पिछले साल जब Paresh Rawal ने अचानक Hera Pheri 3 से अलग होने का फैसला किया, तो हर तरफ हंगामा मच गया था. Akshay Kumar, जो इस फिल्म को प्रोड्यूस भी करेंगे, उनसे इतना नाराज़ हुए कि उन्हें सीधे 25 करोड़ रुपए का लीगल नोटिस भेज दिया. हालांकि बाद में दोनों के बीच सुलह हो गई. इसलिए पब्लिक प्लेटफॉर्म्स पर वो इस बारे में बात करने से बचते रहे. लेकिन परेश ने अब पहली बार ‘हेरा फेरी 3’ विवाद पर खुलकर बात की है. उनके मुताबिक, अक्षय ने वो लीगल नोटिस भावनाओं में बहकर भेजा था.
"अक्षय इमोशनली डिस्टर्ब्ड थे" - परेश रावल ने 'हेरा फेरी 3' के 25 करोड़ वाले नोटिस का पूरा खेल बताया!
अक्षय और फिरोज़ नाडियाडवाला के आपसी मसले के कारण फिल्म को एप्रूवल नहीं मिल रहा था. इसलिए परेश उससे अलग हो गए.


परेश को वो लीगल नोटिस अक्षय के प्रोडक्शन हाउस 'केप ऑफ गुड फिल्म्स' की तरफ से भेजा गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि परेश ने कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन कर 'हेरा फेरी 3' प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचाया है. इसके बाद लंबे समय तक दोनों तरफ के वकील एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते रहे. मगर जब परेश फिल्म से दोबारा जुड़ने को तैयार हुए, तो उनके बीच सुलह हो गई. हाल ही में जर्नलिस्ट विकी लालवानी ने परेश का इंटरव्यू लिया था. इस दौरान उन्होंने 'हेरा फेरी 3' विवाद पर खुलकर बात की. परेश ने साफ किया कि फिल्म छोड़ने के उनके फैसले का अक्षय कुमार से कुछ लेना-देना नहीं था.
वो कहते हैं,
"नहीं, ऐसा बिल्कुल नहीं था कि मुझे अक्षय कुमार के साथ काम करने में कोई दिक्कत थी. असली वजह कॉन्ट्रैक्ट थी. अगर मुझे फिल्म करनी होती, तो सबसे पहले प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला की मंजूरी लेना जरूरी था. वो इसलिए क्योंकि हेरा फेरी फ्रैंचाइज़ के सभी राइट्स उनके पास हैं. यही नहीं, आवारा पागल दीवाना और वेलकम जैसी फिल्मों के अधिकार भी उनके पास ही हैं. इसलिए जब तक उनका एप्रूवल नहीं मिलता, मैं फिल्म के लिए हां नहीं कह सकता था."
परेश बताते हैं कि जब उन्हें लीगल नोटिस आया, तो वो काफी फ्रर्स्ट्रेट हो गए थे. वो किसी कानूनी पचड़े में नहीं फंसना चाहते थे. उनका मानना है कि अक्षय का वो फैसला लीगल से ज्यादा इमोशनल था. वो कहते हैं,
"मुझे लगता है कि अक्षय कुमार की तरफ से भेजा गया लीगल नोटिस एक इमोशनल रिएक्शन था. शायद उन्हें लगा होगा कि मैंने उन्हें मना कैसे कर दिया. मुझे लगता है कि वो उस वक्त इमोशनली डिस्टर्ब्ड थे."
ये पूछे जाने पर कि 'हेरा फेरी 3' को प्रोड्यूसर फिरोज़ नाडियाडवाला का एप्रूवल क्यों नहीं मिला, परेश ने कहा कि उन्हें इसका सही कारण नहीं पता. उनके मुताबिक, वो पूरा मामला सिर्फ फिरोज और अक्षय कुमार के बीच का था. इसलिए उन्होंने अपनी तरफ से इस विवाद में दखल देने या इसकी वजह जानने की कोशिश नहीं की.
इन तमाम विवादों के कारण ‘हेरा फेरी 3’ की सिचुएशन बिगड़ती जा रही है. पिछले प्रियदर्शन ने खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया. ऊपर से मूवी कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगा रही है. अक्षय खुद भी साफ कर चुके हैं कि ये फिल्म साल-डेढ़ साल तक तो नहीं बन पाएगी. हालांकि परेश ने क्लियर किया कि उनके और अक्षय के बीच कभी कोई मनमुटाव या झगड़ा नहीं हुआ है. इसलिए 'हेरा फेरी 3' जब भी बनेगी, तो वो इसका हिस्सा जरूर रहेंगे.
वीडियो: 'हेरा फेरी 3' का मामला अब कोर्ट क्यों पहुंचा?












