The Lallantop

मोदी स्टेडियम में ऐसे टिके ख्वाज़ा, कि दोहरा गया सालों पुराना इतिहास!

इससे पहले सिर्फ 2017 में ऐसा हुआ था.

Advertisement
post-main-image
उस्मान ख़्वाजा (PTI)

उस्मान ख़्वाजा. ऑस्ट्रेलिया का इकलौता प्लेयर, जिसने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी में लगातार रन बनाए हैं. दूसरे टेस्ट में 81, तीसरे टेस्ट में 60 और अब चौथे टेस्ट में इस बल्लेबाज़ ने शतक जड़ दिया. इसके साथ ही उन्होंने कई सारे रिकॉर्ड्स भी अपने नाम कर लिए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

# Usman Khwaja Records

पिछले 10 साल में भारत में बैटिंग करते हुए सिर्फ दो बार ऐसा हुआ है, कि किसी विदेशी बल्लेबाज़ ने पूरे दिन बैटिंग की हो. यानी दिन की पहली बॉल से आखिरी बॉल तक. 10 साल में ऐसा करने वाले ख़्वाजा सिर्फ दूसरे प्लेयर बने हैं. इससे पहले श्रीलंका के बल्लेबाज़ दिनेश चांदीमल ने 2017 के दिल्ली टेस्ट में ये किया था. चांदीमल ने तीसरा दिन 25 रन पर शुरू किया था. और दिन ख़त्म होते-होते उन्होंने नाबाद 147 रन बना लिए थे. ख़्वाजा ने अहमदाबाद में चल रहे टेस्ट के पहले दिन 104 रन की नाबाद पारी खेली है.

Advertisement

ख़्वाजा पहले कंगारू बल्लेबाज़ हैं, जिन्होंने इस सीरीज़ में शतक जड़ा है. इसके साथ ही वो 2010 के बाद भारत में टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले लेफ्ट हैंडेड ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ भी बन गए हैं. बताते चले, 2022 में जब ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज़ में हराया था, तब उस्मान को प्लेयर ऑफ द सीरीज़ चुना गया था.

# उस्मान ने क्या कहा?

पूरे दिन बैटिंग करने के बाद उस्मान ने ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए कहा,

‘इस पारी से बहुत सारे इमोशन्स जुड़े हुए हैं. शतक लगाना एक लंबा सफर रहा है. बतौर ऑस्ट्रेलियाई, आप हमेशा ऐसा करना चाहते हैं. ये बहुत ख़ास है. हेड ने नई बॉल को अटैक किया. वो ताबड़तोड़ शॉट्स खेल रहे थे. वो देखना अच्छा था. इतना अच्छा विकेट था, मैं अपना विकेट नहीं गंवाना चाहता था. ये और किसी चीज़ से ज्यादा एक मानसिक युद्ध था. आपको प्रयास करते रहना होता है.’

Advertisement

# चौथा टेस्ट

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा और आखिरी टेस्ट मैच अहमदाबाद में खेला जा रहा है. गुरुवार, 9 मार्च से शुरू हुए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियन टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया. और दिन का खेल ख़त्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट खोकर 255 रन्स बना लिए हैं.

वीडियो: सचिन तेंडुलकर को पेप टॉक देकर, उनका सपना पूरा कर दिया!

Advertisement