T20 वर्ल्डकप 2022. पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच 13 नवंबर को मेलबर्न में फाइनल मुकाबला खेला जाना है. ट्रॉफी के सबसे बड़े मुकाबले से पहले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म ने टीम को मैच जीतने का मंत्र दिया है. बाबर आज़म ने इंडियन टीम की तरफ इशारा करते हुए टीम से कहा है कि अगर उन्हें मुकाबले में आगे होना है तो पावरप्ले का सही तरह से इस्तेमाल करना होगा.
फाइनल मुकाबले के लिए टीम इंडिया ने कैसे कर दी पाकिस्तान की मदद?
बाबर आज़म ने टीम को मैसेज दिया है.
.webp?width=360)

बाबर आज़म ने टीम को ये संदेश इसलिए दिया है. क्योंकि सेमीफाइनल में भारतीय टीम पावरप्ले का सही से इस्तेमाल नहीं कर पाई. जिसकी वजह से उन्हें मुकाबले में पिछड़ना पड़ा. भारत पहले बल्लेबाज़ी में पावरप्ले में महज़ 38 रन बना सका. इसके बाद गेंदबाज़ी में रन्स लुटाए वो अलग, एक विकेट भी हाथ नहीं आया.
इंग्लैंड के खिलाफ़ मैच में भारतीय टीम को इस खराब शुरुआत की खामियाज़ा भुगतना पड़ा. टीम बैटिंग में 15 ओवर में महज़ 100 रन ही जोड़ सकी. आखिर में हार्दिक ना होते तो स्कोर 168 तक भी नहीं जा पाता. इसके बाद इस स्कोर के जवाब में भारतीय गेंदबाज़ों ने पावरप्ले में रन्स लुटाए. जिसकी वजह से इंग्लैंड ने इस लक्ष्य को महज़ 16 ओवर में बिना कोई विकेट खोए चेज़ कर लिया.
फाइनल मुकाबले से पहले बाबर आज़म और पाकिस्तान को सेमीफाइनल में टीम इंडिया के खेल से मदद मिली है. उन्हें ये समझ में आ गया है कि फाइनल में उन्हें कैसे नहीं खेलना. बाबर ने कहा,
'आपको बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों में पावरप्ले का इस्तेमाल करना होगा. गेंदबाज़ी में आपको अपने प्लान्स पर काम करना होगा, विकेट्स निकालकर सामने वाली टीम पर दबाव बनाना होगा. वहीं जब बल्लेबाज़ी करेंगे तो एक टोन सेट करनी होगी. जिससे की आने वाले बल्लेबाज़ों के लिए काम आसान हो जाए. यहां (ऑस्ट्रेलिया में) पर मुकाबलों में पावरप्ले बहुत ज़्यादा असर डाल रहा है.'
पाकिस्तान टीम के कप्तान ने आगे कहा,
'मुझे लगता है हमारे लड़के शेरों की तरह खेले हैं और उसे ही जारी रखेंगे. मोमेंटम हमारे पक्ष में है, अब हम फाइनल्स में अपने प्लान को अमल में लाना चाहेंगे. पिछले चार मुकाबलों में टीम ने और अलग-अलग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. पिछले एक साल से हम ऐसे ही सफर पर रहे हैं. पिछले साल हम T20 विश्वकप के सेमीफाइनल में पहुंचे, एशिया कप के फाइनल में पहुंचे और अब फिर से फाइनल (ऑस्ट्रेलिया में T20 विश्वकप) में हैं. ऐसे में ये सभी खिलाड़ियों का सपना है कि हम ये जीत हासिल करें.'
पाकिस्तान टीम के लिए T20 विश्वकप कैम्पेन की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी. पहले दोनों मुकाबले हारने के बाद टीम ने टूर्नामेंट में शानदार वापसी की है. उन्होंने सेमीफाइनल में न्यूज़ीलैंड को सात विकेट से हराकर खुद को फाइनल तक पहुंचाया है. सेमीफाइनल से पहले तक टीम की सबसे बड़ी मुसीबत ओपनिंग बल्लेबाज़ी भी रंग में आ गई है. सेमीफाइनल मैच में मोहम्मद रिज़वान और कप्तान बाबर आज़म ने टीम को एक बेहतरीन शुरुआत दी. दोनों बल्लेबाज़ों ने पहले विकेट के लिए 105 रन जोड़े और टीम का काम आसान कर दिया.
अब देखना होगा टीम फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ़ कैसा खेलती है.
इंडियन टीम की हार गिनीज़ बुक में आई?
















.webp?width=120)
.webp?width=120)
.webp?width=120)



