विरेंदर सहवाग (Virender sehwag). भारत के पूर्व विस्फोटक ओपनर. मैदान के अंदर बोलर्स में खौफ़ पैदा करने वाले वीरू, रिटायरमेंट के बाद सोशल मीडिया पर ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए नज़र आते हैं. मैदान पर पाकिस्तानी बोलर्स की जमकर ख़बर लेने वाले सहवाग ने अब एक अति उत्साहित पाकिस्तानी टीवी होस्ट की बैंड बजाई है.
दरअसल जोश में होश खोने वाले ज़ैद हामिद नाम के पाकिस्तानी होस्ट क्रिकेटर आशीष नेहरा को नीरज चोपड़ा समझ बैठे. महानुभाव ने अपने देश के एथलीट अरशद नदीम को बधाई देते हुए आशीष नेहरा का नाम लिख दिया. इसी बात को लेकर सहवाग ने पाकिस्तानी होस्ट की धज्जियां उड़ा दी.
'चिचा, नेहरा अभी UK...' सहवाग ने बंद की नीरज के चक्कर में नेहरा पर झपटे पाकिस्तानी की बोलती!
पिच के बाहर भी ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे हैं सहवाग.


दरअसल पाकिस्तानी होस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में रिकॉर्ड 90 मीटर के पार भाला फेंक गोल्ड मेडल जीतने वाले अरशद नदीम को बधाई दे रहे थे. इस बधाई के जरिए वो नीरज चोपड़ा से नदीम की तुलना करना चाहते थे. लेकिन इसी दौरान उनसे 'गलती से मिस्टेक' हो गई. पूर्व क्रिकेटर आशीष नेहरा को वो नीरज चोपड़ा समझ बैठे. हामिद ने लिखा,
‘जो बात इस जीत को और भी बेहतरीन बनाती है, वो ये है कि इस पाकिस्तानी एथलीट ने भारतीय जेवलिन थ्रोअर आशीष नेहरा को तबाह कर दिया है. पिछले मुकाबले में आशीष ने अरशद नदीम को हराया था. कितना शानदार बदला लिया.’
मैदान पर खराब गेंद को नहीं छोड़ने वाले सहवाग ने यहां भी मिले मौका का फायदा उठा चौका जड़ दिया. सहवाग ने जैद हामिद को ट्रोल करते हुए लिखा,
‘चिचा, आशीष नेहरा इस वक्त यूके के प्रधानमंत्री पद के चुनाव की तैयारियां कर रहे हैं. तब तक मजे करो.’
बता दें कि कई लोगों को लगता है कि नेहरा की शक्ल ऋषि सुनक से मिलती है. बोरिस जॉनसन सरकार में मंत्री रहे सुनक इस वक्त ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की रेस में हैं.
नदीम पर लौटें तो पाकिस्तानी जैवलिन थ्रोअर ने 90.18 मीटर की दूरी तय कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. ये किसी साउथ एशियन खिलाड़ी द्वारा किया गया सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था. इसी के साथ उन्होंने भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया था. नीरज चोपड़ा का रिकॉर्ड 89.94 मीटर का है. टोक्यो ओलंपिक्स में गोल्ड मेडल और वर्ल्ड एथलेटिक्स में सिल्वर मेडल जीतने वाले नीरज Commonwealth Games 2022 में हिस्सा नहीं ले पाए थे.
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के दौरान उनको ग्रोइन इंजरी हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने CWG से अपना नाम वापस ले लिया था. जबकि वर्ल्ड चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा ने अरशद नदीम को पीछे छोड़ते हुए सिल्वर जीता था. वहीं टोक्यो ओलंपिक्स में भी उन्होंने गोल्ड मेडल की जीत के दौरान अरशद नदीम को मात दी थी.
रूडी कोएर्टज़न के जाने के बाद क्रिकेटर्स ने उन्हें कैसे याद किया?






















