Ranveer Singh की Dhurandhar 2 बॉक्स ऑफिस पर भयंकर पैसे छाप रही है. दूसरी तरफ़ दर्शकों का एक बड़ा वर्ग इस पर प्रोपगैंडा फिल्म होने का आरोप लगा रहा है. अब इस लिस्ट में UP के पूर्व सीएम Akhilesh Yadav का भी नाम शामिल हो गया है. उनका आरोप है कि Bharatiya Janata Party (BJP) पैसे देकर 'धुरंधर 2' जैसी फिल्में बनवाती है.
"पैसे देकर फिल्में बनवा रहे हैं"- 'धुरंधर 2' पर भड़के अखिलेश यादव ने भाजपा को क्यों लपेट लिया?
असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा का कहना है कि यदि 'धुरंधर 2' देखकर लोग भाजपा को वोट करते हैं तो ये अच्छा ही है.


अखिलेश ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा की आलोचना की है. इस दौरान उन्होंने 'धुरंधर 2' का नाम लिए बिना कहा,
"भाजपा पैसे देकर फिल्में बनवा रही है. वो भी दूसरे दलों को बदनाम करने के लिए. मुझे तो लगता है कि इनके पास ज्यादा पैसा हो गया है जो फिल्म रिलीज़ तक पहुंचाया जा रहा है."
फिल्म में कुख्यात अपराधी और पॉलिटिशियन अतीक अहमद से प्रेरित किरदार अतीफ अहमद को शामिल किया गया है. कास्टिंग और मेकअप के हिसाब से भी दोनों हूबहू एक जैसे दिखते हैं. अतीक की रियल लाइफ हत्या को भी फिल्म में रीक्रिएट किया गया है. अखिलेश यादव के बयान को फिल्म में इस कास्टिंग से जोड़कर ही देखा जा रहा है. दरअसल, रियल लाइफ में अतीक अहमद और उनके भाई खालिद अज़ीम उर्फ़ अशरफ़ का संबंध अखिलेश की समाजवादी पार्टी से था. दोनों सपा से विधायक भी रह चुके हैं.
'धुरंधर 2' में अतीफ अहमद और उसके भाई को पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसी ISI से लिंक करके दिखाया गया है. इस बात पर लोग सपा और अखिलेश को आड़े हाथ ले रहे हैं. गौर करने वाली बात ये है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपनी एक चार्जशीट में भी अतीक अहमद का ISI और लश्कर-ए-तैयबा से कनेक्शन बताया था. हालांकि इसकी पुष्टि कभी नहीं हो पाई मगर सोशल मीडिया पर नई बहस ज़रूर छिड़ गई है.
'धुरंधर 2' की रिलीज़ को अभी पहला वीकेंड ही गुजरा है. मगर इसने राजनैतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी फिल्म पर लग रहे आरोपों पर जवाब दिया था. दरअसल मीडिया ने उन्हें बताया कि अन्य पॉलिटिकल पार्टीज़ ये आरोप लगा रही हैं कि 'धुरंधर 2' भाजपा और RSS का प्रोपगैंडा है. ये सुन हिमंता ने कहा कि मूवी को देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में जा रहे हैं. इस हिसाब से तो ये कहा जाएगा कि जो 'धुरंधर' को देखेगा, वो भाजपा को वोट करेगा. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि यदि ऐसा कुछ होता है तो ये उनकी पार्टी के लिए अच्छा ही है.
वीडियो: रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' पर मीम क्यों बन रहे?






















