मध्यप्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट पर 7 मई को हुई वोटिंग के दौरान एक पोलिंग बूथ पर नाबालिग बच्चे से वोट डलवाने का वीडियो सामने आया है. इसमें भगवा गमछा डाले एक शख्स नाबालिग बच्चे से वोट डलवाता नजर आ रहा है. वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान BJP के जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर के तौर पर हुई है. कांग्रेस का कहना है कि विनय मेहर ने अपने नाबालिग बेटे से वोट डलवाया, इसका वीडियो बनाकर फेसबुक पर भी डाला. हालांकि, अब विनय मेहर के फेसबुक अकाउंट पर ऐसा कोई वीडियो नहीं है. लेकिन सोशल मीडिया पर बच्चे से वोट डलवाने वाला ये वीडियो वायरल है.
बच्चे से EVM पर पड़वाया वोट, वीडियो भी बनाया, आरोपी का 'BJP कनेक्शन'
भोपाल के कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के आधिकारिक X अकाउंट पर बताया गया है कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है. वहीं संबंधित पीठासीन अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है.

वायरल वीडियो में विनय मेहर बच्चे के हाथों EVM का बटन दबवा रहे हैं. इसके बाद VVPAT मशीन पर कमल के फूल की पर्ची बनी हुई आ रही है. मामला बैरसिया इलाके का बताया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- BJP के विजय भाभोर ने जिस पोलिंग स्टेशन की EVM को 'हमारे बाप की' कहा, वहां फिर से वोटिंग होगी
आजतक के रवीश पाल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने इस मामले की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह द्वारा इस मामले की जांच कराई गई, जो सही पाया गया. इसके बाद संबंधित पोलिंग बूथ पर तैनात पीठासीन अधिकारी संदीप सैनी को निलंबित कर दिया गया है.
बच्चे से वोट डलवाने वाले शख्स पर FIRइसके साथ ही आरोपी विनय मेहर के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 128 (वोटिंग की गोपनीयता भंग करना) और IPC की धारा 188 (सरकारी या कानूनी निर्देश या नियम तोड़ना) के तहत FIR दर्ज कराई गई है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वो वोटिंग के क्षण को यादगार बनाने के लिए पोलिंग सेंटरों के बाहर बने सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी ले सकते हैं, लेकिन इस तरह से मतदान की गोपनीयता भंग ना करें.
वीडियो: 'राहुल गांधी के नेतृत्व में...' फेक वीडियो मामले में कांग्रेस पर भड़के अमित शाह












