The Lallantop

'एनिमल': रणबीर कपूर की सबसे ज़्यादा खून-खराबे वाली फिल्म, जिस पर पक्का बवाल होगा!

फिल्म के डायरेक्टर ने कहा था - 'मैं क्रिटिक्स को दिखाना चाहता हूं कि वायलेंट फिल्म होती कैसी है'.

Advertisement
post-main-image
रणबीर ने 'एनिमल' को लेकर कहा था कि ये उनके कम्फर्ट ज़ोन से बाहर की कहानी है.

Ranbir Kapoor की फिल्म Animal का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज़ हो चुका है. पोस्टर में रणबीर ने सफेद शर्ट पहनी हुई है, जो पूरी तरह खून में सनी है. लंबे बाल, घनी दाढ़ी और अपनी बगल में एक कुल्हाड़ी दबा रखी है. कुल्हाड़ी पर जमे खून के गाढ़े धब्बे भी साफ नज़र आ रहे हैं. देखकर लग रहा है कि रणबीर ने इस किरदार के लिए वज़न भी बढ़ाया है. 31 दिसम्बर, 2022 की रात ‘एनिमल’ का पोस्टर आया, और उसके बाद से सोशल मीडिया पर जबर वायरल है. पोस्टर पर बात हो गई, अब फिल्म के बारे में बताते हैं. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

#1. ‘एनिमल’ को संदीप रेड्डी वांगा बना रहे हैं. वो इससे पहले ‘अर्जुन रेड्डी’ और ‘कबीर सिंह’ जैसी फिल्में भी बना चुके हैं. उनकी पिछली दोनों फिल्मों को लेकर बहुत हंगामा हुआ था. हालांकि संदीप का दावा है कि ‘एनिमल’ को लेकर पहले से ज़्यादा विवाद होगा. 2019 में उन्होंने फिल्म कम्पैनियन को इंटरव्यू दिया था. जहां अनुपमा चोपड़ा ने कहा कि काश आपकी आने वाली फिल्म की इतनी आलोचना न हो, जितनी पिछली दोनों फिल्मों की हुई. इस पर संदीप का जवाब था,

Advertisement

उसकी बहुत आलोचना होगी, बहुत ज़्यादा आलोचना होगी. क्योंकि ये लोग (क्रिटिक्स) इसे (कबीर सिंह) वायलेंट फिल्म बता रहे हैं, मैं उन्हें दिखाना चाहता हूं कि वायलेंट फिल्म होती कैसी है. 

संदीप का कहना है कि वो ‘एनिमल’ में हिंसा, खून-खराबे के स्तर को बहुत ऊपर ले जाएंगे. फिल्म के पोस्टर से भी ऐसा ही लग रहा है. 

#2. 2007 में आई ‘सावरिया’ से अपना फिल्मी करियर शुरू करने के बाद रणबीर कपूर के ज़्यादातर किरदार स्वीट, चॉकलेटी किस्म के रहे. उन्होंने ‘बॉम्बे वैल्वेट’ और ‘शमशेरा’ के ज़रिए एक्शन ट्राइ किया, लेकिन वो कोशिश कामयाब नहीं साबित हुई. ‘एनिमल’ उनके लिए एकदम अलग फिल्म है. इतना डार्क और वायलेंट किरदार उन्होंने अब तक नहीं निभाया. इसी वजह से वो इस किरदार को लेकर डरे हुए भी थे. उन्होंने पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में कहा था,

Advertisement

इस फिल्म की कहानी मेरे कम्फर्ट ज़ोन से बहुत बाहर है. इसी वजह से मैं डरा हुआ भी था और उत्सुक भी.  

#3. फिल्म में रणबीर कपूर के साथ अनिल कपूर, बॉबी देओल, रश्मिका मंदाना और तृप्ति डिमरी जैसे एक्टर्स नज़र आएंगे. पहले परिणीति चोपड़ा कास्ट का हिस्सा थीं. लेकिन उन्हें फिर ये फिल्म छोड़नी पड़ी. उनकी जगह रश्मिका को लाया गया. रश्मिका की आने वाली फिल्मों में थलपति विजय की ‘वारिसु’ और अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ शामिल हैं. साउथ में उनकी अच्छी खासी पॉपुलैरिटी का फायदा ‘एनिमल’ को भी मिलेगा. और फिर इसे संदीप रेड्डी वांगा बना रहे हैं, जिनकी पहली फिल्म ही तेलुगु ब्लॉकबस्टर थी. 

animal movie ranbir kapoor
‘एनिमल’ के सेट से लीक हुई फोटो.   

#4. ‘एनिमल’ को एक गैंगस्टर ड्रामा बताया जा रहा है. कहानी को लेकर ज़्यादा कुछ बाहर नहीं आया. हालांकि 01 जनवरी, 2021 को फिल्म का अनाउंसमेंट वीडियो रिलीज किया गया था. जहां रणबीर के कैरेक्टर का वॉयस ओवर सुनाई देता है. ये किरदार अपने पिता से बात कर रहा होता है. जितनी भी बात वो कहता है, उससे ये साफ है कि कहानी में पिता और बेटे के बीच का तनाव एक बड़ा पक्ष होगा. संदीप के पहले रचे किरदार अर्जुन और कबीर के भी अपने पिता से रिश्ते अच्छे नहीं थे. शायद इस बार संदीप इसी चीज़ को और एक्स्ट्रीम पर ले जाने की कोशिश करें. 

#5. ‘एनिमल’ एक पैन इंडिया फिल्म होने वाली है, जिसे हिंदी के साथ–साथ तेलुगु, तमिल और कन्नड़ में भी रिलीज़ किया जाएगा. फिल्म 11 अगस्त, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. ‘एनिमल’ विवेक अग्निहोत्री की अगली फिल्म ‘द वैक्सीन वॉर’ के साथ भिड़ेगी, जिसकी रिलीज़ डेट 15 अगस्त, 2023 तय की गई है.             

वीडियो: रणबीर कपूर ने 'द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट' की सफलता पर पाकिस्तानी इंडस्ट्री को बधाई दी है

Advertisement