भारत और ऑस्ट्रेलिया (INDvsAUS) के बीच पहले टेस्ट मैच का आगाज़ हो गया है. नागपुर में खेले जा रहे इस टेस्ट (Nagpur Test) के पहले दिन भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पूरी तरह से डॉमिनेट किया. मैदान पर जो हुआ सो हुआ, मैदान के बाहर कॉमेंट्री बॉक्स में टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) ने अलग मैच खेला और मौज कर दी.
मैदान में रोहित की टीम ने, कॉमेंट्री बॉक्स में रवि शास्त्री ने कंगारूओं को कूटा!
कॉमेंट्री बॉक्स में अलग मैच चल रहा था.


रवि शास्त्री के साथ मार्क वॉ और दिनेश कार्तिक कॉमेंट्री कर रहे थे. इस बीच बहुत मजे़दार बातचीत हुई.
# रवि शास्त्री और मार्क वॉ
दिनेश कार्तिक ने एक प्रेडिक्शन किया. उन्होंने कहा कि इस मैच में भारत सिर्फ एक बार बैटिंग करेगा. बस यहीं से कहानी शुरू होती है. इसके जवाब में मार्क वॉ ने कहा,
प्रेडिक्शन करना अच्छी चीज़ है. अगर आपका एक भी प्रडिक्शन सही होता है, तो दुनिया आपको याद रखती है.
इसके जवाब में रवि शास्त्री ने मार्क वॉ को ट्रोल करते हुए कहा,
हां. मुझे याद है. जब भारत 36 पर ऑलआउट हो गई थी, तब ऑस्ट्रेलिया में सबने प्रेडिक्ट किया था कि हम सीरीज़ 4-0 से हारेंगे.
उस सीरीज़ में भारत ने शानदार वापसी की थी और ऑस्ट्रेलिया के घर पर उसे 2-1 से हराया था. जवाब में बचते-बचाते, मुस्कुराते हुए मार्क वॉ ने कहा -
मैं इकलौता नहीं था जिसने ऐसा कहा था.
इसके बाद मार्क वॉ ने रवि शास्त्री के मज़े लेते हुए कहा कि क्या उनके नाम पर कोई स्टेडियम या स्टैंड है. शास्त्री के पास इसका कोई जवाब नहीं था. कई फै़न्स के लिए ये हंसी-मज़ाक मैदान पर खेले जा रहे क्रिकेट जितना ही दिलचस्प था.
# पहले दिन के खेल में क्या हुआ?
अब मैच के पहले दिन क्या हुआ, ये बता देते हैं. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला लिया. भारत ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया. मोहम्मद सिराज ने अपनी पहली ही गेंद पर उस्मान ख़्वाजा को चलता किया. डेविड वार्नर को अगले ही ओवर में मोहम्मद शमी ने बोल्ड कर दिया.
इसके बाद रविन्द्र जडेजा ने अपना काम किया. जड्डू ने पांच विकेट लिए और अश्विन ने तीन विकेट लेकर उनका साथ निभाया. ऑस्ट्रेलिया की पारी 177 रन पर खत्म हुई. जवाब में भारत ने केएल राहुल का विकेट खोकर 77 रन बना लिए हैं. कैप्टन रोहित शर्मा ने शानदार बैटिंग की और 69 बॉल में 56 रन जड़ दिए.
वीडियो: नागपुर की पिच पर ऑस्ट्रेलिया रो रहा, पर पाकिस्तानी क्यों कूद रहे?





















