The Lallantop

"गदर 2 अगर पाकिस्तान में रिलीज़ होती तो सबसे ज़्यादा हिट वहीं होती"

सनी देओल से सवाल किया गया था कि क्या 'गदर 2' एंटी-पाकिस्तान सेंटीमेंट को भुनाने की कोशिश करती है. उनका पूरा जवाब पढिए.

Advertisement
post-main-image
उत्कर्ष शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान में लोग 'गदर 2' के ट्रेलर पर रिएक्शन वीडियो बना रहे हैं.

Gadar 2 की टीम दनादन प्रमोशन में बिज़ी है. फिल्म के डायरेक्टर अनिल शर्मा समेत एक्टर्स, सभी मैदान पर हैं. . ‘गदर’ की एक बात को लेकर आलोचना होती रही है. फिल्म पर एंटी-पाकिस्तान सेंटीमेंट भड़काने के आरोप लगे हैं. लोगों का कहना है कि फिल्म ने पाकिस्तान को नीचा दिखाने की कोशिश की. रिलीज़ के वक्त ‘गदर’ को पाकिस्तान में बैन भी कर दिया गया था. दूसरा पार्ट भी पाकिस्तान में रिलीज़ नहीं हो रहा है. बता दें कि काफी सालों से इंडिया और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के सिनेमा पर रोक लगा रखी है. ‘गदर 2’ और पाकिस्तानी सेंटीमेंट पर अनिल शर्मा का कहना था कि अगर फिल्म पाकिस्तान में रिलीज़ होती, तो वहां बड़ी हिट होती. आगे जोड़ा,

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अगर पाकिस्तान में रिलीज़ होती तो सबसे ज़्यादा हिट पाकिस्तान में ही होती. हर पाकिस्तानी ने पहली ‘गदर’ देखी. 

आगे उनके बेटे और एक्टर उत्कर्ष शर्मा जोड़ते हैं कि ‘गदर 2’ के ट्रेलर को पाकिस्तानी ऑडियंस से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. वहां के लोग फिल्म के ट्रेलर पर रिएक्शन वीडियो बना रहे हैं. उन्होंने अपनी बात के अंत में कहा कि पाकिस्तान के लोग इसे एक फिल्म की तरह ही देख रहे हैं और उन्हें भरोसा है कि किसी भी तरह वो ये फिल्म देखेंगे ही.   

Advertisement

हाल ही में आजतक के प्रोग्राम सीधी बात में सनी देओल से भी ऐसा सवाल किया गया था. कि क्या ‘गदर 2’ में एंटी-पाकिस्तान सेंटीमेंट को भुनाने की कोशिश की गई. उनका जवाब था,

मैंने जब ‘गदर’ की थी, तो चाहे राइटर या डायरेक्टर जहां भी ले जाना चाह रहे थे, मैं उस कैरेक्टर को यहां-वहां जाने नहीं दे रहा था. क्योंकि कैरेक्टर एक इंसान है और इंसानियत हर जगह है. वो आदमी पाकिस्तानी बनने को राज़ी था. वो कुछ भी करने को राज़ी था. वो बस अपने परिवार के साथ रहना चाहता था. तारा सिंह के लिए सरहद जैसी चीज़ों का कोई मतलब नहीं. 

सनी आगे कहते हैं कि विभाजन में तारा के परिवार को मार डाला गया था. उसके सिर पर भी बदले का खून सवार था. लेकिन फिर उसकी ज़िंदगी में प्यार आता है और सारा गुस्सा चला जाता है. सनी ने कहा कि दोनों देशों के लोगों में एक-दूसरे को लेकर नफरत का भाव नहीं. उन्होंने बताया कि विदेशों में उन्हें पाकिस्तानी फैन्स मिलते हैं. प्यार से मिलते हैं. उन्हें गले लगाते हैं. कुछ ऐसा ही स्टेटमेंट उन्होंने एक बार पहले भी दिया था जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी ट्रोलिंग हुई. सनी ने अब कहा कि उन्हें ट्रोलिंग की परवाह नहीं. उनका कहना था कि ट्रोल करने वालों के चेहरे नहीं होते. वो कायर लोग हैं. उनका कहना था कि जनता को शांति चाहिए और अपना मतलब साधने वाले लोग उन्हें बांटते रहते हैं.  

Advertisement

बता दें कि ‘गदर 2’ 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है. सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे. उनके अलावा मनीष वाधवा और सिमरत कौर कास्ट में नए एक्टर्स हैं.     
 

वीडियो: गदर 2 ट्रेलर लॉन्च में सनी देओल बोले, "दोनों तरफ जनता नहीं चाहती कि हम लड़ें, सब इसी मिट्टी से"

Advertisement