The Lallantop

धोनी का कमाल, एक और फाइनल में पहुंची चेन्नई सुपर किंग्स

तला की टीम छा गई.

Advertisement
post-main-image
धोनी ने फिर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया (स्क्रीनग्रैब)

धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बार फिर से फाइनल में एंट्री कर ली. उन्होंने IPL2023 के पहले क्वॉलिफायर में गुजरात टाइटंस को 15 रन से हराया. धोनी की टीम का यह दसवां फाइनल होगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इस टीम ने अभी तक चार बार IPL ट्रॉफ़ी जीती है. जबकि पांच बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इस लिस्ट में धोनी के बाद रोहित शर्मा हैं. जिन्होंने कप्तान के रूप में पांच फाइनल खेले हैं.

इससे पहले हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग का फैसला किया था. लेकिन उनका फैसला शुरू में ही उल्टा पड़ता दिखा. चेन्नई के ओपनर्स ने कमाल कर दिया. रुतुराज गायकवाड़ और डेवन कॉन्वे ने कमाल की बैटिंग की.

Advertisement

हल्की सी फंसी हुई पिच पर दोनों ने 10.3 ओवर्स में 87 रन की पार्टनरशिप की. और इसी स्कोर पर गायकवाड़ 44 गेंदों पर 60 रन बनाकर आउट हुए. नंबर तीन पर आए शिवम दुबे इस बार नहीं चल पाए. वह सिर्फ़ एक रन बनाकर बोल्ड हो गए. इसके बाद नंबर चार और पांच पर आए अजिंक्य रहाणे और अंबाती रायुडु ने 17-17 रन का योगदान दिया.

जबकि रविंद्र जडेजा ने 16 गेंदों पर 22 रन बनाए. जबकि मोईन अली ने अंत में चार गेंदों पर नौ रन बनाए. चेन्नई ने अपने बीस ओवर्स में सात विकेट खोकर 172 रन बनाए.  गुजरात के लिए कुल पांच बोलर्स ने बोलिंग की और सभी को विकेट मिला. मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा को दो-दो विकेट मिले. दर्शन नलकंडे, राशिद खान और नूर अहमद को एक-एक विकेट मिला.

मोहित शर्मा ने पहली पारी के बाद कहा भी था कि यह स्कोर चेज करना आसान नहीं होगा. उन्होंने ब्रॉडकास्टर से कहा था,

Advertisement

‘मैं सोचता हूं कि गेंद थोड़ी फंस रही है. मॉइश्चर के चलते तेज गेंदें भी शुरू में फंस रही थीं, और स्लोअर गेंदों का भी वही हाल था. इस विकेट पर 172 अच्छा स्कोर है और उनके पास अच्छी बोलिंग लाइन-अप है. हमें इस स्कोर को चेज करने के लिए अच्छी बैटिंग करनी होगी. इस पिच पर धीमी गेंदें फेंकना महत्वपूर्ण होगा. ओस जरा सी नहीं है और गेंदें बैटर्स से दूर फेंकनी होंगी.’

और अंत में मोहित की बात ठीक निकली. चेन्नई की अच्छी बोलिंग ने बैटिंग में गुजरात का खेल खराब कर दिया. गुजरात के बैटर्स धोनी की जाल में फंसते गए और लगातार अंतराल पर उन्होंने विकेट्स गंवाए.

शुभमन गिल ने टीम के लिए सबसे ज्यादा, 42 रन का योगदान दिया. जबकि राशिद खान ने 16 गेंदों पर 30 रन बनाए. इनके अलावा दसुन शनाका ने 17, विजय शंकर ने 14, ऋद्धिमान साहा ने 12, हार्दिक पंड्या ने आठ, नूर अहमद ने सात, डेविड मिलर ने चार और राहुल तेवतिया ने तीन रन बनाए. गुजरात वाले चेन्नई के टोटल से 15 रन दूर रह गए और मैच गंवा दिया.

इस जीत के साथ ही CSK अब IPL2023 के फाइनल में पहुंच गई है. जबकि गुजरात को आगे जाने के लिए एलिमिनेटर जीतकर आने वाली टीम से भिड़ना होगा.

वीडियो: शुभमन गिल शतक बनाकर RCB को हरा गए, विराट ने मुस्कुरा कर गले लगा लिया

Advertisement