The Lallantop

रोहित ने टीम से क्यों कहा, 'हमें नहीं भूलना है हम यहां कैसे पहुंचे हैं'?

‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ भी बने सूर्या.

Advertisement
post-main-image
भारत-ज़िमबाब्वे के मैच में सूर्य (फोटो - AP)

ज़िम्बाब्वे से जीतकर भारत सेमी-फ़ाइनल्स में पहुंच गया है. 71 रन से जीत दर्ज करने में स्टार प्लेयर रहे सूर्यकुमार यादव. 25 गेंदों में 61 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ भी सूर्यकुमार यादव ही बने. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मैच के बाद रिवायतन दोनों टीम्स के कप्तानों को भी प्रतिक्रिया देनी होती है. सो इस बार भी दी. भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने भी सूर्यकुमार यादव के फ़ॉर्म पर टिप्पणी की. रोहित ने कहा,  

‘वो (सूर्या) टीम के लिए जो कुछ भी कर रहा है, ज़बरदस्त है. खेलना हो या अगले बल्लेबाज़ से प्रेशर हटाना हो, दोनों ही टीम के नज़रिए से बहुत ज़रूरी हैं. हम उसकी क़ाबीलियत जानते हैं और इस वजह से दूसरे खिलाड़ियों को भी समय मिलता है. जिस आत्मविश्वास के साथ वो बल्लेबाज़ी करता है, टीम का डग-आउट (जहां टीम बैठती है), वो आश्वस्त रहता है. उसने काफ़ी संयम भी दिखाया है. हम उससे यही उम्मीद करते हैं और वो बेहतर से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है.’

Advertisement

इसके अलावा रोहित ने इंग्लैंड से होने वाले सेमी-फ़ाइनल के बारे में भी बात की. कहा कि हमारे लिए जल्द से जल्द कंडिशन्स से तालमेल बिठाना सबसे ज़रूरी होगा. भारत ने हाल ही में वहां एक मैच खेला है, लेकिन इंग्लैंड एक अच्छी चुनौती है. रोहित ने कहा,

‘हमें नहीं भूलना है कि हम यहां तक कैसे पहुंचे हैं. हमें बस उसी पर टिके रहना है और हर प्लेयर को समझना होगा कि उसे क्या करने की ज़रूरत है.’

#Ind vs Zim में क्या हुआ? 

मैच की बात करें तो रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद विराट कोहली ने 25 बॉल में 26 रन बनाए. केएल राहुल के पचासे के बाद टीम की बैटिंग का जिम्मा सूर्यकुमार यादव ने संभाला. सूर्या ने 25 बॉल पर 61 रन ठोककर इंडिया को 186 रन तक पहुंचा दिया. सूर्या की पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल थे.

Advertisement

जिम्बाब्वे की बैटिंग की बात करें तो इंडिया ने पहले दो ओवर में ही दो विकेट झटक कर क्रेग इरविन की टीम को बड़ा झटका दे दिया. हालांकि इसके बाद कैप्टन इरविन, शॉन विलियम्स, सिकंदर रज़ा और रायन बर्ल ने छोटी-छोटी पारियां खेल जिम्बाब्वे को टार्गेट के करीब पहुंचाने की कोशिश की. लेकिन जिम्बाब्वे की पारी 115 रन से आगे नहीं जा पाई और इंडिया ने ये मैच 71 रन से जीत लिया. इंडिया का अगला सेमीफाइनल मैच इंग्लैंड के खिलाफ 10 नवंबर को एडिलेड के मैदान पर खेला जाएगा. 

पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल में पहुंची, शोएब अख़्तर ने बांग्लादेश के लिए क्या कह दिया?

Advertisement