विराट कोहली. इंडियन T20 टीम के जाते हुए कप्तान. कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम T20 World Cup 2021 में अपने पहले दो मैच हार चुकी है. पाकिस्तान से हारने वाली टीम इंडिया अब न्यूज़ीलैंड से भी पस्त हो गई है. और इस हार के बाद कोहली ने अपने टीममेट्स की कड़ी आलोचना की. इस आठ विकेट की हार के बाद कोहली ने कहा,
'अजीब है. मुझे नहीं लगता कि हमने बैट और बॉल से वीरता दिखाई. डिफेंड करने के लिए बहुत कुछ नहीं है लेकिन फील्ड पर उतरते वक्त हम ब्रेव नहीं थे. जब भी हमने चांस लिया, हमने विकेट गंवाया. यह ज्यादातर बार हिचकिचाहट का नतीजा होता है कि आप शॉट लगाएं या नहीं.'
कोहली ने मैच के बाद ICC टूर्नामेंट्स में भारत से होने वाली उम्मीदों पर भी बात की. इस हार के बाद अब टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बेहद कम हो गई हैं. पहले मैच में 10 विकेट से हारने के बाद भारत दूसरे मैच में आठ विकेट से हारा है. और इन दो हार के बाद टीम का नेट रनरेट बुरी तरह से माइनस में हैं. कोहली ने न्यूज़ीलैंड से हार के बाद आगे कहा,
'जब आप इंडियन क्रिकेट टीम के लिए खेलते हैं तो लोगों को आपसे बहुत उम्मीदें होती हैं. सिर्फ फ़ैन्स से नहीं बल्कि प्लेयर्स से भी. इसलिए हमारे मैच में हमेशा ही ज्यादा प्रेशर होता है और हमने सालों तक इसका लुत्फ उठाया है. जो भी भारत के लिए खेलता है इसकी सराहना करता है. और जब आप एक टीम के तौर पर इसका सामना करते हैं तो इस प्रेशर से पार पा लेते हैं और हमने इन दो मैचों में ऐसा कुछ नहीं किया है. आप सिर्फ इसलिए अलग नहीं खेलने लगते क्योंकि आप भारतीय टीम में हैं और लोगों को आपसे उम्मीदें हैं. हमें आशावादी और पॉजिटिव रहते हुए नपे-तुले रिस्क लेने होंगे. हमें प्रेशर से अलग होकर अपनी प्रोसेस जारी रखनी होगी और पॉजिटिव क्रिकेट खेलनी होगी. मैं सोचता हूं कि हम ठीक हैं, अभी बहुत सा क्रिकेट खेलना जाना बाकी है.'
बता दें कि इस हार के बाद अब टीम इंडिया अपने ग्रुप में पांचवें नंबर पर है. भारत अपने पहले दो मैच हार चुका है. अब टीम को अफ़ग़ानिस्तान, नामीबिया और स्कॉटलैंड से खेलना है. भारतीय टीम अभी माइनस 1.609 के रनरेट के साथ सिर्फ स्कॉटलैंड से आगे है. टीम को अब सेमीफाइनल तक जाने के लिए किसी चमत्कार का इंतजार करना होगा. टीम का अगला मैच 3 अक्टूबर को अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ है.