The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Bali 4 Indian Tourists Stealing Hotel Items And Checking Out FIR Not Registered Indonesia

बाली घूमने गए भारतीय होटल का सामान चुराते धरे गए, वीडियो शर्म से पानी-पानी कर देगा

घटना उस वक्त सामने आई, जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तरुण गौतम नाम के एक शख्स ने एक वीडियो शेयर किया. साथ ही चारों भारतीयों को अपने पोस्ट में जमकर सुनाया.

Advertisement
pic
22 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 10:20 PM IST)
Indonesia, Bali
बाली में 4 भारतीय होटल का सामान चोरी करके खिसक रहे थे. (फोटो- सोशल मीडिया)
Quick AI Highlights
Click here to view more

इंडोनेशिया के बाली शहर में 4 भारतीयों को होटल से चेक आउट करते समय रोक लिया गया. चारों पर होटल का सामान चुराने का आरोप लगा है. हालांकि, मामले में होटल मैनेजमेंट ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की. आपसी बातचीत से मामले को सुलझा लिया. बाद में टूरिस्ट को चेक आउट करने दिया गया.

घटना उस वक्त सामने आई, जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तरुण गौतम नाम के एक शख्स ने एक वीडियो शेयर किया. साथ ही चारों भारतीयों को अपने पोस्ट में जमकर सुनाया. तरुण ने पोस्ट में लिखा,

‘भारतीय टूरिस्ट सबक नहीं सीखते. उबुद बाली (इंडोनेशिया) में ठहरे कुछ भारतीय टूरिस्टों को होटल के स्टाफ ने होटल से सामान चुराते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. आप किसी दूसरे देश में जाकर इतनी घटिया हरकत या अपराध क्यों करेंगे? एक भारतीय होने के नाते, यह देखना बेहद शर्मनाक है.’

द बाली टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय पुलिस ने बताया कि घटना 19 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे (स्थानीय समय) पयांगन जिले के केलुसा गांव स्थित असवारा रिजॉर्ट उबुद की है. चोरी के बारे में स्थानीय पुलिस की प्रवक्ता Gusti Ngurah Suardita ने जानकारी दी. उनके मुताबिक, चारों टूरिस्ट 16 अप्रैल को होटल में ठहरने आए. यहां उन्होंने 3 दिन 2 रात के लिए दो रूम बुक किए थे. 19 अप्रैल की सुबह उन्हें चेक आउट करना था. अभी तक सारा मामला सही-सही चल रहा था. 

लेकिन जब चारों टूरिस्टों के चेक आउट करने का समय आया तो रिजॉर्ट के कर्मचारियों ने पाया कि रूम से कई सारी चीजें गायब हैं. उन्होंने फौरन टूरिस्ट को रोक दिया और उनके बैग की तलाशी लेने लगे. तलाशी के दौरान रूम से गायब समान टूरिस्ट के बैग से ही बरामद हुआ.

रिजॉर्ट के रूम से चुराई गई चीजों में तौलिया, पूल का तौलिया, हेयर ड्रायर, किमोनो रोब (नाइट गाउन जैसा एक ड्रेस), डोरमैट, टीवी रिमोट बॉक्स और कुछ बर्तन शामिल थे. ये सारा सामान टूरिस्ट बैग में भरकर ले जा रहे थे. 

बता दें कि चोरी की घटना के बाद भी रिजॉर्ट मैनेजमेंट ने चारों पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की. आपस में बातचीत से मामला सुलझा लिया.

वीडियो: नेपाल के गृह मंत्री ने इस्तीफा दे दिया, लेकिन क्यों?

Advertisement

Advertisement

()