोप लगाया था कि उन्हें जो कहानी सुनाई गई और जो फिल्म में थी, दोनों में बहुत अंतर था. समय-समय पर ऐसे और भी मामले आते रहे हैं. हालांकि पिछले कुछ समय में सलमान के अप्रोच में काफी फर्क आया है. वामसी पैडिपली ने उन्हें SVC63 की कहानी बहुत पहले ही सुनाई थी. मगर उन्होंने उसे तब तक फाइनल नहीं किया, जब तक उनके पास बाउंड स्क्रिप्ट नहीं आ गई. ऐसा ही राज एंड डीके की सुपरहीरो मूवी के साथ भी हुआ है. सलमान को उनका कॉन्सेप्ट बहुत पसंद आया. मगर उन्होंने अब तक उस फिल्म को केवल इसलिए अनाउंस नहीं किया क्योंकि उसकी स्क्रिप्टिंग फाइनल स्टेज पर है. एक बार उसकी कहानी पूरी तरह लॉक हो जाए, तो वो फिल्म भी अनाउंस कर दी जाएगी.
वीडियो: SVC63 के लिए सलमान ने किया तगड़ा फिज़िकल ट्रांसफॉर्मेशन


















