The Lallantop

ईडी का आरोप - सुकेश की सच्चाई जानते हुए भी करोड़ों के तोहफे लेती रहीं जैकलीन

जैकलीन ने कहा था कि गिफ्ट तो नोरा फतेही समेत कई और सेलेब्रिटीज़ ने भी लिए थे. फिर उन्हें आरोपी और नोरा को गवाह क्यों बनाया गया?

Advertisement
post-main-image
एक इवेंट के दौरान नोरा फतेही. बीच में कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर. तीसरी तस्वीर में एक्टर जैकलीन फर्नांडिस.

कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर और जैकलीन फर्नांडिस का मामला बढ़ता जा रहा है. कुछ दिनों पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी. इसमें बताया गया कि जैकलीन ने पूछताछ के दौरान सुकेश के बारे में झूठी कहानियां बताईं. जबकि उनको सुकेश के बारे में सबकुछ पता था. एडिशनल सेशंस जज प्रवीण सिंह ने बुधवार को इस चार्जशीट पर संज्ञान लिया. उन्होंने जैकलीन को 26 सितंबर को कोर्ट के सामने हाज़िर होने का आदेश दिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ED ने बताया कि उनकी तफ्तीश में कई बातें सामने आईं. जैसे जैकलीन अपने वकील के माध्यम से ये दावा करती रहीं कि सुकेश ने उन्हें असली पहचान नहीं बताई थी. सुकेश ने खुद को शेखर नाम से इंट्रोड्यूस करवाया था. साथ ही उसने ये भी कहा था कि वो एक मशहूर राजनीतिक परिवार से नाता रखता है. हालांकि जैकलीन को सुकेश के आपराधिक इतिहास के बारे में जल्द ही पता चल गया था. वो उसे जानबूझकर नज़रअंदाज़ करती रहीं.  

ईडी की चार्जशीट के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन फर्नांडिस के लिए श्रीलंका में घर खरीदा था. इसके साथ-साथ जुहू में एक बंगले के लिए अडवांस पेमेंट भी की गई थी. सुकेश, जैकलीन के माता-पिता के लिए भी बहरीन में एक घर गिफ्ट कर चुका है. सुकेश ने अपनी असोसिएट पिंकी ईरानी को इन प्रॉपर्टी की खरीद के बारे में बताया था. पिंकी ईरानी वही महिला हैं, जिनको यह काम दिया गया था कि वह सुकेश और जैकलीन की दोस्ती कराएं. इसके बदले में पिंकी को भी करोड़ों रुपये दिए गए थे. हालांकि सुकेश के घर गिफ्ट करने के दावों में कितनी सच्चाई है, वो पता लगाने की कोशिश चल रही है.

Advertisement

जैकलीन पर आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने उन्हें 7 करोड़ रुपये के गहने गिफ्ट किए. इसके अलावा जैकलीन और उनके परिवार को सुकेश की तरफ से कई महंगे गिफ्ट्स दिए गए. इसमें कारें, महंगे बैग, कपड़े, जूते और कीमती घड़ियां शामिल हैं.

जैकलीन जानती थीं कि सुकेश क्रिमिनल है. और उसने पैसे गलत तरीके से कमाए हैं. बावजूद इसके वो उस पैसे से खरीदे गए तोहफे स्वीकार करती रहीं. ED की चार्जशीट के मुताबिक, ऐसे में जैकलीन भी मनी लॉन्डरिंग की आरोपी हुईं. इसमें Prevention of Money Laundering Act, 2002  के सेक्शन 4 के तहत सज़ा का प्रावधान है. 

अब तक 200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्डरिंग केस में जैकलीन से गवाह के तौर पर पूछताछ की जा रही थी. मगर सप्लीमेंट्री चार्जशीट में उन्हें आरोपी बनाया गया है. जैकलीन ने इसके खिलाफ 22 अगस्त को अपील करते हुए कहा था, कि गिफ्ट तो नोरा फतेही समेत कई और सेलेब्रिटीज़ ने भी लिए थे. फिर उन्हें आरोपी और नोरा को गवाह क्यों बनाया गया. मगर सारी बात यहीं आकर ठहरती है कि जैकलीन को पता था कि सुकेश ठग है और वो ठगी के पैसों से उन्हें तोहफे दे रहा है. जैकलीन का ये भी कहना है कि ED ने उनकी संपत्ति इस केस के साथ अटैच कर दी है. उन पैसों का सुकेश से कुछ लेना-देना नहीं है. जैसे उनकी 7.2 करोड़ रुपए की फिक्स डिपोज़िट (FD). वो पैसे उन्होंने अपनी मेहनत से कमाए थे. और तब जमा किए थे, जब सुकेश को वो जानती भी नहीं थीं. ये मामला अब भी न्यायाधीन है. 

Advertisement

वीडियो देखें: सोना मोहापात्रा ने सलमान खान और जैकलीन फर्नांडिस पर क्या बात बोली?

Advertisement