आपके माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट का सिंगल यूज रिकवरी कोड (Microsoft single use recovery code email) इस्तेमाल के लिए तैयार है. अगर ऐसा कोई मेल या मैसेज आपको आया है तो जान लीजिए कि साइबर ठग आपके ईमेल में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे. पता है-पता है, आप कहोगे कि अपना तो कोई माइक्रोसॉफ्ट वाला अकाउंट है ही नहीं. हम तो जीमेल वाले हैं. दोस्त ऐसा आपको लगता है क्योंकि पूरे चांस हैं कि आप ऑफिस में या अपने बिजनेस में जो ईमेल इस्तेमाल करते हों उसके अंदर का शरीर माइक्रोसॉफ्ट का हो सकता है. इसलिए खतरे की जद में तो आप भी हैं.
स्कैम अलर्ट: माइक्रोसॉफ्ट से रिकवरी कोड वाला मेल आया? क्लिक मत कर लेना
माइक्रोसॉफ्ट सिंगल यूज रिकवरी कोड वाला मेल कई यूजर्स को (Microsoft single use recovery code email) आ रहा है. रेडिट से लेकर फेसबुक पर कई यूजर्स मेल का स्क्रीन शॉट साझा कर रहे हैं. अगर आपको भी ऐसा कोई मेल आया है तो उसको डिलीट मार दीजिए. ये एक फिशिंग मेल है.


माइक्रोसॉफ्ट ईमेल का नाम लेते ही अमूमन outlook.com से बने ईमेल की याद आती है. लेकिन ये सिक्के का एक पहलू है. दुनिया भर के कई ऑफिस और बिजनेस ईमेल भी आउटलुक पर काम करते हैं. उदाहरण के लिए मेरा ईमेल suryakant.mishra@lallantop.com माइक्रोसॉफ्ट पर काम करता है. माने डोमेन भले Lallantop है मगर उसका सर्वर आउटलुक होगा. ऐसे ही कई आउटलुक अकाउंट को सिंगल यूज कोड का ईमेल और मैसेज आ रहा है. रेडिट से लेकर फेसबुक पर कई यूजर्स ने इसके बारे में पोस्ट किया है. cybersecurity_help नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया,
मुझे एक ईमेल मिला है जिसमें लिखा है कि मेरा माइक्रोसॉफ्ट सिंगल यूज रिकवरी कोड इस्तेमाल के लिए तैयार है, जबकि मैंने इसके लिए कभी रिक्वेस्ट नहीं किया था. मैं सोच रहा हूं कि क्या यह ईमेल मेरी जानकारी चुराने की कोशिश कर रहा है या फिर किसी के पास पहले से ही जानकारी है और वह मेरे अकाउंट तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है. इस स्थिति में मुझे क्या कदम उठाने चाहिए? आपकी मदद के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद.

Dan Lee Henson ने फेसबुक पोस्ट करके बताया कि उनको माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट रिकवरी का मेल आया है.

अब मेल तो आया है लेकिन आपको क्या करना है. कुछ नहीं. कुछ भी नहीं. कोई रिप्लाई नहीं और किसी लिंक पर क्लिक भी नहीं. अगर आपने कुछ किया, माने लिंक पर क्लिक किया या मेल पर रिप्लाई तो फिर वही होगा जो मंजूर-ए-ठग होगा. अभी तक ठग आपके मेल में घुसा नहीं है बल्कि फिशिंग लिंक भेजकर आपको दाना डाल रहा है. मेल में आपके अकाउंट को हैक करने की लिंक होगी.
माइक्रोसॉफ्ट या दूसरे किसी भी ईमेल अकाउंट का कोड सिर्फ आपके अकाउंट की सेटिंस और Authenticator ऐप से ही जनरेट हो सकता है. इसके लिए भी बाकायदा पूरा प्रोसेस फॉलो करना पड़ता है. इसलिए ऐसे ईमेल को देखते ही डिलीट का बटन दबा दीजिए.
वीडियो: पुराने बयान की वजह से नई मुश्किल में फंसे अनुराग कश्यप, अब क्या करेंगे?






















