1) 7 सितंबर को फिल्म 'पेट्टा' का पहला मोशन पोस्टर रिलीज़ किया गया था. यानी पोस्टर वाला छोटा सा वीडियो. इस वीडियो में एक बड़ा सा दरवाज़ा दिखता है. पीछे एकदम फिल्म की फील वाला बैकग्राउंड स्कोर बज रहा होता है, जो आप पूरा सुनना चाहते हैं. इसके बाद ये दरवाज़ा खुलता है और रजनीकांत चर्च में घुसते दिखाई पड़ते हैं. अपनी चिर-परिचित स्माइल के साथ. ऐसा लगता है जैसे वहां कोई फाइट चल रही है क्योंकि पूरे चर्च में कागज़-कलम हवा में तैरते दिखते हैं. इन सबको चीरता हुआ एक चाकू रजनी की ओर बढ़ता है, जिसे वो मोमबत्ती खोसने वाले स्टैंड से खुद से दूर करते हैं. किस अंदाज़ में करते हैं ये आप खुद देख लीजिए:
2) अब उसका टीज़र आया है और इसकी शुरुआत भी कुछ वैसे ही होती है. रजनी आगे-आगे चलते हैं कैमरा उनके पीछे-पीछे. फिर वो एक ऐसी गली में पहुंचते हैं, जहां मार-कुटाई चल रही होती है. वो अपना हाथ ऊपर करते हैं और सब कुछ रूक जाता है. ये टीज़र एक पार्टी जैसा लग रहा है, जो रजनीकांत ने अपने फैंस को अपने बर्थ डे के मौके पर दी है. इस वीडियो में भी वो लोगों को खाना खिलाते नज़र आ रहे हैं. फिल्म में भरपूर एक्शन होने वाला है इसे छोड़कर इस टीज़र से आप कुछ गेस नहीं कर सकते. टीज़र देखने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें:
3) जैसा कि फिल्म का नाम सजेस्ट कर रहा है, ये एक एक्शन-ड्रामा फिल्म लग रही है. जिसमें रजनीकांत एक गैंगस्टर के रोल में दिखाई देंगे. 'पेट्टा' को 2017 में आई हॉलीवुड फिल्म 'दी हिटमैन्स बॉडीगार्ड' पर बेस्ड बताया जा रहा है. ये एक हिटमैन (वो आदमी, जो पेशेवर तौर पर पैसे के लिए लोगों को जान से मार देता है) के बॉडीगार्ड की कहानी थी, जिसे हिटमैन की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी. क्योंकि उस हिटमैन को इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट में पेश किया जाना था.

'दी हिटमैंस बॉडीगार्ड' में रायन रेनॉल्ड्स और सैमुअल.एल.जैक्सन ने मुख्य किरदार निभाए थे. रायन को हम 'डेडपूल' और सैमुअल को मार्वल की फिल्मों में 'निक फ्यूरी' के किरदार में देख चुके हैं.
4) रजनीकांत ने अपनी पिछली फिल्मों 'कबाली' और 'काला' में भी गुंडे का ही रोल किया था, लेकिन उसमें उनके किरदार की उम्र भी रजनीकांत जितनी ही थी. 'पेट्टा' में वो एक अधेड़ उम्र (अपनी असल उम्र से कम) के गुंडे के रोल में दिखेंगे. उनकी पिछली तीन फिल्में ('कबाली', 'काला' और '2.0') किसी जरूरी मुद्दे के आसपास बुनी गई थी लेकिन इस बार वो फुलऑन एंटरटेनमेंट वाले मिजाज़ में लौट रहे हैं. इस फिल्म को एक्शन-थ्रिलर-कॉमेडी का मिक्सचर बताया जा रहा है.

रजनीकांत इस फिल्म में काली नाम के एक गैंगस्टर का रोल करने जा रहे हैं.
4) फिल्म की स्टारकास्ट बहुत जाबड़ है. इस फिल्म में रजनीकांत के साथ नवाजुद्दीन सिद्दीकी, विजय सेतुपथी, सिमरन, मालविका मोहनन, तृषा कृष्णन, बॉबी सिम्हा और सनथ रेड्डी जैसे एक्टर्स भी दिखाई देंगे. कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म में नवाज रजनीकांत के अपोज़िट मेन विलेन के रोल में कास्ट किए गए हैं. फिल्म में विजय सेतुपथी के किरदार के भी नेगेटिव होने की खबरें हैं. ऐसे में किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले हमें मेकर्स द्वारा इस बात की पुष्टि का इंतज़ार कर लेना चाहिए.

'पेट्टा' में नवाजुद्दीन सिद्दीकी इस लुक में दिखाई देंगे और उनके किरदार का नाम होगा सिंगार सिंह.
5) इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं कार्तिक सुब्बाराज. 'पेट्टा' कार्तिक की छठी फिल्म है. इससे पहले वो 'पिज़्जा' (2012), 'जिगरठंडा' (2014), 'इरावी' (2016) और इसी साल रिलीज़ हुई 'मरक्यूरी' जैसी फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं. उनकी फिल्म 'जिगरठंडा' को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर (बॉबी सिम्हा) और बेस्ट एडिटिंग (विवेक हर्शन) के लिए दो नेशनल अवॉर्ड्स से नवाज़ा गया था. इसके अलावा वो 'कलारिचिप्पू' नाम की एक वेब सीरीज़ और कई शॉर्ट फिल्में भी डायरेक्ट कर चुके हैं.

फिल्म 'मरक्यूरी' के एक सीन में प्रभुदेवा और अपनी आने वाली फिल्म 'पेट्टा' के डायरेक्टर कार्तिक के साथ सुपरस्टार रजनी.
6) 'पेट्टा' की शूटिंग जून 2018 में शुरू हुई थी. इसे देहरादून, दार्जिलिंग और चेन्नई जैसी लोकेशंस पर शूट किया गया. चेन्नई वाले शेड्यूल से जुड़ा इंट्रेस्टिंग वाकया ये है कि इसके लिए म्यूज़िक डायरेक्टर ए.आर. रहमान की जमीन पर सौ एकड़ में मदुरई शहर का सेट बनाया गया है. यहां शूटिंग पूरी करने के बाद ये टीम लखनऊ में शूट करेगी. फिल्म की रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं की गई है लेकिन टीज़र में इसे पोंगल 2019 पर थिएटर्स तक पहुंचाने की बात कही गई है. यानी की 15 जनवरी के आसपास.
वीडियो देखें: फिल्म रिव्यू: 2.0




















