The Lallantop

"मैं 'रामायण' के लिए दशरथ का ऑडिशन देने गया था, नितेश तिवारी ने मना कर दिया"

एक्टर अजिंक्य देओ ने रामायण और नितेश तिवारी के बारे में ये क्या बोल दिया!

Advertisement
post-main-image
नितेश तिवारी की 'रामायण' में ऋषि विश्वामित्र का पात्र मराठी एक्टर अजिंक्य देओ कर रहे हैं.

Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana और Nitesh Tiwari के बारे में Ajinkya Deo ने क्या कहा?Manoj Bajpayee और Jaideep Ahlawat स्टारर The Family Man 3 देख कर पब्लिक क्या बोल रही है? YRF Spy Universe की अगली फिल्म Alpha से Aishwarya Thackrey का क्या कनेक्शन है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

# "इस स्केल की रामायण नितेश तिवारी ही बना सकते हैं'

नितेश तिवारी की 'रामायण' में ऋषि विश्वामित्र का पात्र मराठी एक्टर अजिंक्य देओ कर रहे हैं. वरिंदर चावला के पॉडकास्ट में उन्होंने अपनी कास्टिंग, रणबीर और नितेश तिवारी के बारे में बात की. अजिंक्य ने बताया कि उन्हें दशरथ के लिए रोल के लिए बुलाया गया था. ऑडिशन भी हो गया था. इस बारे में अजिंक्य ने कहा, "दशरथ के ऑडिशन के बाद कास्टिंग डायरेक्टर ने कहा, सर दशरथ तो नहीं, नितेश तिवारी आपको विश्वामित्र के किरदार में लेना चाहते हैं. मेरा लुक टेस्ट हुआ. कास्टिंग भी हो गई. शूट के समय एक सीन में मेरा उच्चारण वैसा नहीं आ पा रहा था जैसा वो चाह रहे थे. रीटेक पर रीटेक हो रहे थे. मेरी एंग्जायटी बढ़ती जा रही थी. तीन रीटेक तक तो वो मेरे पास आए, और बदलाव बताए. चौथे रीटेक के लिए वो लाइट टीम के पास गए. बोले 'अजिंक्य आप परफेक्ट थे. लाइट में कुछ चेंजेस हैं'. मेरा कॉन्फिडेंस बढ़ाने आए थे वो. और चौथे टेक में शॉट ओके हो गया. नितेश तिवारी ब्रिलियंट हैं. इस स्केल की रामायण  नितेश तिवारी ही डायरेक्ट कर सकते हैं."

Advertisement

# 'नाइट ऑफ द सेवन किंगडम्स 2' अनाउंस हुआ

पॉपुलर टीवी सीरीज़ 'गेम ऑफ थ्रोन्स' की प्रीक्वल सीरीज़ बनी है. टाइटल है 'अ नाइट ऑफ द सेवन किंगडम्स'. ये 18 जनवरी को HBO मैक्स पर प्रीमियर होगी. मेकर्स ने इसका सेकेंड सीज़न भी अनाउंस कर दिया है. वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार ये 2027 में रिलीज़ होगी. दूसरा सीज़न भी ऑवेन हैरिस और सारा एडिना स्मिथ के ही डायरेक्शन में बनेगा.

# सनी-अक्षय की एक्शन फिल्म 'इक्का' का शूट शुरू

Advertisement

सनी देओल और अक्षय खन्ना को नेटफ्लिक्स की एक्शन थ्रिलर 'इक्का' में कास्ट किया गया है. 21 नवंबर को मुंबई में इसकी शूटिंग शुरू हुई थी. अक्षय फिल्म में विलन का रोल कर रहे हैं. सनी और अक्षय के बीच इंटेंस एक्शन सीक्वेंस रखे गए हैं. फीमेल लीड के तौर पर संजीदा शेख को कास्ट किया गया है. इसे 'वी आर फैमिली' और 'महाराज' वाले सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा डायरेक्ट कर रहे हैं.

