पिछले कुछ दिनों से फिल्ममेकर Ram Gopal Varma अपने नए ऑफिस की वजह से खबरों में हैं. उन्होंने हैदराबाद में एक नया जंगल थीम वाला दफ्तर बनवाया है. उसे वो RGV Den बुलाते हैं. तमाम सिनेमा पोर्टल्स उसको कवर करने के लिए रामू का इंटरव्यू वगैरह ले रहे हैं. ऐसे ही एक इंटरव्यू में राम गोपाल वर्मा ने Shahrukh Khan की Pathaan के बारे में बात की है. रामू ने कहा, एक धारणा बन गई थी कि हिंदी फिल्में नहीं चल रही हैं. नॉर्थ वाली ऑडियंस भी साउथ की फिल्मों को ज़्यादा पसंद कर रही है. 'पठान' ने उस मिथक को तोड़ दिया.
"शाहरुख खान की 'पठान' ने साउथ की फिल्मों की लहर रोक दी"
इस साल अब तक कोई भी साउथ इंडियन फिल्म हिंदी भाषी इलाकों में नहीं चली है. राम गोपाल वर्मा ने इस पर बड़ी करारी बात बोल दी है.


बॉलीवुड हंगामा ने भी RGV डेन में रामू का इंटरव्यू किया. 'लाल सिंह चड्ढा' के पिटने के बाद रामू ने कई इंटरव्यूज़ में हिंदी और साउथ की फिल्मों की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस पर बात की थी. इस इंटरव्यू में उनसे इस बाबत सवाल पूछा गया. इस पर रामू ने कहा कि लोगों को ऐसा लगने लगा था कि अब एक हिंदी डायरेक्टर, हिंदी एक्टर के साथ हिट फिल्म नहीं बना सकता. मगर 'पठान' ने वो भ्रम दूर कर दिया है. रामू ने कहा-
"एक चीज़ जो 'पठान' ने की, वो ये कि उसने साउथ वाली लहर पर ब्रेक लगा दिया. ऐक ऐसा परसेप्शन बन गया था कि साउथ की फिल्मों की स्वीकार्यता देशभर में बढ़ गई है. इसलिए अब बॉलीवुड फिल्में नहीं चलने वाली. ये तब की बात है, जब 'कांतारा', RRR और KGF 2 ने टिकट खिड़की पर कमाल किया था. 'पठान' ने उस मिथ पर रोक लगा दी. क्योंकि एक हिंदी फिल्म स्टार, हिंदी डायरेक्टर और हिंदी प्रोड्यूसर ने ब्लॉकबस्टर फिल्म दी."
रामू को इंटरव्यू के दौरान याद दिलाया गया इस साल एक भी साउथ इंडियन फिल्म, हिंदी भाषी क्षेत्रों में सफल नहीं हो पाई है. इस पर राम गोपाल वर्मा ने कहा-
"अंतत: वो फिल्म ही है, जो काम करती है. ये साउथ या नॉर्थ के बारे में नहीं है. हमारी आदत है कि हम चीज़ों पर एक लेबल चिपका देते हैं. राजामौली, गुजरात या ओडिशा में पैदा हुए होते, तब भी वो सेम फिल्में बनाते."
रामू ने लंबे समय से कोई हिंदी फिल्म नहीं बनाई है. इस बारे में पूछे जाने पर रामू ने अपनी आने वाली फिल्मों के बारे में बताया. उन्होंने कहा-
“मैं हैदराबाद में बहुत सारे कामों में व्यस्त हो गया था. फिलहाल मैं एक पॉलिटिकल थ्रिलर बना रहा हूं. हालांकि बातचीत चल रही है. मैं अगले कुछ महीनों में एक हिंदी फिल्म भी बनाऊंगा.”
राम गोपाल वर्मा की आखिरी फिल्म थी ‘लड़की’, जो 2022 में रिलीज़ हुई थी. ये तेलुगु भाषा में बनी पॉलिटिकल थ्रिलर थी. वहीं उनकी आखिरी हिंदी फिल्म 2021 में आई थी. इस फिल्म का नाम था 12 'O' Clock.
वीडियो: गेस्ट इन दी न्यूजरूम: साउथ मूवीज क्यों बॉलीवुड पर भारी, राम गोपाल वर्मा ने गेस्ट इन दी न्यूजरूम में क्या बताया?



















