आईटी कंपनी Accenture ने अपने कर्मचारियों के लिए सालााना वेतन वृद्धि (Salary hike) देने के तरीके में बदलाव किया है. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि कंपनी सालाना इंक्रीमेंट वाला आधा पैसा एकमुश्त कैश में और आधा पैसा कर्मचारी की बेसिक सैलरी में जोड़ देगी.
सैलरी इंक्रीमेंट का आधा कैश मिलेगा, Accenture का कर्मचारियों के लिए ये कैसा प्लान?
कंपनी के भारत में करीब 3.5 लाख कर्मचारी काम करते हैं. वो हर साल जून में इंक्रीमेंट करती है. इसके अलावा दिसंबर में बोनस भी देती है.


रिपोर्ट के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत कर्मचारी की जितनी सैलरी बढ़ेगी, उस बढ़ी सैलरी का 50 पर्सेंट कर्मचारी के मूल वेतन (बेसिक सैलरी) में जोड़ा जाएगा. बाकी बचा 50 पर्सेंट वेतन बढ़ोतरी (इंक्रीमेंट) वाला पैसा एकमुश्त कैश भुगतान कर दिया जाएगा. उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी के वेतन में 3% की वृद्धि को मंजूरी मिल जाती है तो 1.5% बेसिक सैलरी में जोड़ा जाएगा. बाकी का 1.5% जून में एकमुश्त कर्मचारी को कैश दे दिया जाएगा.
कंपनी हर साल जून में इंक्रीमेंट करती है. नया सैलरी स्ट्रक्चर भारत में काम करने वाले करीब 3.5 लाख कर्मचारियों सहित दुनियाभर में काम करने वाले कर्मचारियों पर लागू किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: एथेनॉल से अब खाना बनेगा, एटीएम लगेंगे... सरकार का नया प्लान पता लगा!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नया सैलरी हाइक मॉडल कर्मचारियों के हाथ में तत्काल कैश देने के लिए डिजाइन किया गया है. कंपनी ने कहा कि पिछले साल जिन कर्मचारियों का पद (लेवल) नहीं बदला था यानी उसी पद पर बने रहे थे, उन्हें सिर्फ मामूली इंक्रीमेंट दिया गया था. लेकिन इस साल कंपनी ने ज्यादा कर्मचारियों को बेसिक सैलरी बढ़ाने के दायरे में शामिल किया है.
इसके लिए कंपनी की तरफ से मंजूर किए गए इंक्रीमेंट को दो हिस्सों में बांटा गया है. इसके तहत एक हिस्सा बतौर स्थायी वेतन वृद्धि के रूप में मिलेगा. वहीं, दूसरा हिस्स एक बार मिलने वाले भुगतान के रूप में दिया जाएगा.
एक्सेंचर ने कहा है कि जो पैसा कंपनी इंक्रीमेंट के मद में एकमुश्त कैश देगी वह पैसा कंपनी के सालाना मिलने वाले बोनस से अलग रहेगा. कंपनी अपने कर्मचारियों को हर साल दिसंबर महीने में बोनस भी देती है.
वीडियो: संसद मार्च से पहले अभिजीत दिपके ने तोड़ी भूख हड़ताल, सोनम वांगचुक के लेटर में क्या?











