दुनिया के सबसे खूबसूरत अहसासों में से एक है मां बनना. एक मां अपने बच्चे के लिए वो हर एक चीज करती है, जो बच्चे के चेहरे पर हंसी ला दे. लेकिन, एक मां के तौर पर चुनौती थोड़ी बढ़ जाती है, जब बच्चों की परवरिश का जिम्मा अकेले मां पर ही आ जाता है. सिंगल मदर्स. मां-बाप दोनों का किरदार निभाती हुई. मां के दिल जैसा दुनिया में कोई दिल नहीं.
ऐसी ही एक मां हैं व्हाटिनी किटरेल. अमेरिका में रहती हैं. सिंगल मॉम हैं. अपने 5 साल के बच्चे ल्यूकस के लिए व्हाटिनी ने उसके बाप का अवतार ले लिया. दरअसल ल्यूकस के स्कूल में एक ऐसा इवेंट हो रहा था, जिसमें स्टूडेंट्स को अपने पापा के साथ ब्रेकफास्ट करना था. इवेंट का नाम था, ‘डोनट्स विद डैड’.
ल्यूकस अपने नाना के साथ भी स्कूल जा सकता था, लेकिन उसने कहा कि वो अपनी मम्मा (व्हाटिनी किटरेल) के साथ ही जाएगा. मां ने भी बच्चे की खुशी के लिए अपना अवतार बदल लिया. लड़कों वाले कपड़े पहने. चेहरे पर मेकअप किया और दाढ़ी-मूंछ बना डाली. अब ल्यूकस अपने स्कूल के डोनट्स विद डैड वाले इवेंट में पापा के साथ जाने को तैयार था.

व्हाटिनी ने अपना ये पूरा एक्सपीरियंस इंस्टाग्राम और फेसबुक पर शेयर किया है. इस पोस्ट को अब तक 2 लाख लोगों से ऊपर लोग लाइक कर चुके हैं और तकरीबन 1 लाख से ज्यादा लोग अपनी टाइमलाइन पर शेयर कर चुके हैं. व्हाटिनी ने पोस्ट में लिखा:
3 साल पहले जब मैं सिंगल मां बनी, तो मैंने खुद से वादा किया कि मैं अपने बच्चों को ‘नॉर्मल लाइफ’ देने के लिए वो सब करूंगी, जो मैं कर सकती हूं. हमने बहुत कुछ हासिल भी कर लिया. हम घूमते हैं, मस्ती करते हैं, हम ढेर सारी यादें बटोर रहे हैं. लेकिन जब मेरे बेटे के स्कूल वाले घर आए और बताया कि वो स्कूल में ‘डोनट्स विद डैड’ नाम का इवेंट कराने जा रहे हैं, तो मेरे दिल में एक कसक उठी. मैंने अपने बेटे को बिठाकर पूछा कि तुम अपने नाना के साथ जाना चाहो तो चले जाओ. मेरा बेटा बस मुस्कराया और बोला कि नहीं, आप चलोगे मेरे साथ. आप मेरे मम्मा भी हो और पापा भी. फिर मैं भी पापाओं वाले कपड़े उठा लाई, अपने चेहरे पर मूंछ बनाई और अपने बेटे के साथ उसके स्कूल गई. मैं हिचक रही थी, लेकिन जब मेरे बेटे ने अपने दोस्तों से मुझे ऐसे मिलाया कि ये मेरी मां हैं और ये ही मेरे पापा भी, इसलिए मैं इन्हें ही लेकर आया, मैं मुस्करा उठी. जाने कितना कामयाब हो रही थी मैं, लेकिन मैं उनको खुश देखने के लिए अपना बेस्ट दे रही हूं. मैं जब स्कूल से वापस आने लगी तो मेरा बेटा दौड़कर आया मेरे पास. मुझे गले लगाया और मेरे कान में बोलकर गया कि मम्मा, मुझे मालूम है तुम हमेशा मेरे पास रहोगी और मेरे लिए कुछ भी करोगी. थैंक यू, लव यू. उसने मेरा गाल चूमा और वापस भाग गया. मुझे उम्मीद है कि उसे ये दिन याद रहेगा. मैं तो ये दिन और उसकी ये प्यारी बातें कभी नहीं भूल सकती.
व्हाटनी किटरेल का इंस्टा पोस्ट
ऐसी ही एक और सिंगल मदर ने अपने बच्चे की खुशी के लिए उसके पापा का रूप धरा था. सितंबर 2016 की बात है. टेक्सास में एवीत अपने बेटे एलिजा के साथ रहती थीं. एक सुबह अपने बेटे को स्कूल छोड़ने आईं, तो पता चला कि स्कूल में ‘डोनट्स विद डैड’ इवेंट है. येवेट अपने बच्चे को अकेला नहीं फील कराना चाहती थीं. उन्होंने फटाफट गाड़ी घुमाई. जब वो लौटीं, तो एक चेक शर्ट में थीं. बेसबॉल कैप लगा रखी थी. उन्होंने एक मूंछ भी लगाई थी. एलिजा अब अपने पापा के रूप में अपनी मम्मी के साथ स्कूल जाने के लिए तैयार था. सिंगल मदर एवीत के इस अनूठे प्यार और तरकीब को देखकर सबने उनकी खूब तारीफ की थी.

सिंगल मदर होना थोड़ा मुश्किल तो है, लेकिन बिना किसी पूर्वाग्रह के हम सब सिंगल मदर्स का साथ दें, तो सब कुछ बहुत आसान हो जाता है. हम एक ऐसा माहौल बना दें, जिसमें एक बच्चे के लिए उसके बाप का होना कोई दिक्कत वाली बात न हो. आइसलैंड इसका सबसे अच्छा उदाहरण है, जहां 67% बच्चों की परवरिश या तो सिंगल मां कर रही या सिंगल बाप. लेकिन आइसलैंड सारे बने-बनाए मापदंडों को तोड़ता हुआ हैपीनेस इंडेक्स में 10 में 7.5 नंबर लाकर दुनिया के सबसे खुश लोगों में से एक है.
ये भी पढ़ें:
दुनिया के इस देश में कोई हराम-ज़ादा नहीं होता
इस राज्य में औरतों की चलती है, लेकिन पॉलिटिक्स में नहीं
वैलेंटाइन्स डे पर भगवान कृष्ण को मिल रहा है सरप्राइज गिफ्ट
इस इंडियन लड़के ने विदेश में हमारा सर ऊंचा किया है
अगर पाक आर्मी अपने चीफ की बात मान ले तो भारत से संबंध एक सप्ताह में सुधर जाएं






























