The Lallantop

वोलकानो से रोहित का कैमरापर्सन पर गुस्साना, IndvsAus के बाद क्या-क्या वायरल?

सीरीज़ में भारत को 1-0 की बढ़त.

Advertisement
post-main-image
टीम इंडिया (Courtesy: PTI/Iceland Cricket)

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज़ के पहले टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को बडे़ मार्जिन से हराया. रोहित शर्मा की बैटिंग, रवि अश्विन की बॉलिंग और रविन्द्र जडेजा के ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत ने इस मैच को पारी और 132 रन से जीता. जड्डू को उनकी शानदार बॉलिंग और बैटिंग के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इस सीरीज़ से पहले दोनों टीम के फ़ैन्स सोशल मीडिया पर लड़ रहे थे. मैच के बाद, एक टीम के ही फैन नज़र आ रहे थे. सोशल मीडिया पर कुछ बड़े मज़ेदार रिएक्शन्स देखने को मिले. वोलकानो के फटने से लेकर रोहित शर्मा के कैमरापर्सन पर गुस्सा करने का वीडियो, बहुत कुछ वायरल हुआ.

वीरू पाजी से शुरू करेंगे. वीरू ने ट्वीट कर लिखा -

Advertisement

टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया. ऑस्ट्रेलिया मैच शुरू होने से पहले ही हार चुकी थी. उन्होंने पिच पर बहुत ज्यादा ध्यान दे दिया था. भारत ने अच्छी बैटिंग की और 400 रन बनाए. टेस्ट क्रिकेट में यही चाहिए होता है. ऑस्ट्रेलिया अपने दिमाग में ही अलग पिच पर खेल रही थी. वेल डन, बॉयस.

आइसलैंड क्रिकेट हैंडल भी अपने शानदार ट्वीट्स के लिए जाना जाता है. उसने एक बार फिर कुछ ऐसा ही किया. नागपुर पिच पर ऑस्ट्रेलिया के डर को हाइलाइट करते हुए उसने एक फोटो शेयर की. उसमें उसने दिखाया कि नागपुर की पिच ज्वालामुखी की तरह फट रही थी. और भारत की बैटिंग के वक्त ये ज्वालामुखी शांत था.

Advertisement

सोशल मीडिया पर और एक वीडियो वायरल है. इसमें रोहित शर्मा कैमरापर्सन पर गुस्सा कर रहे हैं. अश्विन की बॉलिंग पर टीम इंडिया ने रिव्यू लिया था. और कैमरापर्सन रोहित को दिखा रहे थे. रोहित ने इशारा कर कहा, मुझे क्या दिखा रहा है भाई, रिव्यू स्क्रीन दिखा. ये देख पीछे खड़े सूर्यकुमार यादव हंसने लगे.

मैच के तुरंत बाद 'India in India' ट्रेंड करने लगा. फ़ैन्स ट्वीट करने लगे, कि ऑस्ट्रेलिया हो या कोई भी टीम, भारत में भारत को हरा पाना या टक्कर देना आसान नहीं होगा. कॉमेंटेटर हर्षा भोगले ने इसे करीने से समझाया. उन्होंने लिखा -

ये टेस्ट इस बात का उदाहरण है कि टेस्ट क्रिकेट में भारत में भारत के खिलाफ खेलना वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे कठिन काम क्यों है. स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडरों के साथ भारत का संतुलन शानदार गहराई देता है और विरोधी टीम की थकी हुई गेंदबाजी के खिलाफ रन्स बनाने का मौका भी देता है.

वसीम जाफर ने भी ट्वीट किया और ऑस्ट्रेलियन मीडिया और पूर्व क्रिकेटर्स को जवाब दिया. उन्होंने लिखा -

जब तक दोनों टीम्स ने एक पिच पर बल्लेबाजी नहीं कर ली हो, तब तक उसका आंकलन नहीं करना चाहिए. अगर दोनों टीम्स स्ट्रगल करती हैं, तो वो पिच मुश्किल है. अगर सिर्फ एक टीम संघर्ष करती है, तो वो स्किल की बात है. बहुत अच्छा खेला, टीम इंडिया.

दिनेश कार्तिक ने पहली पारी में कॉमेंट्री करते हुए ही प्रेडिक्ट कर दिया था कि इस मैच में भारत सिर्फ एक बार बैटिंग करेगा. और ऐसा ही हुआ भी. मैच के बाद डीके ने ट्वीट किया -

इंडिया ने ये टेस्ट मैच शुरू से आखिर तक डामिनेट किया है. बॉर्डर गावस्कर सीरीज़ में शानदार शुरुआत!

पूर्व भारतीय पेसर मुनाफ पटेल ने अश्विन अन्ना को एक स्पेशल निकनेम भी दे दिया. पटेल लिखते हैं -

भारत का शानदार प्रदर्शन. हमारे बॉलर्स की बॉलिंग देखकर मज़ा आया. ख़ासकर प्रोफेसर अश्विन की. 32 ओवर में मैच ख़त्म.

# मैच में क्या हुआ?

मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया 177 रन पर आउट हो गई. वापसी कर रहे रविन्द्र जडेजा ने पांच विकेट चटकाए. रोहित शर्मा ने जवाब में कप्तानी पारी खेल 120 रन बनाए. उनके बाद अक्षर पटेल और जड्डू ने पचासा जड़ भारत को 400 तक पहुंचाया. यानी भारत के खाते में 223 रन की लीड आई.

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया 100 रन का आंकड़ा भी नहीं पार कर सकी. भारत ने कंगारू बल्लेबाज़ों को स्पिन के जाल में फंसाया. अश्विन ने पांच, जड्डू ने दो और अक्षर ने एक विकेट लिया. बचा-खुचा काम मोहम्मद शमी कर गए. शमी ने दो विकेट्स लेकर ऑस्ट्रलिया को 91 पर ऑलआउट कर दिया. चार मैच की सीरीज़ में भारत ने 1-0 की बढ़त ले ली है. दूसरा टेस्ट दिल्ली में 17 फरवरी से शुरू होगा.
 

वीडियो: Ind vs Aus नागपुर पिच पर बात करते हुए टीम इंडिया पर आरोप लगा गए रिकी पॉन्टिंग

Advertisement