इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 8 जनवरी 2017 को उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आए लगभग 35 खाप नेताओं ने मुजफ्फरनगर के खराड़ में एक खाप-सभा का आयोजन किया था. ये आयोजन जाट आरक्षण समिति की तरफ से कराई गई थी. सभा में खाप नेताओं ने मोदी सरकार के कार्यकाल की खूब आलोचना की. सभा में जाट आरक्षण, किसान कर्ज, फसल का उचित न्यूनतम राशि, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान, नोटबंदी से फसल की बुआई में हुई दिक्कत जैसे मुद्दे छाए रहे. खाप नेताओं ने लोगों से इस विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराने का ऐलान किया. इस आयोजन में मुस्लिम जाट भी शामिल थे.

खाप पंचायत की सांकेतिक तस्वीर
2014 के लोक सभा चुनाव के दौरान पश्चिमी यूपी के इस बेल्ट में जाट समुदाय के लोगों ने बीजेपी को पूरी तरह से सपोर्ट किया था. इसी का परिणाम था कि लोक सभा के चुनाव में बीजेपी ने इस क्षेत्र में क्लीन स्वीप किया. ट्रेडिशनली इस बेल्ट में जाट समुदाय के लोग राष्ट्रीय लोक दल को वोट करते आ रहे थे. चौधरी अजीत सिंह, राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष हैं. और पूर्व प्रधानमंत्री और किसान नेता स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के बेटे हैं. चौधरी चरण सिंह का नाम आज भी जाटों में बहुत मशहूर है. वो जाटों के सबसे बड़े नेता थे. और ऐसा माना जा रहा है कि इस आयोजन का मकसद आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जाटों को राष्ट्रीय लोक दल के पक्ष में ध्रुवीकृत करने का है.

राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह
चौधरी सुभाष बालियान सर्व खाप के महामंत्री हैं. सर्व खाप के भीतर यूपी और हरियाणा की लगभग 365 खाप पंचायत आती हैं. बालियान ने कहा, “मोदी सरकार के फैसलों को लेकर जाटों में काफी गुस्सा है, इन्होंने जाटों को आरक्षण नहीं दिया. और न ही विकास के वादे को पूरा किया. हमने इस सरकार पर भरोसा कर वोट दिया था. लेकिन आगे ऐसा नहीं होगा.” साथ ही बालियान ने कहा, “मुजफ्फरनगर दंगों ने बीजेपी को फायदा पहुंचाया. लेकिन इसका अंजाम हमें भुगतना पड़ रहा है. हमारे बच्चे जेलों में बंद हैं. बीजेपी चाहती है कि हम बस बेवजह मुसलमानों से लड़ते रहें.”
चौधरी नरेश टिकैत एक बड़े खाप नेता हैं. और इस आयोजन में वो भी शामिल हुए थे. उन्होंने कहा, “केवल जाट ही नहीं बल्कि पूरा किसान समुदाय इस सरकार की वजह से परेशान हैं. हमारे साथ धोखा हुआ है, हमें उम्मीद थी कि गन्ना फसल के अच्छे दाम मिलेंगे. लेकिन हमारी फसल का सही मूल्य ही नहीं मिल पा रहा है. नोटबंदी ने किसानों की कमर तोड़ दी है. इस सरकार को किसान की परेशानियों से कोई मतलब नहीं है.” एक और खाप नेता चौधरी जीतेंद्र सिंह हु़ड्डा ने कहा कि इस बार के चुनाव में मुसलमान और जाट एकसाथ हैं. और बीजेपी को अच्छा सबक सिखाएंगे.
ये स्टोरी आदित्य प्रकाश ने की है
ये भी पढ़ें :











