The Lallantop

वीभत्स शाकिरा मर्डर केस पर सीरीज़, जिसके बारे में जानकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे

स्वामी श्रद्धानंद की कहानी, जिसने अपनी बीवी को मारकर आंगन में गाड़ दिया था. 'डांसिंग ऑन द ग्रेव' नाम की ये सीरीज़ 21 अप्रैल को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हो रही है.

Advertisement
post-main-image
'डांसिंग ऑन द ग्रेव' का पोस्टर.

Indian Predator: The Diary of a Serial Killer के बाद इंडिया टुडे की एक और डॉक्यू-सीरीज़ आ रही है. इसका नाम है Dancing On The Grave. ये सीरीज़ 90 के दशक में बैंगलोर में हुई एक बेहद वीभत्स घटना के बारे में है.      

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

'डांसिंग ऑन द ग्रेव' शाकिरा खलीली (Shakereh Khaleeli) मर्डर केस पर बेस्ड है. शाकिरा, मैसूर के दीवान की नवासी थीं. रसूखदार परिवार से आने वाली अरपबपति महिला. वो खुद कंस्ट्रक्शन बिज़नेस में थीं. 1965 में शाकिरा ने अकबर मिर्ज़ा खलीली से शादी की. इस शादी से उन्हें चार बेटियां हुईं. 1984 में उनका तलाक हो गया. 1986 में शाकिरा ने मुरली मनोहर मिश्रा नाम के शख्स से शादी कर ली. जो कि स्वामी श्रद्धानंद के नाम से जाना जाता था.  

शाकिरा नियमित रूप से अपनी बेटियों को फोन करती रहती थीं. ये बात श्रद्धानंद को नहीं पसंद थी. बताया जाता है कि इस बात पर उन दोनों की लड़ाइयां भी होती थीं. 1991 में एक दिन शाकिरा की बड़ी बिटिया सबा को उनकी मां का फोन नहीं आया. उन्होंने ढूंढना शुरू किया. मगर कुछ पता नहीं लग पा रहा था. फाइनली वो पुलिस में गईं. श्रद्धानंद पर सबको शक था. मगर वो किसी को साफ जवाब नहीं देता था. किसी के पास उसके खिलाफ कोई सबूत भी नहीं था. तीन साल तक ऑपरेशन चलाने के बाद बैंगलोर पुलिस को पता चला कि शाकिरा का हत्यारा श्रद्धानंद ही है. आखिरकार श्रद्धानंद ने ही बताया कि उनकी डेड बॉडी कहां है. ये भी बताया कि उसने हत्या कैसे की.

Advertisement

श्रद्धानंद ने शाकिरा को ड्रग देकर बेहोश किया था. फिर उन्हें एक मैट्रेस में लपेटकर एक ताबूत में बंद किया. और उनके ही रिचमंड टाउन वाले घर के आंगन में गाड़ दिया. बताया जाता है कि ये सब करने से पहले श्रद्धानंद ने उनकी सारी प्रॉपर्टी अपने नाम करवा ली थी. 1994 में जब पुलिस ने बॉडी रिकवर की, तो उन्हें मैट्रेस पर बहुत सारे नाखूनों के निशान दिखे. जिसका मतलब ये निकला कि शाकिरा को जब श्रद्धानंद ने गाड़ा, तब वो ज़िंदा थीं.  

कोर्ट ने इसे रेयरेस्ट ऑफ रेयर केस में गिना. श्रद्धानंद को फांसी की सज़ा सुनाई गई. जिसे सुप्रीम कोर्ट ने 2008 में आजीवन कारावास में बदल दिया. श्रद्धानंद अभी भी जेल में अपनी सज़ा काट रहा है. 

इस मर्डर केस की पूरी कहानी आपको 'डांसिंग ऑन द ग्रेव' में देखने को मिलेगी. इस सीरीज़ का नाम भी इस केस से जुड़ी एक घटना से प्रेरित होकर रखा गया है. बताया जाता है कि शाकिरा को जमीन में गाड़ने के बाद श्रद्धानंद ने उसी घर में पार्टी की थी. जहां खूब नाच-गाना हुआ था.

Advertisement

इस सीरीज़ को पैट्रिक ग्राहम ने डायरेक्ट किया है. उन्होंने इससे पहले ‘घोउल’ और ‘बेताल’ जैसी सीरीज़ डायरेक्ट की थीं. 'डांसिंग ऑन द ग्रेव' 21 अप्रैल को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हो रही है. 

वीडियो: कैसी है नेटफ्लिक्स की सीरीज़ 'इंडियन प्रेडेटर : द डायरी ऑफ अ सीरियल किलर'?

Advertisement