# 20 फरवरी को आएगी सिद्धांत-मृणाल की फिल्म

ज़ी स्टूडियोज़ और भंसाली प्रोडक्शंस मिलकर एक रोमैंटिक फिल्म बना रहे हैं. टाइटल है 'दो दीवाने सहर में'. सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर इसमें लीड रोल में हैं. मेकर्स ने 21 नवंबर को इसका टीज़र रिलीज़ किया. ये ओल्ड स्कूल रोमैंटिक फिल्म है. इसे रवि उद्यावर डायरेक्ट कर रहे हैं.

# 'दी फैमिली मैन 3' देखकर लोग क्या बोले?

मनोज बाजपेयी स्टारर 'दी फैमिली मैन सीज़न 3' 20 नवंबर रात 12 बजे प्रीमियर हुई. सीरीज़ की रीकॉल वैल्यू तो अपनी जगह है ही, मगर जयदीप अहलावत का इससे जुड़ना भी फैन्स के उत्साह की बड़ी वजह है. शो प्रीमियर होने के कुछ वक्त बाद ही सोशल मीडिया पर पब्लिक रिएक्शंस आने लगे. कुछ लोगों को सीरीज़ मज़ेदार लगी. कुछ इसे पिछले सीज़ंस से कमज़ोर बता रहे हैं. मगर एक बात पर ज्यादातर दर्शक एकमत हैं, कि सीरीज़ अचानक से ख़त्म हो जाती है. और ये बात उन्हें खटक रही है. इस बारे में एक यूज़र ने रेडिट पर लिखा,

"मैं कोई स्क्रीन राइटर नहीं हूं. मगर इतना तो समझ पाया हूं कि इस सीज़न को क्लिफहैंगर पर ख़त्म किया है, क्योंकि बस उनका मन था ऐसा करने का. इसका कोई लॉजिक नहीं दिखा. सीज़न वन में भी ऐसा हुआ था, मगर बहुत सारी गुत्थियां सुलझ गई थीं. इस सीज़न में ऐसी एंडिंग गै़र ज़रूरी लगी. ऐसा लग रहा है जैसे एक एपिसोड और शूट हुआ था. मगर किसी इंटर्न ने गलती से वो एपिसोड डिलीट कर दिया."

टॉल कैलिग्राफर नाम के अकाउंट से रेडिट पर लिखा गया,

"ट्रेलर का सबसे मजेदार डायलॉग सीरीज़ में ही नहीं है. जेके के स्वंयवर वाला डायलॉग. एंड तक उसका वेट किया. जैसे-जैसे सीरीज़ आगे बढ़ी, कहानी कमज़ोर होती गई. डिसअपॉइंटिंग."

X पर सेवेज सियाराम नाम के हैंडल से लिखा गया,

"फैमिली मैन सीज़न 3 देखने काबिल है, और इसका ज्यादा श्रेय जयदीप अहलावत को जाता है. उनका रोल मनोज बाजपेयी से बेहतर है. इस बार मनोज के कैरेक्टर को ज्यादा स्क्रीनटाइम नहीं मिला."

# 'अल्फ़ा' का म्यूजिक ऐश्वर्य ठाकरे बना रहे हैं

YRF स्पाय यूनिवर्स की फिल्म 'अल्फ़ा' में 'निशानची' फेम एक्टर ऐश्वर्य ठाकरे भी इम्पॉर्टेंट रोल में हैं. दरअसल वो 'अल्फ़ा' का म्यूजिक कम्पोज़ कर रहे हैं. हम याद दिला दें कि ऐश्वर्य ठाकरे YRF की अहान पांडे वाली रोमैंटिक एक्शन फिल्म भी कर रहे हैं. इसमें वो नेगेटिव रोल करेंगे.

वीडियो: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ बनेगी हॉलीवुड स्केल पर, गॉडजिला-वेनम VFX आर्टिस्ट और ओपनहाइमर प्रोड्यूसर जुड़े

Advertisement