The Lallantop

अक्षय की हालिया फ्लॉप फिल्मों पर बोले अनीस बज़्मी - "उनके साथ वाले लोग इंसाफ नहीं कर पाए"

Welcome के डायरेक्टर Anees Bazmee ने वो किस्सा बताया जब उन्हें चोट आई थी और Akshay Kumar उनसे मिलने पहुंचे.

Advertisement
post-main-image
पहले खबर आई थी कि 'वेलकम 3' को अनीस बनाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है.

बीते कुछ समय से बॉक्स ऑफिस पर Akshay Kumar की फिल्में नहीं चल रही है. उनकी पिछली फिल्म Bade Miyan Chote Miyan ईद पर रिलीज़ हुई थी. फिल्म 15 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ खुली. उसके बाद मामला डगमगाता ही चला गया. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक BMCM 15 दिनों में सिर्फ 58 करोड़ रुपये का कलेक्शन ही कर सकी है. अक्षय की पिछली कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कोई खास इम्पैक्ट नहीं छोड़ पाईं. ‘सम्राट पृथ्वीराज’ से लेकर ‘सेल्फी’ जैसी बड़ी फिल्मों ने संघर्ष ही किया. अक्षय की हालिया बॉक्स ऑफिस परफॉरमेंस पर डायरेक्टर Anees Bazmee ने बात की है. अनीस और अक्षय ‘वेलकम’ और ‘सिंह इज़ किंग’ जैसी हिट कॉमेडी फिल्में बना चुके हैं. अनीस ने कहा कि अक्षय के साथ काम करने वाले लोग उनके साथ इंसाफ नहीं कर पाए. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

उन्होंने में कहा:    

वो एक स्टार हैं. कई लोगों की लाइफ में ऐसा दौर गुज़रा है, अच्छा वक्त और बुरा वक्त. वो हो जाता है. वो खूबसूरत इंसान हैं. खूबसूरत डांस करते हैं. एक्शन उनसे करवा लीजिए, कॉमेडी उनसे करवा लीजिए, रोना उनसे करवा लीजिए. मुझे लगता है कि वो एक पूर्ण एक्टर हैं. ऐसा होता है जो स्क्रिप्ट उन्होंने चुनी हों, जिन लोगों के साथ काम करना चुना हो, वो शायद उनके साथ इंसाफ नहीं कर पा रहे हैं, या ये खुद... मुझे इसकी पुख्ता वजह नहीं पता.

‘वेलकम’, ‘सिंह इज़ किंग’ और ‘थैंक यू’ में मैंने उनके साथ ज़िंदगी का इतना खूबसूरत वक्त गुज़ारा. 

Advertisement

अनीस आगे कहते हैं कि अक्षय समय के बहुत पाबंद इंसान हैं. अगर शूट का टाइम सुबह सात बजे होता तो वो इस वक्त सेट पर पहुंच जाते. उनकी इस आदत की वजह से बाकी लोगों में भी अनुशासन आया. उन्होंने इसके बाद अक्षय से जुड़ा एक और किस्सा बताया. अनीस के पैर में चोट आई थी. उस दौरान अक्षय उनसे मिले थे. अनीस याद करते हैं कि तब अक्षय ने ज्यादा कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्हें देखकर लग रहा था कि वो भी दुखी हैं. उन्होंने अनीस को लगातार फिजियोथेरेपी करवाने की सलाह दी.

बता दें कि BMCM के बाद अक्षय की अगली रिलीज़ ‘सरफिरा’ है. फिलहाल वो ‘वेलकम टू द जंगल’ पर काम कर रहे हैं. 2024 के एंड में इस फिल्म को रिलीज़ किया जाएगा. साथ ही वो प्रियदर्शन के साथ भी एक फिल्म बनाने वाले हैं. बाकी बताया जा रहा है कि लंबे समय से फंसी ‘हेरा फेरी 3’ को भी जल्द ही अनाउंस किया जाएगा. अगर अनीस की बात करें तो वो ‘भूल भुलैया 3’ पर काम कर रहे हैं. इस फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ तृप्ति डिमरी, विद्या बालन और माधुरी दीक्षित भी नज़र आएंगी. उसके बाद वो ‘नो एंट्री’ के सीक्वल पर काम शुरू करेंगे. ‘नो एंट्री 2’ में अर्जुन कपूर, दिलजीत दोसांझ और वरुण धवन को कास्ट कर लिया गया है.  
 

वीडियो: 'मुझे कोई नहीं रोक पाया', बैक टू बैक फ्लॉप हुई फिल्मों को लेकर अक्षय कुमार ने क्या कहा?

Advertisement

Advertisement