पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर प्रचार अभियान जोर पकड़ना शुरू हो गया है. एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल सरकार को निशाने पर रखा है. वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है. एक रैली में उन्होंने दावा किया कि बंगाल में बीजेपी की सरकार आई तो राज्य में नॉनवेज खाने पर बैन लग जाएगा.
BJP को 'नॉनवेज' से चुनाव हराएंगी ममता बनर्जी?
Mamata Banerjee ने एक रैली में आरोप लगाए कि अगर राज्य में बीजेपी की सत्ता आ गई तो लोग नॉनवेज नहीं खा पाएंगे. उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बीजेपी किसी धर्म में विश्वास नहीं रखती, उनका काम लोगों को लड़ाकर चुनाव जीतना है.


द प्रिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, ममता बनर्जी ने 29 मार्च को बंगाल के पुरुलिया में एक रैली की. इस रैली में उन्होंने बीजेपी पर ‘दंगे भड़काने’ का आरोप लगाया. उन्होंने कहा,
बीजेपी शासित राज्यों में मछली नहीं खाई जाती. बीजेपी सत्ता में आई तो आप मांस या अंडे भी नहीं खा पाएंगे. बीजेपी एकतरफा काम करती है. वे किसी धर्म में विश्वास नहीं रखते. ये लोग दंगे भड़काते हैं और लोगों की हत्या करके सत्ता में आते हैं.
ममता बनर्जी ने बीजेपी पर आदिवासी, महिलाओं और बांग्ला भाषी लोगों पर हमला करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा,
आदिवासियों और महिलाओं पर ज्यादातर हमले बीजेपी शासित राज्यों में होते हैं. हमारे बांग्ला भाषी लोगों पर भी दूसरे राज्यों में हमले होते हैं. हम किसी पर अत्याचार नहीं करते हैं.
तृणमूल कांग्रेस ने कई मौकों पर दूसरे राज्यों में बंगाली श्रमिकों पर हुए हमलों को लेकर बीजेपी की आलोचना की है. साल 2026 विधानसभा चुनाव में पार्टी इसको चुनावी मुद्दे के तौर पर भुनाने में जुटी है.
दिलीप जायसवाल ने उठाया घुसपैठ का मुद्दा
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल 30 मार्च को बंगाल पहुंचे. यहां उन्होंने बांग्लादेश से होने वाली घुसपैठ को लेकर चिंता जाहिर की. जायसवाल ने कुछ क्षेत्रों में खुले बॉर्डर्स और बाड़बंदी की कमी का हवाला दिया. उन्होंने इस समस्या को रोकने के लिए बाड़बंदी करने के गृह मंत्री अमित शाह के फैसले का समर्थन किया. मीडिया से बात करते हुए जायसवाल ने कहा,
पश्चिम बंगाल की सीमा बांग्लादेश से लगती है. पिछले 30-40 सालों से घुसपैठिए इसका फायदा उठाते रहे हैं. वे उन रास्तों से घुसपैठ की कोशिश करते हैं जहां बाड़ नहीं है. गृह मंत्री ने घुसपैठ रोकने के लिए बाड़ लगाने पर जोर दिया है.
इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपनी रैली में बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा उठाया था.
पश्चिम बंगाल में दो फेज में वोटिंग होनी है. पहले फेज की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे फेज की वोटिंग 29 अप्रैल को होनी है. साल 2021 में बंगाल में 8 फेज में विधानसभा चुनाव हुए थे. इस चुनाव में TMC ने 213 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी के खाते में 77 सीटें आई थीं. वहीं कांग्रेस और लेफ्ट फ्रंट का खाता भी नहीं खुल पाया था.
वीडियो: राजधानी: क्या पश्चिम बंगाल में ओवैसी की एंट्री से ममता बनर्जी का मुस्लिम वोट बैंक घट जाएगा?



















