Atlee, Salman Khan को लेकर एक बड़े स्केल की एक्शन फिल्म प्लान कर रहे हैं. ये एक टू-हीरो एक्शन फिल्म होने वाली है. पहले बताया जा रहा था कि सलमान और रणवीर सिंह इस फिल्म में नज़र आएंगे. मगर ये खबर कोरी अफवाह निकली. फिर मीडिया रिपोर्ट्स ने दावा किया कि एटली नॉर्थ और साउथ वाला कॉम्बो लाना चाहते हैं. इसलिए वो साउथ के बड़े स्टार्स से बातचीत कर रहे हैं. तलाश की ये सुई आकर रुकी रजनीकांत पर. कहा जाने लगा कि एटली जल्द ही रजनीकांत को कहानी सुनाने वाले हैं. लेकिन अब लग रहा है कि ये खबर भी फर्ज़ी थी. पिंकविला की एक ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक एटली रजनीकांत को नहीं बल्कि Kamal Haasan को अप्रोच किया है.
रजनीकांत के साथ नहीं, सलमान खान-कमल हासन के साथ बनेगी इंडिया की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म!
Atlee ने कुछ दिन पहले Kamal Haasan से कहा था कि वो एक स्क्रिप्ट क्रैक कर के उनके पास ज़रूर आएंगे. अब बताया जा रहा है कि Salman Khan वाली फिल्म के लिए उन्हें अप्रोच किया जाएगा.


रिपोर्ट के मुताबिक एटली ने सलमान और कमल हासन को अपना आइडिया सुनाया. दोनों को पसंद भी आया और मौखिक तौर पर हामी भी भर दी. बस पेपरवर्क होना बाकी है. वो तभी पूरा होगा जब एटली अपना स्क्रीनप्ले पूरा लिख लेंगे. एटली ने स्क्रीनप्ले लिखने के लिए एक महीने का टाइम लिया है. उसके बाद वो सलमान और कमल हासन को पूरा नैरेशन देंगे. तब जाकर अंतिम फैसला लिया जाएगा. बताया जा रहा है कि एटली बीते कुछ महीनों से सलमान और कमल हासन के संपर्क में हैं. उनका प्लान है कि सब कुछ सही रहा तो 2025 के शुरुआत में इस फिल्म को फ्लोर पर ले जाएं. बता दें कि तब तक सलमान ‘सिकंदर’ की शूटिंग भी पूरी कर लेंगे.
हाल ही में कमल हासन की फिल्म ‘इंडियन 2’ का ट्रेलर लॉन्च इवेंट हुआ था. एटली भी वहां मौजूद थे. उन्होंने उस दौरान कहा कि वो कमल हासन के साथ काम करना चाहते हैं. एटली ने कहा था,
अगर मेरा बेटा मीर भविष्य में सिनेमा के बारे में जानना चाहेगा, तो उसे कमल हासन का काम देखना पड़ेगा. वो इंडियन सिनेमा के बाइबल और इनसाइक्लोपीडिया हैं. मैं उनका एहसानमंद हूं. मैं आपके साथ काम करना चाहता हूं सर और एक दिन मैं स्क्रिप्ट क्रैक कर के आपके पास ज़रूर आऊंगा.
बाकी सलमान और कमल हासन के हालिया प्रोजेक्ट्स की बात करें तो ‘कल्कि 2898 AD’ में कमल ने सुप्रीम यास्किन का रोल किया है. फिल्म के पहले पार्ट में उनका कैमियो था. हालांकि दूसरे पार्ट में उनका फुल फ्लेज्ड रोल होने वाला है. उसके बाद वो 12 जुलाई को रिलीज़ होने वाली ‘इंडियन 2’ में नज़र आएंगे. इसे शंकर ने डायरेक्ट किया है. दूसरी ओर सलमान खान फिलहाल ‘सिकंदर’ की शूटिंग कर रहे हैं. 01 जुलाई को फिल्म का पहला शेड्यूल पूरा हुआ है. उसके बाद अब डेढ़ महीने का ब्रेक लिया जाएगा और दूसरा शेड्यूल अगस्त के बीच में शुरू होगा.
वीडियो: एटली लाएंगे सलमान और रजनीकांत को एक साथ






















