देश-दुनिया की तमाम फिल्मी खबरों को एक साथ, एक छत के नीचे पढ़िए. द सिनेमा शो. आइए आज की खबरों पर बात करें -
'लाल सिंह चड्ढा' के प्रमोशन के वक्त आमिर खान ने कहा, 'मुझे माफ कर दो'
चियां विक्रम की 'कोबरा' से लेकर आमिर खान की 'लाल सिंह चड्ढा' तक, पढ़िए सिनेमा से जुड़ी आज की बड़ी खबर.


# 'द रिंग्स ऑफ पावर' का दूसरा प्रोमो वीडियो आया
'लॉर्ड ऑफ द रिंग्स: द रिंग्स ऑफ पावर' सीरीज़ का दूसरा प्रोमो वीडियो आया. जिसमें गैलेड्रिएल के साथ शो के कई नए किरदार नज़र आ रहे हैं. इसे दुनिया की सबसे महंगी सीरीज़ बताया जा रहा है.
इस फिक्शन सीरीज़ को 02 सितंबर से अमेज़न पर देख सकेंगे.
# विक्रम स्टारर 'कोबरा' की रिलीज़ डेट पोस्टपोन हुई
चियां विक्रम की फिल्म 'कोबरा' की रिलीज़ को पोस्टपोन कर दिया गया. पहले ये 11 अगस्त को रिलीज़ होने वाली थी मगर अब ये फिल्म 31 अगस्त को रिलीज़ होगी.
# मिड नवंबर में ओटीटी पर रिलीज़ होगी 'रक्षा बंधन'?
अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षा बंधन', 11 अगस्त को रिलीज़ होने वाली है. रिपोर्ट्स हैं कि आनंद एल. राय के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को रिलीज़ के 12 हफ्ते बाद यानी नवंबर मिड तक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ किया जाएगा.
# 'कैथी' के दूसरे पार्ट पर लोकेश जल्द शुरू करेंगे काम
साउथ स्टार कार्थी ने बताया कि वो जल्द ही लोकेश कनगराज के साथ 'कैथी' फिल्म के सीक्वल पर काम शुरू कर देंगे. जिसकी शूटिंग अगले साल से शुरू की जा सकती है.
# 'लाल सिंह चड्ढा' में होगा शाहरुख खान का कैमियो
आमिर खान ने एक इंटरव्यू में, इशारों-इशारों में बताया कि उनकी फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' में शाहरुख खान नज़र आ सकते हैं. आमिर ने बताया कि शाहरुख उनके अच्छे दोस्त हैं.
उन्हें अपनी फिल्म के लिए इंडिया के सबसे बड़े स्टार की ज़रूरत थी. इसलिए वो शाहरुख के पास गए थे.
# आमिर ने लोगों से कहा, ''अगर दिल दुखा तो माफ करना''
'लाल सिंह चड्ढा' के प्रमोशन के वक्त आमिर ने लोगों से माफी मांगी. 'बॉयकॉट लाल सिंह चड्ढा' ट्रेंड पर बोलते हुए उन्होंने कहा,
''अगर मैंने किसी भी चीज़ से किसी का दिल दुखाया है, तो मुझे उस बात का दुख है, मैं किसी का दिल नहीं दुखाना चाहता हूं. जिन-जिन को फिल्म नहीं देखनी है, मैं उस बात की इज़्जत करूंगा, और क्या कह सकते हैं. लेकिन मैं चाहूंगा कि ज़्यादा से ज़्यादा लोग फिल्म देखें. हमने बड़ी मेहनत से फिल्म बनाई है. सिर्फ मैं नहीं हूं फिल्म में, फिल्म सैकड़ों लोगों की मेहनत से बनती है. मैं उम्मीद करता हूं कि लोगों को ये फिल्म पसंद आएगी.''
वीडियो: आमिर खान की ‘लाल सिंह चड्ढा’ के ट्रेलर से लोग नाराज़ क्यों हैं?



















