The Lallantop

मुंबई इंडियंस फैंस की ये चिंता तो रिजल्ट्स से भी बड़ी है!

5 मैच का पैटर्न, MI की टेंशन.

Advertisement
post-main-image
Surya Kumar Yadav और Rohit Sharma को छोड़ सबने निराश किया है (पीटीआई फोटो)
बम,बम,बम,बम,बम्बई. बम्बई हमको जम गई. साल 1990 की फिल्म स्वर्ग का ये गाना मुंबई इंडियंस के फैंस पर फिट बैठता है. सालों से अपनी टीम से जुड़े इन फैंस को जीत की आदत लग चुकी थी. और ये आदत MI ने अपने प्रदर्शन से लगाई थी. टीम साल दर साल बेहतरीन प्रदर्शन कर अपने फैंस को गुनगुनाने का मौका देती थी. लेकिन IPL2021 में हालात ऐसे हैं कि बम्बई किसी को नहीं जम रही. हर कोई इस टीम में कमियां निकाल रहा है. IPL के इस 14वें सीजन की शुरुआत ने मुंबई की टीम को बुरी तरह से एक्सपोज कर दिया था. रोहित की टीम अपने पहले पांच मैचों में तीन गंवा चुकी है. हालांकि अब भी वे टेबल में चौथे नंबर पर हैं. लेकिन हालात बहुत अच्छे नहीं दिख रहे. टीम में तमाम कमियां हैं और ये कमियां साफ दिख भी रही हैं. # Mumbai Indians Pattern इसीलिए हम इन कमियों के साथ मुंबई के एक खास पैटर्न की बात भी करना चाहते हैं. मुंबई की टीम ने इस सीजन का पहला मुकाबला खेला. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ हुए इस मैच में मुंबई ने 159 रन बनाए. मैच में क्रिस लिन ने सबसे ज्यादा 49 रनों की पारी खेली जबकि सूर्यकुमार यादव ने 31 और ईशान किशन ने 28 रन बनाए. मैच में मुंबई का मिडल ऑर्डर फेल रहा. हालांकि इसके बाद भी RCB को मैच जीतने के लिए आखिरी गेंद तक वेट करना पड़ा. ज्यादा हाय-तौबा नहीं हुई. फिर आया MI का दूसरा मैच. KKR के खिलाफ MI 152 रन ही बना पाई. इसमें सूर्यकुमार की फिफ्टी और रोहित शर्मा के 43 रन शामिल रहे. टीम का मिडल ऑर्डर एक बार फिर नाकाम रहा. यह मैच मुंबई ने 10 रन से जीता. तीसरा मैच. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई 150 रन ही बना पाई. क्विंटन डि कॉक ने 40 जबकि कायरन पोलार्ड ने 35 रन बनाए. हालांकि मुंबई के बोलर्स एक बार फिर से कामयाब रहे और उन्होंने SRH को 137 पर ही रोक लिया. लेकिन यहां से लोगों को एक पैटर्न साफ दिखने लगा- मुंबई की टीम हर मैच में पिछले स्कोर से कम पर रुक रही है. इस बीच आया चौथा मैच. दिल्ली के खिलाफ मुंबई की टीम 137 रन ही बना पाई. इसमें सबसे ज्यादा रन रोहित शर्मा के बल्ले से आए. रोहित ने 44 रन का योगदान दिया. दिल्ली ने इस मैच को छह विकेट से अपने नाम कर लिया. अपने पांचवें मैच में मुंबई की टीम 131 रन ही बना पाई और उन्हें पंजाब से नौ विकेट से हार मिली. टीम के इस पैटर्न में बड़ा रोल MI के मिडल ऑर्डर का है. ईशान किशन पांच पारियों में सिर्फ 73 जबकि कायरन पोलार्ड 65 रन ही बना पाए हैं. जबकि हार्दिक पंड्या और कृणाल पंड्या के नाम इतनी ही पारियों में 36 और 29 रन हैं. ओपनर क्विंटन डि कॉक भी चार पारियों में सिर्फ 47 रन ही बना पाए हैं. ईशान, पोलार्ड और पंड्या ब्रदर्स के रनों का टोटल करें तो उन्होंने कुल 207 रन बनाए हैं. जबकि टीम के लीडिंग स्कोरर रोहित शर्मा के नाम पांच पारियों में 201 रन हैं. जबकि दूसरे नंबर पर मौजूद सूर्यकुमार यादव के नाम 154 रन हैं. यानी एक चीज साफ है, मुंबई का ये डरावना पैटर्न उनके मिडल ऑर्डर की देन है. और अगर ये ना सुधारा गया तो मुंबई इस बार प्ले-ऑफ भी नहीं खेल पाएगी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement