Ramayana में Ravana के किरदार और 10 सिरों वाले प्रसंग के बारे में Yash ने CinemaCon 2026 में क्या कहा? क्या Prakash Raj के खिलाफ़ केस फाइल हुआ है? क्या Tom Cruise Top Gun 3 में वापसी कर रहे हैं? सिनेमा स जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
"रामायण में रावण के 10 सिरों वाला पहलू हम ऐसे दिखाएंगे जैसे किसी ने नहीं दिखाया"
यश ने अमेरिका में कहा- "रामायण है तो भारत की कहानी, मगर इसे पूरी दुनिया देखेगी"


# "रावण के 10 सिर वाला पहलू रामायण की हाईलाइट होगा"
यश और नमित मल्होत्रा 'रामायण' के लिए अमेरिका में सिनेमाकॉन 2026 में पहुंचे. मीडिया ने उनसे 'रामायण' के हर पहलू पर बात की. LRM ऑनलाइन ने उनसे रावण के 10 सिर वाले पहलू पर बात की. और पूछा कि ये 'रामायण' में कैसे दिखाया जाएगा? जवाब में यश ने कहा,
"फिल्म में हम इसे बहुत ही दिलचस्प तरीके से दिखाने वाले हैं. मैं अभी इसका खुलासा नहीं करना चाहता. मगर ये ज़रूर बता दूं, कि जब आप रामायण देखेंगे, तो फिल्म का सबसे रोमांचक हिस्सा आपको यही 10 सिरों वाला इंटरप्रेटेशन लगेगा. ये रावण की क्षमताओं और उसने जो कुछ भी किया, उसके बारे में भी है. रावण कई चीज़ों में माहिर था. वो जो भी करता था, परफेक्शन से करता था. इसलिए ये भी एक तरीका है ये बताने का कि उसके दस सिर थे. मानो एक ही व्यक्ति के दस व्यक्तित्व हों.."
एक और पब्लिकेशन से चर्चा में यश ने 'रामायण' की प्रासंगिकता के बारे में बात की. उन्होंने कहा,
"रामायण भारत की कहानी ज़रूर है. मगर ये सबके लिए है. मैं वादा करता हूं कि दुनिया भर के लोग रामायण से रिलेट करेंगे. ये बहुत इमोशनल, गहरी कहानी है जिसे हम टॉप नॉच क्वालिटी के विज़ुअल्स के साथ कहेंगे. दुनिया के बेस्ट टेक्नीशियंस इसे बना रहे हैं. इसका असर दुनिया-जहां के लोगों पर बराबरी से होगा."
# 'टॉप गन 3' पर का शुरू, टॉम क्रूज़ करेंगे वापसी
आइकॉनिक फ्रैंचाइज़ 'टॉप गन' की तीसरी फिल्म बनने जा रही है. पैरामाउंट पिक्चर्स ने लास वेगस में हुए सिनेमाकॉन में ये अनाउंसमेंट किया कि 'टॉप गन 3' बन रही है. फिल्म पर काम शुरू हो चुका है. और पीट मैवरिक के रोल में टॉम क्रूज वापसी कर रहे हैं.
# 21 जनवरी 2027 को रिलीज़ होगी 'लव एंड वॉर'
रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल स्टारर 'लव एंड वॉर' की रिलीज़ डेट आ गई है. डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने सोशल मीडिया पर अनाउंस किया कि उनकी फिल्म 21 जनवरी 2027 को रिलीज़ होगी. हम बता दें, कि ऋषभ शेट्टी की 'दी प्राइड ऑफ भारत- छत्रपति शिवाजी महाराज' भी रिपब्लिक डे वीकेंड पर ही आने वाली है.
# 'रामायण' के अपमान के लिए प्रकाश राज पर क्रिमिनल केस
प्रकाश राज एक बार फिर विवादों में आ गए हैं. केरला लिटरेचर फेस्टिवल में उन्होंने रामायण और भगवान राम के बारे में अपनी परिकल्पना सुनाई. उन्होंने राम-लक्ष्मण को नॉर्थ इंडिया से साउथ पहुंचे प्रवासी मज़दूर बताया. और कहा, "राम-लक्ष्मण ने रावण के बगीचे से फल चुराए थे. तभी वहां रावण और शूर्पनखा पहुंच गए. राम बोले कि हमने फ्रूट्स खाए हैं, तो हम पैसे भी देंगे. शूर्पनखा ने सब कैलकुलेट किया और कहा- 2000 रुपये, विद GST.' राम-लक्ष्मण ने कहा कि हमारे पास पैसे नहीं हैं. तो रावण ने उन्हें डिस्काउंट दिया. मगर उनके पास उतने पैसे नहीं थे. रावण ने कहा- अब जब तुमने फल खा लिए, तो उसके बीज प्लांट करो, पेड़ बनाओ और उसके बाद वापस जाओ." यही नहीं, प्रकाश राज ने बीफ़ खाने पर भी विवादित बयान दिया. कहा, "किसी बैंक का मैनेजर बन कर हमें बीफ खाने से मत रोको. हम बीफ फेस्टिवल भी करेंगे." उनका ये वीडियो इंटरनेट पर वायरल है. लोग उनकी जमकर आलोचना कर रहे हैं. और ट्रैक टॉलीवुड के मुताबिक इस मामले में उनके खिलाफ़ क्रिमिनल केस भी दर्ज किया गया है.
# विजय माल्या से इंस्पायर्ड रोल करेंगे अर्जुन रामपाल
अर्जुन रामपाल जल्द ही एक सीरीज़ में नज़र आने वाले हैं. टाइटल है 'बिलियनेयर'. एमेज़ॉन प्राइम वीडियो के इस शो में अर्जुन एक बिज़नेस टायकून का किरदार निभाएंगे. मिड-डे के मुताबिक ये विजय माल्या से इंस्पायर्ड कैरेक्टर होगा. सीरीज़ में उसके ऊंचाइयों को छूने से लेकर डाउनफॉल तक की कहानी दिखाई जाएगी. इसकी शूटिंग अगस्त में शुरू होगी. इसे हंसल मेहता और रॉबी ग्रेवाल डायरेक्ट करेंगे.
# रीमा कागती की फिल्म करेंगे कार्तिक आर्यन?
कार्तिक आर्यन जल्द ही 'तलाश' और 'दहाड़' फेम रीमा कागती की फिल्म में नज़र आ सकते हैं. वैरायटी इंडिया के मुताबिक कार्तिक ऐसी फिल्म करना चाहते हैं, जो उनकी मौजूदा स्क्रीन इमेज को बदले. और उन्हें वर्सटाइल दिखाए. अभी बातचीत का दौर चल रहा है. ये प्रोजेक्ट नम: पिक्चर्स बना रही है.
वीडियो: 'रामायण' ने सिनेमाकॉन में मचाया धमाल, अमेरिकन ऑडियंस भी हुई इम्प्रेस



















