Hera Pheri 3 का काम शुरू हो चुका है. पिछले दिनों Akshay Kumar, Suniel Shetty और Paresh Rawal ने अनाउंसमेंट प्रोमो शूट किया. पहले खबरें थीं कि इस फिल्म को Anees Bazmee डायरेक्ट करेंगे. क्योंकि उन्होंने 'भूल भुलैया 2' जैसी हिट पिक्चर दी थी. हालांकि कॉमेडी में भी उनका हाथ साफ माना जाता है. मगर अब Farhad Samji ये फिल्म डायरेक्ट कर रहे हैं. अनीस ने अपने हालिया इंटरव्यू में बताया है कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट भी नहीं थी. सिर्फ एक आइडिया था, जो उन्हें ठीक नहीं लगा. इसलिए उन्होंने 'हेरा फेरी 3' डायरेक्ट करने से मना कर दिया. बकौल अनीस, स्क्रिप्ट न होने की वजह से ही अक्षय भी ये फिल्म नहीं करना चाहते थे. मगर पता नहीं वो दोबारा फिल्म से कैसे जुड़ गए.
''हेरा फेरी 3' की स्क्रिप्ट नहीं थी, इसलिए मैंने और अक्षय कुमार ने छोड़ी थी फिल्म': अनीस बज़्मी
अनीस कहते हैं कि पता नहीं अक्षय कुमार 'हेरा फेरी 3' में काम करने को तैयार कैसे हुए. वो बिना स्क्रिप्ट के फिल्म नहीं करना चाहते थे.


बॉलीवुड हंगामा को दिए एक इंटरव्यू में अनीस बज़्मी ने 'हेरा फेरी 3' छोड़ने की वजह बताई. उन्होंने कहा कि वो कई बार प्रोड्यूसर फिरोज़ नाडियाडवाला से मिले. मगर उनके पास पूरी स्टोरी नहीं थी. अनीस कहते हैं-
''उन्होंने (फिरोज़ नाडियाडवाला) जो मुझे आइडिया बताया, वो कुछ जमी नहीं. मैंने ना कह दिया. अगर स्क्रिप्ट नहीं, तो हिट नहीं. सिंपल सी बात है.''
अक्षय कुमार के फिल्म से जुड़ने पर बात करते हुए अनीस ने कहा-
''मेरे ये ऑफर रिजेक्ट करने के बाद अब ये फिल्म कोई और डायरेक्ट कर रहा है. अक्षय कुमार, जो बिना प्रॉपर स्क्रिप्ट के फिल्म में काम करने के खिलाफ थे, वो फिल्म में काम करने को राज़ी हो गए. मुझे नहीं पता, कैसे और क्यों. ये सिर्फ वही बता पाएंगे. मैं अपनी बता सकता हूं कि मैं अब उस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हूं.''
बीते दिनों ऐसी खबरें भी आई थीं कि फिरोज़ नाडियाडवाला ने अनीस बज़्मी की पूरी फीस उन्हें नहीं दी है. 2015 में अनीस ने फिरोज़ के प्रोडक्शन के लिए 'वेलकम बैक' डायरेक्ट की थी. इस फिल्म के लिए अनीस को 11.27 करोड़ रुपए की फीस मिलनी थी. इसमें से उन्हें 6.64 करोड़ रुपए दिए गए. देरी की वजह से अनीस ने अपनी फीस में से 2.62 करोड़ रुपए खुद घटा दिए. यानी अब फिरोज़ नाडियाडवाला को उन्हें सिर्फ दो करोड़ रुपए देने थे. मगर फिल्म की रिलीज़ के सात साल बाद भी उन्हें फिरोज़ ने वो रकम नहीं चुकाई है. बताया गया कि इसी वजह से अनीस बज़्मी ने 'हेरा फेरी 3' छोड़ी.
इस इंटरव्यू में उनसे इस बाबत भी सवाल पूछा गया. कि क्या वाकई उन्होंने स्क्रिप्ट की वजह से फिल्म छोड़ी या बकाए पैसे का कोई मसला था. इस पर अनीस ने कहा-
''हां वो भी था. मगर मुझे स्टोरी आइडिया पसंद आया होता, तो शायद मैं ये फिल्म कर लेता. मगर ऐसा कुछ था ही नहीं.''
अनीस और ‘हेरा फेरी 3’ का ये पूरा प्रकरण बमुश्किल एक से डेढ़ महीने पुराना है. इतने से समय में ‘हेरा फेरी 3’ की स्क्रिप्ट तैयार हो गई? या मेकर्स बिना स्क्रिप्ट के ही फिल्म पर काम शुरू कर रहे हैं? इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. हालांकि फिल्म की शूटिंग में अभी तीन महीने का वक्त है, देखते हैं क्या होता है.
खैर, अब इस फिल्म को फरहाद सामजी डायरेक्ट कर रहे हैं. फरहाद ने ही सलमान की 'किसी का भाई किसी की जान' डायरेक्ट की है. इससे पहले वो 'हाउसफुल 4' और 'बच्चन पांडे' जैसी फिल्में बना चुके हैं. अगले तीन महीने में 'हेरा फेरी 3' की शूटिंग शुरू होनी है. इसे इंडिया के अलावा दुबई, अबू धाबी और लॉस एंजेलिस के कई लोकेशंस पर शूट किया जाना है.
वीडियो: 'हेरा फेरी' को सबसे पहले अक्षय-संजय दत्त के साथ रफ्तार नाम से बनाया जाना था.


















