The Lallantop

'83' में कपिल देव की वो पारी देखने को मिलेगी, जिसकी फुटेज दुनिया में कहीं उपलब्ध नहीं

कैसा है रणवीर सिंह की '83' का ट्रेलर?

Advertisement
post-main-image
'83' फिल्म का ट्रेलर रिव्यू.
1983 वर्ल्डकप की जीत की कहानी पर बनी फ़िल्म '83' का ट्रेलर रिलीज़ हो चुका है. कोविड के कारण एक लंबे वक़्त से '83' अटकी हुई थी. करीब एक साल से ऊपर फैन्स को इंतज़ार करनाने के बाद फाइनली फिल्म का ट्रेलर 30 नवंबर रिलीज़ हुआ. देर से आया ट्रेलर दुरुस्त निकला या सुस्त आइये जानते हैं. #बहुत ही सटीक कास्टिंग बहुत ही ऑथेंटिक. '83' बड़े बजट में बनी है लिहाज़ा फ़िल्म की प्रोडक्शन क्वालिटी से कोई समझौता नहीं किया गया है. ये कहानी एटीज़ की है. इस तरीके की पीरियड फ़िल्में तब ही अच्छी लगती हैं, जब फ़िल्म में दिख रहा एटीज़ का दौर असल लगे. इस मामले में '83' का ट्रेलर तो निराश नहीं करता. सब कुछ असली लगता है. ऐसा नहीं हो रहा कि क्लोज़अप में बल्ला घुमाते हुए शॉट ले लिया और हो गया. यहां खास तौर से तारीफ़ बनती है कास्टिंग की. फ़िल्म में जितने भी एक्टर्स चुने गए हैं, सबकी कास्टिंग बहुत बारीकियां ध्यान में रखते हुए की गई है. हाल ही में रिलीज़ हुई 'सरदार उधम' और अब '83' में गुज़रे वक़्त का चित्रण ग्लोबल लेवल का हुआ है.
यहां स्पेशल तारीफ़ करनी बनती है रणवीर सिंह की. जिन्होंने बहुत ही कमाल ढंग से कपिल देव की बॉडी लैंग्वेज, वॉइस और पंजाबी मिक्स हिंदी एक्सेंट को पकड़ा है. बाकी यहां तारीफ़ उनकी मेकअप टीम की भी, जिन्होंने बहुत ही उम्दा काम कर रणवीर सिंह को बहुत हद तक कपिल देव जैसा बनाया है. कमाल बात ये है कि ये सिंपल मेकअप है. कोई प्रोस्थेटिक मेकअप का इस्तेमाल नहीं हुआ है. रणवीर सिंह कैसे कपिल देव जैसे बने इस बारे में खुद फिल्म के डायरेक्टर कबीर सिंह ने बताया. कबीर ने गुडटाइम्स से बातचीत में कहा,
"रणवीर एक गिरगिट की तरह है. वो किसी भी अवतार में ढल सकता है. कौन कपिल देव जैसा दिख सकता है ये उस बारे में नहीं है. कौन कपिल जैसे हावभाव ला सकता है ये उस बारे में है. और ये काम सिर्फ रणवीर ही कर सकता है. और आज जब लोग कह रहे हैं कि वो बहुत हद तक कपिल देव जैसा लग रहा है तो वो मेकअप का नहीं बल्कि उसके एक्सप्रेशंस का कमाल है."
 
