दिल्ली कैपिटल्स जीत गई. आप चाहें तो लगान से
'हम जीत गए' वाला मेमे यहां इनसर्ट कर सकते हैं. क्योंकि मुंबई के खिलाफ लगातार पांच मैच हारने के बाद आखिरकार दिल्ली वालों को दिल-दिल-दिल्ली कहने का मौका मिला है. इस जीत के साथ ही दिल्ली ने अपने चेपॉक लेग की तगड़ी शुरुआत कर दी है. यह पहले चार मैचों में मुंबई की दूसरी हार थी. हार के बाद मुंबई के कैप्टन रोहित शर्मा अपने मिडल ऑर्डर के लगातार फेल होने से थोड़े निराश दिखे. लेकिन उनकी बात करने से पहले थोड़ी बात मैच की. चेपॉक में हुए इस मैच में मुंबई के कैप्टन रोहित शर्मा ने टॉस जीता. पहले बैटिंग का फैसला किया. पावरप्ले में खूब धमाके भी किए. लेकिन एक बार जब अमित मिश्रा ने गेंदें घुमानी शुरू कीं, सब धरा का धरा रह गया. मुंबई की टीम 20 ओवर में 137 रन ही जोड़ पाई. मुंबई के लिए रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए. ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने 26 और 24 रनों का योगदान दिया. लोवर ऑर्डर में जयंत यादव ने कीमती 23 रन जोड़े. दिल्ली के लिए अमित मिश्रा ने सबसे ज्यादा चार विकेट निकाले. जवाब में दिल्ली की टीम ने सिर्फ चार विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया. दिल्ली के लिए शिखर धवन ने 45 और स्टीव स्मिथ ने 33 रन बनाए.
# Rohit Fitness Update
मैच के बाद रोहित ने कहा,
'हमें जैसी स्टार्ट मिली थी, मैं सोचता हूं कि हम बीच के ओवर्स में अच्छी बैटिंग कर सकते थे, जो हम नहीं कर पाए. हम एक बार फिर से पावरप्ले में मिली शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए. दिल्ली के बोलर्स को क्रेडिट जाता है- उन्होंने प्रेशर बनाए रखा और विकेट लेते रहे.'
बोलिंग के दौरान मुंबई की टीम ओस से काफी परेशान दिखी. लेकिन रोहित ने इसे कोई फैक्टर मानने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा,
'हमें पता था कि ओस आएगी ही. हमने पिछले कुछ मैचों में देखा था कि गेंद को ग्रिप करना इतना भी मुश्किल नहीं था. ओस कोई बड़ा फैक्टर नहीं है. जीतने के लिए आपको स्मार्ट क्रिकेट खेलनी होती है.'
अपनी फील्डिंग के दौरान रोहित मैदान पर नहीं थे. उनकी जगह कायरन पोलार्ड ने कप्तानी संभाली. बताया गया था कि रोहित फील्डिंग के लिए पूरी तरह फिट नहीं है. इस बारे में रोहित ने कहा,
'यह बस छोटा सा निगल है, सही हो जाना चाहिए.'
अपने चार मैचों में दो जीत और दो हार के साथ मुंबई IPL Table में चौथे नंबर पर है. टीम का अगला मैच शुक्रवार 23 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ है.