The Lallantop

16 साल पुराने मामले में निकला गैर-जमानती वॉरंट, जेल जा सकती हैं राखी सावंत!

राखी सावंत ने 'राखी का इंसाफ़' शो में एक शख्स को 'नामर्द' कह दिया था. बाद में उसकी मौत हो गई.

Advertisement
post-main-image
राखी सावंत का कहना है कि उनके खिलाफ़ साजिश की जा रही है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • झांसी के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने राखी सावंत के खिलाफ 16 साल पुराने मामले में गैर-जमानती वॉरंट जारी किया क्योंकि वे बार-बार कोर्ट में पेश नहीं हुईं।
  • यह मामला राखी सावंत के टीवी शो 'राखी का इंसाफ़' से जुड़ा है, जहां 2010 में लक्ष्मण अहीरवार को ऑन-कैमरा अपमानित करने का आरोप है जिससे उसकी मृत्यु हुई।
  • कोर्ट ने 1 दिसंबर को अगली सुनवाई नियत की है, और इस मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी क्योंकि पक्षकारों के बीच विवाद अभी समाप्त नहीं हुआ है।

झांसी के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने Rakhi Sawant के खिलाफ़ गैर-जमानती वॉरंट जारी कर दिया है. ये वॉरंट 16 साल पुराने मामले से जुड़ा है. तब Lakshman Ahirwar नाम का एक शख्स 'राखी का इंसाफ’ शो में गया था. वहां बातचीत के दौरान राखी ने लक्ष्मण को ऑन-कैमरा नामर्द कह दिया. आरोप है कि इस घटना के बाद उसने खाना-पीना छोड़ दिया. इससे उसकी तबीयत बिगड़ी और कुछ समय बाद मौत हो गई. कोर्ट ने इसी सिलसिले में वॉरंट जारी किया है.

Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, झांसी में रहने वाला लक्ष्मण अहीरवार सब्जी का ठेला लगाता था. फरवरी 2010 में उसकी शादी अनीता नाम की लड़की से हुई. लेकिन कुछ समय बाद दोनों की लड़ाई शुरू हो गई. अनीता ने आरोप लगाया कि उसके पति का मामा उसे लेकर गलत नीयत रखता है. कई बार उसने अनीता से जोर-जबरदस्ती भी की. पर जब उसने इस बारे में लक्ष्मण से शिकायत की तो उसकी एक नहीं सुनी गई. अनीता के मुताबिक, लक्ष्मण शराब पीकर उससे मारपीट भी किया करता था. इस कारण वो अपने मायके चली गई. ये सब कुछ शादी के छह-सात महीनों में हुआ था.

उन दिनों NDTV इमेजिन पर राखी सावंत का शो 'राखी का इंसाफ़' आता था. टीवी वालों ने लक्ष्मण और अनीता को शो पर बुलाया. लक्ष्मण अपनी मां और मामा-मामी के साथ मुंबई पहुंचा. दूसरी तरफ़, अनीता अपने माता-पिता के साथ आई. सितंबर 2010 में उस एपिसोड की शूटिंग हुई. आरोप है कि बातचीत के दौरान राखी ने लक्ष्मण को नामर्द कहकर इंसल्ट किया था. टीवी वालों ने उस पार्ट को हटाए बिना अक्टूबर 2010 में ये एपसोड टेलिकास्ट कर दिया.

Advertisement

परिवार का आरोप है कि उस एपिसोड के लाइव होते ही लक्ष्मण का जीना दूभर हो गया. वो शो पर हुई  बेइज्जती से परेशान रहने लगा. उसकी मां सावित्री का कहना था कि उसने सोना-खाना भी बंद कर दिया था. यही नहीं, वो अपनी मां से कहता कि राखी सावंत ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है. इस सबके कारण वो स्ट्रेस में बहुत ज्यादा शराब पीने लगा. नतीजतन, उसकी हालत बिगड़ी और उसे एक हॉस्पिटल में एडमिट करवाना पड़ा. लेकिन अगले ही दिन (10 नवंबर 2010) को उसकी मौत हो गई. ये मामला तभी से लगातार चला आ रहा है.

पुलिस ने परिवार की शिकायत पर राखी के खिलाफ़ केस दर्ज किया था. उन पर गाली-गलौज करने और लक्ष्मण को खुद की जान लेने के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया. विवाद कोर्ट पहुंचा और लंबे समय तक सुनवाई चलती रही. अब 16 साल बाद झांसी कोर्ट ने राखी सावंत के खिलाफ़ गैर-जमानती वॉरंट जारी किया है. ऐसा इसलिए क्योंकि राखी बार-बार बुलाए जाने के बावजूद कोर्ट में पेश नहीं हो रही थीं.

Advertisement

बहरहाल, राखी ने इस मामले पर रिएक्ट जरूर किया है. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें जेल भी जाना पड़े तो चली जाएंगी. अपने डिफेंस में उन्होंने बताया कि वो शो पर केवल होस्ट का काम करती थीं. चैनल वाले उनसे जो कहते, वो बस वही बोलती थीं. राखी ने कहा कि वो लक्ष्मण को जानती तक नहीं थीं. यही नहीं, सोशल मीडिया पर उस एपिसोड का प्रोमो शेयर करते हुए राखी ने बताया कि लक्ष्मण की मौत बुखार से हुई थी. लेकिन उनका परिवार राखी के पीछे पड़ा है. राखी का कहना है कि उनके साथ ये सब इसलिए किया जा रहा क्योंकि वो स्टूडेंट्स और कॉकरोच जनता पार्टी को सपोर्ट करती हैं. बाकी जहां तक कोर्ट की बात है, इस मामले पर अगली सुनवाई 01 दिसंबर को होगी.

वीडियो: राखी सावंत को किसके कहने पर अरेस्ट कर लिया गया?

Advertisement