रणवीर के अलावा ताहिर राज भसीन सुनील गावस्कर के रोल में हैं. साकिब सलीम मोहिंदर अमरनाथ के रोल में हैं. फ़िल्म में दीपिका कपिल देव की वाइफ रोमी देव के किरदार में नज़र आएंगी.
बहुत ही सटीक कास्टिंग हुई है.
बहुत ही सटीक कास्टिंग हुई है.
#फिल्म में कपिल की वो पारी दिखेगी जो आजतक किसी ने नहीं देखी तारीख 18 जून 1983. जगह रॉयल टर्नब्रिज वेल्स स्टेडियम, इंग्लैंड. इंडिया और ज़िम्बाब्वे के बीच मैच हुआ. कपिल देव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला लिया. लोगों की उम्मीदों से विपरीत कुछ ही देर में आधी इंडियन टीम वापस पवेलियन लौट गई. जिसके बाद खुद कप्तान कपिल देव मैदान पर उतरे और अकेले ही 175 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल डाली. इंडिया का स्कोर जहां 17 रनों पर पांच विकेट था, उसे 60 ओवरों में 266/8 पर ले गए.
कपिल देव ODI में सेंचुरी मारने वाले भारत के पहले कप्तान बने. उनकी इस आतिशी पारी की बदौलत उस दिन इंडिया ने ज़िम्बाब्वे को 31 रनों से हरा दिया. ये कपिल देव की वन एंड ओनली सेंचुरी थी. कपिल देव की इस एक्स्ट्रा-ऑर्डिनरी इनिंग को सुनील गावस्कर जैसे दिग्गज 'बेस्ट वनडे इनिंग एवर' बताते हैं.
कपिल देव ने उस दिन भारत को मैच तो जिताया लेकिन फ़िर भी उनकी इतनी बड़ी पारी और भारत की इतनी बड़ी जीत फीकी रह गई. वजह मैच टेलीकास्ट करने वाले नेटवर्क बीबीसी की हड़ताल. इसलिए ना ही इस मैच को कैमरे पर रिकॉर्ड किया गया और ना ही इसकी कमेंट्री हुई. सिर्फ़ मैदान पर उस दिन मौजूद दर्शकों और खिलाड़ियों को ही कपिल देव की वो पारी देखना नसीब हुई.
लेकिन उस ऐतिहासिक पारी के करीब 38 साल बाद अब आप कपिल देव की वो पारी और उसका रोमांच महसूस कर पाएंगे. क्यूंकि ट्रेलर की शुरुआत ही उस मैच से होती है, जिसे आजतक किसी ने स्क्रीन पर नहीं देखा है. फ़िल्म में ही सही लेकिन देश के करोड़ो क्रिकेट और कपिल प्रेमियों के लिए फ़िल्म का ये मोमेंट सबसे यादगार रहने वाला है.
रणवीर सिंह बहुत हद तक कपिल देव लग रहे हैं.
उस 83 की टीम हिस्सा रहे पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आज़ाद ने भी कू एप पर '83' के ट्रेलर को शेयर किया. शेयर करते हुए लिखा,
"अंडरडॉग्स की कमाल कहानी जिन्होंने असंभव को संभव करके दिखा दिया"
 
#पर्दे के पीछे के लोग '83' को डायरेक्ट किया है कबीर खान ने. फिल्म की कहानी कबीर खान, वासन बाला और संजय पूरन सिंह चौहान ने मिलकर लिखी है. ट्रेलर में दिखे शॉट्स से असीम मिश्रा की सिनेमैटोग्राफी उम्दा लग रही है. हालांकि ट्रेलर में जो कमी खटकती है वो है प्रीतम के म्यूजिक की, जो फिल्म के हिसाब से उतना माहौल नहीं जमा पाता. हालांकि अभी ये थोड़ी जल्दबाजी होगी. पूरा म्यूजिक रिलीज़ होने के बाद ही आंकलन करना सही रहेगा. एक कमाल ट्रिविया ये है फिल्म में कपिल देव की बेटी अविया देव असिस्टेंट डायरेक्टर हैं. #कब आएगी? '83' फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में आ जाएगी. फ़िल्म हिंदी के अलावा, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषा में भी रिलीज़ होगी. '83' को रिलाइंस एंटरटेनमेंट के साथ-साथ दीपिका और कबीर खान भी प्रोड्यूस कर रहे हैं.

Advertisement
Advertisement