गांधी जयंती पर नेताओं ने दी बापू को श्रद्धांजलि, देश-विदेश में ऐसे याद किए गए महात्मा
महात्मा गांधी की जयंती पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई बड़े नेताओं ने दिल्ली में राजघाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
.webp?width=210)
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) की 154वीं जयंती पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President of India Draupadi Murmu) ने दिल्ली के राजघाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला (Om Birla) और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) भी 2 अक्टूबर को राजघाट पहुंचे.
नेताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए अपने विचार भी साझा किए. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा गया,
"उनके विचार महज बेकार का विचार-विमर्श नहीं थे, बल्कि उनके निरंतर अभ्यास का परिणाम थे. जो फिलॉसफी जीवन का हिस्सा न हो, वो उनके अनुसार, "धूल की तरह सूखी' थी. उनके विचार, शब्द और कर्म एक जैसे थे."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बापू को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा,
"गांधी जयंती के विशेष अवसर पर मैं महात्मा गांधी को नमन करता हूं. उनकी कालजयी शिक्षाएं हमें रास्ता दिखाती हैं. महात्मा गांधी का प्रभाव दुनियाभर में है, जो हम सभी लोगों के लिए एकता और करुणा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है. हम हमेशा उनके सपनों को पूरा करने की दिशा में काम करते रहें. उनके विचार सभी युवाओं को बदलाव का वाहक बनाएं, जिसका उन्होंने सपना देखा था. इससे हर जगह एकता और सद्भाव को बढ़ावा मिले."
उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गांधी जयंती के मौके पर कहा,
"गांधी जयंती पर जब हम राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं तो आइए सत्य और अहिंसा के उनके सिद्धांतों को याद करें, जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम का मार्गदर्शन किया. भारत की प्रगति के लिए आत्मनिर्भरता और सार्वभौमिक भाईचारे के उनके दृष्टिकोण को कायम रखने का संकल्प लें."
ये भी पढ़ें- G20 के नेताओं ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने गांधी जयंती पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा,
"राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन. सत्य, अहिंसा, प्रेम और शांति पर आधारित उनके आदर्शों ने स्वतंत्रता संग्राम को नई शक्ति दी. उनके सार्वभौमिक विचार हर इंसान के कल्याण के लिए हैं. बापू सदैव मानवता के लिए पूज्य रहेंगे."
राज्यसभा सांसद और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मौके पर लिखा,
"पूरी दुनिया को सत्य-अहिंसा एवं शांति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करने वाले, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के सूत्रधार, राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी के विचार व उनके आदर्श हमारे लिए आज भी प्रासंगिक हैं. सत्य, अहिंसा, शांति एवं समानता जैसे उनके विचारों को आज चुनौती मिल रही है, लेकिन बापू के सिखाए गए मूल्यों पर चल कर ही हम इसका मुकाबला कर रहे हैं."
वहीं, कांग्रेस के नेता और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने एक वीडियो पोस्ट कर लिखा,
"सत्य, अहिंसा और सौहार्द का रास्ता, भारत को जोड़ने का रास्ता महात्मा गांधी ने ही दिखाया था. बापू को उनकी जयंती पर शत शत नमन."
ये भी पढ़ें- महात्मा गांधी की अहिंसा, प्रेम ने ली थी कस्तूरबा की जान
गांधी जयंती पर भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
"महात्मा गांधी की जयंती पर मैं उनकी स्थायी विरासत से बहुत प्रभावित हूं. उनका अहिंसा का संदेश दुनिया भर में समानता और न्याय के लिए आशा की किरण बना हुआ है. डॉक्टर मार्टिन लूथर किंग और अमेरिकी नागरिक अधिकार आंदोलन पर महात्मा गांधी का गहरा प्रभाव हमें उनके आदर्शों की शक्ति की याद दिलाता है."
फ्रेंच एंबेसी ने महात्मा गांधी की जयंती पर लिखा,
"गांधी जयंती पर राजदूत थिएरी माथौ और दूतावास के सभी लोगों ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. हम उनके शांति, सहिष्णुता और अहिंसा के मूल्यों का सम्मान करते हैं. उन्होंने हमेशा इनका पालन किया."
गांधी जयंती के मौके पर अहमदाबाद के साबरमती आश्रम के हृदय कुंज में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया.
झारखंड के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस मौके पर रांची में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए.
मुख्यमंत्री सोरेन ने अपने X अकाउंट पर इस आयोजन की तस्वीरें पोस्ट कर लिखा,
"सत्य, अहिंसा और प्रेम का अटल जीवन जीकर पूरी दुनिया को शांति, सद्भावना, मानवता और अधिकार का संदेश देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर शत-शत नमन. आज गांधी जयंती के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और जोहार. बापू का जीवन, बापू के विचार हमें सदैव प्रेरणा देते रहेंगे."
ये भी पढ़ें- आज़ादी के जश्न में महात्मा गांधी क्यों मौजूद नहीं थे?
मणिपुर की राज्यपाल अनुसूइया उइके और मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने भी राजधानी इंफाल में महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया.
राज्यपाल उइके ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि दुनिया को शांति, अहिंसा और प्रेम के मार्ग पर चलने का संदेश देने वाले हमारे राष्ट्रपिता, महात्मा गांधी जी को शत शत नमन.
वीडियो: महात्मा गांधी की हत्या में RSS की भूमिका नहीं, गवर्नर ने किस रिपोर्ट का दावा कर चौंका दिया?

