The Lallantop

रोहित, गेल या डीविलियर्स, विराट की ये खासियत इनमें से किसी के पास नहीं!

विराट की एवरेज 50 से ऊपर क्यों है, राज़ खुल गया.

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली की पिछले सीज़न की आरसीबी की तस्वीर.
कोरोना वायरस महामारी की वजह से वैसे तो क्रिकेट रुका हुआ है. लेकिन क्रिकेट की चर्चा पहले की ही तरह हो रही है. अक्सर फैंस ये बात कहते-सुनते मिल जाते हैं कि उनका फेवरेट प्लेयर सबसे बढ़िया है. वर्ल्ड क्रिकेट में विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, रोहित शर्मा, डेविड वॉर्नर और जो रूट जैसे खिलाड़ियों की तुलना अक्सर होती है. लेकिन टीम इंडिया के वर्ल्डकप हीरो गौतम गंभीर ने विराट कोहली को रोहित, गेल, डीविलियर्स से बेहतर बल्लेबाज़ बताया है.
गौतम गंभीर की नज़र में विराट कोहली मौजूदा क्रिकेट के शॉर्टर फॉर्मेट में रोहित, डीविलियर्स और गेल से बेहतर और कंसिस्टेंट बल्लेबाज़ हैं. इसके साथ ही उन्होंने इसके पीछे की वजह भी बताई.
गौतम गंभीर का मानना है कि विराट के अंदर गेल, रोहित और एबीडी के मुकाबले ज़्यादा बेहतर तरीके से स्ट्राइक रोटेट करने की क्षमता है. वो लगभग हर गेंद पर स्ट्राइक रोटेट करते हैं, जिसकी वजह से वो इन सभी से बेहतर बल्लेबाज़ हैं.
इस वजह से विराट से पिछड़ रहे हैं रोहित
'स्टार स्पोर्ट्स' के शो 'क्रिकेट कनेक्टेड' में गंभीर ने बताया कि विराट किस तरह रोहित शर्मा से अलग हैं. उन्होंने कहा,
''विराट कोहली बाकी सभी बल्लेबाज़ों से अलग हैं. आप रोहित शर्मा को देखते हैं. उनके पास विराट कोहली जैसी स्ट्राइक रोटेट करने की वो काबिलियत नहीं है. रोहित के पास बड़े-बड़े शॉट्स हैं. लेकिन स्ट्राइक रोटेट करने की काबिलियत की वजह से विराट, रोहित से ज़्यादा कंसिस्टेंट हैं.''
गेल और डीविलियर्स से कैसे बेहतर हैं कोहली
Virat Ab De Villiers
आईपीएल में आरसीबी के लिए विराट और एबीडी एक साथ खेलते हैं.

वहीं क्रिस गेल और डीविलियर्स पर गंभीर ने कहा,
''क्रिस गेल के साथ भी वही दिक्कत है. उनके पास भी स्ट्राइक रोटेट करने की काबिलियत नहीं है, जबकि डीविलियर्स भी स्पिनर्स के खिलाफ हर गेंद पर स्ट्राइक रोटेट नहीं कर सकते. लेकिन विराट कोहली ऐसा कर सकते हैं. इस वजह से ही उनका बल्लेबाज़ी औसत 50 के पार है.''
क्रिकेट में सबसे आसान काम छक्के-चौके मारना
गौतम गंभीर ने स्ट्राइक रोटेट की बात को समझाते हुए आगे कहा,
''खिलाड़ी डॉट गेंदों को बहुत ज़्यादा तवज्जो नहीं देते, क्योंकि अगर आप कम डॉट गेंदें खेलेंगे, तो दबाव घटा सकेंगे. क्रिकेट के अंदर सबसे आसान काम कोई है, तो वो है छक्के-चौके मारना, क्योंकि आप उस वक्त सबसे ज़्यादा रिस्क वाला काम करते हैं. अगर आप इस शॉट मे कामयाब हुए, तो सभी पसंद करेंगे. लेकिन अगर फेल हुए, तो फिर वापस पवेलियन जाना पड़ सकता है.
दुनियाभर में ऐसे बहुत कम क्रिकेटर हैं, जो कि हर गेंद पर स्ट्राइक रोटेट करते हैं. इस वजह से ही विराट कोहली इतना शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.''



जब इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर निक कॉम्पटन पर विराट कोहली आग बबूला हो गए थे 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement