अगली चीज़ हैं सलमान खान. मतलब वो आदमी स्क्रीन पर दिखता है और आपके चेहरे पर पता नहीं क्यों एक अजीब सी चमक आ जाती है. जब एक दौर के दो सबसे बड़े सुपरस्टार्स एक ही समय पर, एक ही मंच पर, एक ही धुन पर नाच रहे हों, तो माहौल कितना इलेक्ट्रिफाइंग हो सकता है आप इमैजिन करिए. वो सब इस गाने में दिखता है. ऊपर से सलमान-शाहरुख की दुश्मनी ने मीडिया में खूब सुर्खियां बटोरी हैं. अब इन दोनों दोस्ती भी बटोर रही है. पहले सलमान खान की फिल्म 'ट्यूबलाइट' में शाहरुख ने कैमियो किया. अब सलमान उनकी फिल्म 'ज़ीरो' में कैमियो कर रहे हैं. इन दोनों की लड़ाई से सबसे ज़्यादा कंफ्यूज़ इन दोनों के फैंस थे. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि सपोर्ट किसे किया जाए. ये इंडिया के वो स्टार्स हैं, जिनके पास सबसे बड़े फैन बैंक हैं. अगर दोनों के फैन बैंक को मिला दें, तो रिज़र्व बैंक बन जाएगा. अब वो फैन बेस एक ही चीज़ को सपोर्ट कर रही है, इसलिए फिल्म के लिए एक बोनस चीज़ है.

आनंद.एल.राय डायरेक्टेड फिल्म 'ज़ीरो' 21 दिसंबर को रिलीज़ होने वाली है.
गाने के लिए म्यूज़िक बनाया है 'झिंगाट' फेम अजय-अतुल ने. और लिरिक्स है इरशाद कामिल के. गाने में एक बौना शख्स मशहूर बॉलीवुड हीरोइन के लिए अपने प्रेम का इज़हार कर रहा है. और इस दौरान उसके सामने एक और सुपरस्टार है, जो खुद संभवत: उस हीरोइन से प्यार करता है. दोनों एक-दूसरे को कंपेयर कर रहे हैं कि उस लड़की के लिए कौन ज़्यादा फिट है. इसमें सुपरस्टार कहते हैं
एक बटे दो आशिक तोहरी कैसे होगी छोरी रे अपने कद से ऊंचा न तू सपनों का चरखा कात
करत है क्यों बातें उमर से बड़ी तू देसी दीवाना वो इंग्लिश परी
जिसका जवाब वो बौना ये कहते हुए देता है-
रे साहिबा पढ़ाकू थी मिर्ज़ा था टैं तभी तो वो इंग्लिश है देसी हूं मैं.
एक सुपरस्टार को एक बौने ने अपने बोल से मात दे दी है. मतलब सारा खेल इसी लिरिक्स से शुरू हो रहा है और यहीं खत्म हो रहा है. चाहे कितनी इंग्लिश ले आओ, अपनी मिट्टी में लपेट के जो मारो उसका दाग तो रह ही जाता है.
अगली कमाल चीज़ है इस गाने की सुखविंदर सिंह. शाहरुख और सुखविंदर की जोड़ी भारतीय सिनेमा के इतिहास के आने वाले कई सालों में भी याद की जाएगी. सुखविंदर ने शाहरुख के लिए ऐतिहासिक 'छैंया-छैंया' से लेकर कल्ट 'लाई वी न गई', 'चक दे इंडिया', 'हौले हौले', 'दर्द-ए-डिस्को' और 'मरजानी' जैसे गाने गाए हैं. अगर सलमान की बात करें, तो उनकी फिल्म 'दबंग' और 'सुल्तान' का टाइटल ट्रैक, 'टाइगर ज़िंदा है' में 'जिंदा है' गा चुके हैं. और दोनों ही सुपरस्टार्स के ऊपर उनकी आवाज़ सूट करती है. इस बार वो 'ज़ीरो' की 'इशकबाज़ी' में शाहरुख खान के लिए एक बार फिर से गा रहे हैं, जबकि गाने में सलमान खान के लिए दिव्य कुमार की आवाज़ इस्तेमाल की गई है.
जनता का रिएक्शन इस गाने को लेकर बंपर आ रहा है. जिस तरह इस फिल्म के ट्रेलर को करोड़ो लोगों ने देखा, उसी तरह ये गाना भी मिलियंस में व्यू बटोरेगा. जाते-जाते आप भी सुनते जाइए 'इशकबाज़ी':






















