Akshay Kumar की पिछली कुछ फिल्में लगातार फ्लॉप हो रही हैं. हाल ही में आई Sarfira को बहुत कमज़ोर ओपनिंग मिली. इसके पहले 'सेल्फी', 'मिशन रानीगंज', 'बड़े मियां छोटे मियां', 'सम्राट पृथ्वीराज' ऐसे नाम हैं जो लगातार पिटती चली आ रही हैं. अक्षय को उनकी फिल्में करनी की स्पीड और फ्लॉप फिल्मों के लिए ट्रोल भी किया जा रहा है. इसी बीच अक्षय ने अपने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा पोस्ट किया जिसे लोग उनकी पिटती फिल्मों से जोड़ रहे हैं.
पिटती फिल्मों के बीच भावुक अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर भारी पोस्ट कर दिया
Akshay Kumar पहले भी एक इंटरव्यू में कह चुके हैं कि उनकी फिल्में नहीं चलती, ऐसा देखकर इंडस्ट्री के लोग खुश होते हैं.
.webp?width=360)

पहले अक्षय की पोस्ट की बात करते हैं. अक्षय कुमार ने बशीर बद्र की एक गज़ल शेयर की है. ये गज़ल ऐसी है-
आंखों में रहा, दिल में उतर कर नहीं देखा,
कश्ती के मुसाफिर ने समंदर नहीं देखा,
बे-वक्त अगर जाऊंगा, सब चौंक पड़ेंगे...
एक उम्र हुई, दिन में कभी, घर नहीं देखा,
जिस दिन से चला हूं, मेरी मंज़िल पे नज़र है...
आंखों ने कभी मील का पत्थर नहीं देखा...
ये फूल मुझे कोई विरासत में मिले हैं?
तुमने मेरा कांटों भरा बिस्तर नहीं देखा...
यारों की मोहब्बत का यकीन कर लिया मैंने...
फूलों में छुपाया हुआ खंजर नहीं देखा...
अक्षय के इस पोस्ट को लोग उनकी फ्लॉप हुई फिल्मों से जोड़ रहे हैं. कुछ लोगों ने उनके सपोर्ट में कमेंट किया है. एक ने लिखा,
''सर प्लीज़ आप अपनी उम्मीदें मत हारिए. जितने मुंह उतनी बातें होती ही रहती हैं. आप सब को छोड़ो सर आप और अच्छा कर सकते हैं. हमें यकीन हैं. आप सुपरस्टार थे, हैं और रहेंगे. अभी फिल्म नहीं चल रही तो क्या मगर चलेंगी. आप उम्मीद मत छोड़ना.''
एक ने लिखा,
''आकाश में उड़ती हुई पतंग सबको दिखती है, पर उसमें जो बंधी हुए डोर होती है ,वो किसी को नहीं दिखती, उसी तरह ही आपको चाहने वाले लोग आपके साथ हैं. मैं आपके एक्टिंग का बचपन से दीवाना हूं. कितना भी बुरा वक्त आए. मैं आपका हमेशा के लिए दीवाना हूं.''
एक ने शायराना अंदाज़ में लिखा,
''वक्त बुरा था, पलट गए दोगले...
तेरे साथ खड़ा था, खड़ा हूं, कोई रोक सके तो रोक ले...''
वैसे अक्षय पहले भी एक इंटरव्यू में कह चुके हैं कि उनकी फिल्में नहीं चलती, ऐसा देखकर इंडस्ट्री के लोग खुश होते हैं. ‘सरफिरा’ की रिलीज़ से पहले अक्षय ने गलाटा प्लस को एक इंटरव्यू दिया था. वहां उनसे पूछा गया था कि क्या किसी बड़े स्टार की फिल्मों के ना चलने पर ज़्यादा हल्ला कटता है. इस पर अक्षय का कहना था,
लोगों को देखकर अच्छा लगता है जब 3-4 फिल्में नहीं चलती. फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को खुशी होती है जब तीन, चार, पांच फिल्में नहीं चलती. लोगों को मज़ा आता है. मैंने खुद ये चीज़ देखी है. लोग खुश होते हैं कि इनकी पिक्चर नहीं चली.
अक्षय ने इसी इंटरव्यू में कहा था कि हर किसी को बस मेहनत करनी चाहिए. फिल्म चले या ना चले ये अलग बात है. शायद यही वजह है कि अक्षय लगातार काम कर रहे हैं. उनकी अगली फिल्म 'खेल-खेल में' का मोशन पोस्टर आया है. मुदस्सर अजीज़ के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को 15 अगस्त को रिलीज़ किया जाएगा.
वीडियो: अक्षय कुमार की लगातार 8 फ्लॉप फिल्में और 1000 करोड़ रुपये का नुकसान!



















