बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम. सामने आरसीबी (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के ओपनर साई सुदर्शन (Sai Sudharshan). मैच शुरू होने से पहले क्रिकेट के कुछ एक्सपर्ट्स टीवी पर बैठकर सुदर्शन की तकनीक का भारी पोस्टमार्टम कर रहे थे. उनका कहना था कि सुदर्शन के पैर क्रीज पर चलते ही नहीं हैं. इन्हें आउट करना बहुत आसान है.
'पैर नहीं चलते, स्विंग में फंसता है!', ज्ञान देने वालों को साई सुदर्शन का बल्ले से जवाब
IPL 2026 : GT के ओपनर Sai Sudharsan ने RCB के खिलाफ शानदार सेंचुरी लगाई. उन्होंने अपनी इस पारी के दम पर Chris Gayle का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.


बस गुड लेंथ के थोड़ा आगे गेंद डालो. पैर नहीं चलने की वजह से ये स्विंग बिल्कुल नहीं खेल पाते. लेकिन, जब साई सुदर्शन उतरे, तो उन्होंने अपने बल्ले से इन सारे क्रिकेट पंडितों को खामोश कर दिया.
RCB ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया. शुभमन गिल के साथ ओपनिंग करने आए सुदर्शन ने 57 गेंदों में ऐसा शतक ठोका कि RCB के गेंदबाजों के पसीने छूट गए.
हालांकि, शुरुआत एकदम झन्नाटेदार नहीं थी. सुदर्शन का पहला चौका बल्ले का थिक एज लेकर शॉर्ट थर्ड की तरफ गया था. लेकिन, जब पिच का मिजाज समझ आया तो उन्होंने कवर्स के ऊपर से चौका जड़कर अपने इरादे दर्शा दिए. क्रीज से बाहर निकलते वक्त भी उनके अंदर कोई हड़बड़ाहट नहीं थी.
एकतरफ RCB के बॉलर्स लाइन-लेंथ से भटक रहे थे. दूसरी ओर सुदर्शन इसकी पूरी कीमत वसूल रहे थे. रसिक सलाम को लगातार कट और पुल करके उन्होंने बाउंड्रीज बटोरीं. फिर जोश हेजलवुड के खिलाफ पेस का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए फाइन स्कूप से चौका निकाला और उसी ओवर में पॉइंट के ऊपर से शानदार छक्का जड़ दिया.
पावरप्ले खत्म होने तक गुजरात का स्कोर बिना किसी नुकसान के 57 रन था. इसमें सुदर्शन 27 गेंदों में 41 रन बनाकर खेल रहे थे. पारी की 33वीं गेंद पर रोमारियो शेफर्ड को एक स्कूप शॉट मारकर उन्होंने अपनी फिफ्टी पूरी की.
ये भी पढ़ें : 9 साल की उम्र में पिता को खोया, अब एशियन चैंपियन बनकर ओलंपिक का सपना सजा रहा ये पहलवान
यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का रिकॉर्ड ध्वस्तमिडिल ओवर्स में तो सुदर्शन ने अलग ही गियर पकड़ लिया. क्रुणाल पंड्या के खिलाफ डीप थर्ड पर ऐसा अपरकट मारा कि गेंद सीधे स्टैंड्स में गई. फिर एक स्लाॅग स्वीप मारा और इसी के साथ इतिहास रच दिया.
सुदर्शन ने अपने 2000 IPL रन पूरे कर लिए. उन्होंने ये कारनामा सिर्फ 47 पारियों में किया. इसी के साथ वो यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए.
शतक के साथ रिकॉर्ड्स की झड़ीपारी के 13वें ओवर में सुयश शर्मा की गेंद पर सुदर्शन ने वाइड लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से छक्का जड़ा और फिर एक स्ट्रेट हिट लगाकर अपना भौकाल बनाए रखा. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 128 रनों की सॉलिड पार्टनरशिप की. अपनी शानदार टाइमिंग और गैप प्लेसमेंट के दम पर उन्होंने 57 गेंदों में IPL करियर का अपना तीसरा शतक पूरा किया.
सुदर्शन RCB के खिलाफ IPL में शतक जड़ने वाले 14वें बैटर बन गए. 2023 में शुभमन गिल की सेंचुरी के बाद, RCB के खिलाफ ऐसा करने वाले वो गुजरात टाइटंस के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने. पारी के अंत में हेजलवुड ने अपनी पेस और बाउंस का इस्तेमाल करते हुए इस शानदार पारी पर ब्रेक जरूर लगाया और सुदर्शन कैच आउट हुए. लेकिन आउट होने से पहले सुदर्शन अपना काम कर चुके थे. 57 गेंदों की इस शतकीय पारी ने साबित कर दिया कि जिनके पैर नहीं चलते, जब उनका बल्ला चलता है तो अच्छे-अच्छे गेंदबाजों के पैर कांपने लगते हैं.
वीडियो: आईपीएल 2026 में अभी तक रियान पराग का बल्ला नहीं चला, टीम क्या गणित लगा रही?




















