The Lallantop

'धुरंधर 2' के जिस सीन में सबसे ज्यादा गालियां पड़ीं, आदित्य धर ने उसे सेंसर बोर्ड से कैसे बचाया?

फिल्म में ब्रिगेडियर जहांगीर का कैरेक्टर मेजर इक़बाल को भर-भरके गालियां देता है. फिर भी उस सीन में कोई गाली नहीं कटी.

Advertisement
post-main-image
'धुरंधर 2' में वॉयलेंस वाले कई सीन्स को भी CBFC ने ट्रिम कर दिया था.

सेंसर बोर्ड ने पहले Dhurandhar 2 को देखा. फिर बगल में रखी कैंची को. और बस, खचाखच इस फिल्म में 21 कट्स और कई अन्य चेंज करवा दिए. पहले पार्ट की तरह इस बार भी मूवी को A सर्टिफिकेट मिला. लेकिन इस दौरान कई गालियां म्यूट करवा दी गईं. गौर करने वाली बात ये है कि फिल्म के जिस सीन में सबसे अधिक गालियां हैं, उसको सेंसर बोर्ड ने हाथ तक नहीं लगाया. हम उसी सीन की बात कर रहे हैं जहां मेजर इक़बाल यानी Arjun Rampal पर उनके पिता ब्रिगेडियर जहांगीर जुबानी 'पुष्प वर्षा' करते हैं. Aditya Dhar की एक ट्रिक ने इस सीन में कट लगने से बचा लिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मूवी में ब्रिगेडियर जहांगीर का रोल सुविन्दर पाल विकी ने किया है. इससे पहले वो 'कोहरा' और 'केसरी' जैसी फिल्मों में नज़र आ चुके हैं. 'धुरंधर 2' में वो 1971 वॉर हीरो बने हैं, जो अब रिटायरमेंट ले चुका है. ब्रिगेडियर जहांगीर खुद को मेजर इक़बाल का बदकिस्मत बाप बताता है. आदित्य ने उन्हें इस रोल के लिए केवल एक ही ब्रीफ दिया था. वो ये कि व्हीलचेयर पर बैठिए और अर्जुन रामपाल को भर-भरके गालियां दीजिए. हुआ भी ठीक ऐसा ही. बाहरी दुनिया में अल्फ़ा बना घूम रहा इक़बाल जब घर आता तो जहांगीर उसका कोर्ट मार्शल कर देते. इसे लेकर इंटरनेट पर खूब सारे मीम्स बनाए जा रहे हैं. कुछ नमूने आप यहां देखिए- 

Advertisement

ब्रिगेडियर जहांगीर ने वॉर में जितनी गोलियां चलाई होंगी, उससे दोगुनी गालियां तो वो इक़बाल को एक सांस में दे देते हैं. मगर सोचने वाली बात ये है कि सेंसर बोर्ड ने उनमें से किसी भी गाली को न तो म्यूट किया, न बीप. मगर क्यों? 

मिर्ची प्लस से हुई बातचीत में सुविन्दर विकी ने इसके पीछे की वजह बताई है. वो कहते हैं कि शुरुआत में उन्हें गालियों पर बहुत झिझक हो रही थी. उन्हें ये भी डर था कि वो एक बार को गालियां दे भी दें, पर सेंसर बोर्ड ने उन्हें म्यूट या बीप कर दिया, तो पूरा मामला बिगड़ जाएगा. इसलिए उन्होंने आदित्य धर को अपनी ये प्रॉब्लम बताई. आदित्य ने उनकी दिक्कत तो समझी मगर गालियां कम करने को तैयार नहीं हुए. सुविन्दर बताते हैं,

"आदित्य ने कहा- ‘पाजी, गालियां ही वो रखी हैं, जिसमें बीप न आए’. आप नोट करना ये चीज कि कहीं किसी भी गाली पर बीप नहीं है. मैंने उन्हें बताया कि उनकी रिसर्च ज़बरदस्त है. इस पर वो बोले- 'सर, इतना करियर हो गया है. सेंसर से निकलते हैं सब तो पता लग जाता है कि कहां बीप आना चाहिए, कहां नहीं'."

Advertisement

लेकिन सोचने वाली बात ये है कि आदित्य ने ये ट्रिक उन जगहों पर अप्लाई क्यों नहीं की, जहां गालियां म्यूट कर दी गई हैं. वहां भी ऐसा करके सेंसर बोर्ड से बचा जा सकता था. 'धुरंधर 2' के केस में सेंसर बोर्ड का काम भी कुछ कम ऊट-पटांग नहीं है. उन्होंने फिल्म को एक तरफ़ A सर्टिफिकेट दिया, दूसरी तरफ़ गालियां उड़ाने लगे. लेकिन उन्होंने गालियां भी छलनी से छानकर उड़ाईं. ऊपरी नज़र से बताएं तो उन्होंने मां-बहन वाली गालियों को म्यूट करके समाज को बचा लिया. लेकिन कई हद से ज्यादा भद्दी गालियों को जस-का-तस रहने दिया. ‘धुरंधर 2’ में गालियां हैं ही इतनी कि सेंसर वाले भी शायद इस काट-छांट से ऊंघने लगे. तभी क्लाइमैक्स से पहले की लड़ाई में एकाध जगहों पर मां-बहन वाली गालियां भी ट्रिम या बीप नहीं हो पाईं.

वीडियो: धुरंधर 2 सोमवार को सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है

Advertisement