पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद से तृणमूल कांग्रेस का आंतरिक घमासान थमता नजर नहीं आ रहा. विधायकों के अलग गुट बनाने के बाद अब पार्टी के कई सांसद भी उसी राह पर हैं. पार्टी के 14 सांसदों ने 8 जून को बीजेपी के केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के घर बंद कमरे में बैठक की. बाद में सांसद महुआ मोइत्रा अपनी ही पार्टी के सांसद यूसुफ पठान को घेरती दिखीं.
'आप इंडिया के लिए खेले, शर्म कीजिए', महुआ मोइत्रा ने यूसुफ पठान पर गंभीर आरोप लगाए
TMC के विधायक दल के बाद अब संसदीय गुट में भी टूट की तैयारी चल रही है. पार्टी के 14 सांसदों ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव के घर पर बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की है. इन नेताओं ने दावा किया है कि उनके पास पार्टी के 28 में से 20 लोकसभा सांसदों का समर्थन हासिल है.


TMC की राज्यसभा सांसदी समेत सभी पदों से इस्तीफा देने वाले सुखेंदु शेखर रॉय और राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी भूपेंद्र यादव के यहां हुई बैठक में मौजूद रहे. TMC नेता कीर्ति आजाद का दावा है कि पार्टी के ये नेता बैठक में शामिल थे-
1. शताब्दी रॉय
2. काकोली घोष दस्तीदार
3. अबू ताहिर
4. खलीलुर रहमान
5. असित मल
6. अरूप चक्रवर्ती
7. कालीपद सोरेन
8. जगदीश बसुनिया
9. प्रसून बनर्जी
10. शर्मिला सरकार
11. बापी हलदर
12. जून मालिया
13. दीपक अधिकारी
14. प्रार्थ भौमिक
भूपेंद्र यादव के घर पर हुई मुलाकात
तृणमूल कांग्रेस के 14 बागी सांसदों ने बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के घर शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की. शुभेंदु इस मुलाकात के लिए 8 जून को ही दिल्ली पहुंचे हैं. मीटिंग में बीजेपी नेता और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब भी मौजूद रहे.
सूत्रों के मुताबिक, TMC के पांच बागी सांसद आज सुबह से ही भूपेंद्र यादव के घर पर मौजूद थे. इन पांच सांसदों में बर्दमान पूर्व से सांसद शर्मिला सरकार, हावड़ा सीट से प्रसून बनर्जी, कूचबिहार सांसद जगदीश बसुनिया, झारग्राम सांसद कालिपद सोरेन और बांकुरा सांसद अरूप चक्रवर्ती शामिल हैं. दोपहर 12 बजे के बाद शुभेंदु भी उनके घर पहुंचे. TMC के कुल 14 बागी सांसदों ने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की. दोपहर 2 बजे के बाद शुभेंदु अधिकारी भूपेंद्र यादव के घर से निकले.
इस मीटिंग से पहले TMC के पांच सांसदो ने पार्टी से इस्तीफा देने वाले सुखेंदु शेखर रॉय से मुलाकात की. ये मुलाकात भी दिल्ली में हुई. रिपोर्ट के मुताबिक, TMC के बागी सांसद लोकसभा में अभिषेक बनर्जी के बजाय काकोली घोष को पार्टी का नेता बनाना चाहते हैं. उनका दावा है कि उनके साथ 20 सांसदों का समर्थन है. ये सांसद जल्द ही लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को अपने फैसले की जानकारी देंगे. लेकिन फिलहाल स्पीकर दिल्ली में मौजूद नहीं हैं. वे अभी चंडीगढ़ में हैं. 9 जून को उनकी दिल्ली वापसी होगी.
महुआ मोइत्रा ने यूसुफ पठान पर साधा निशाना
इस बीच TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने पार्टी के सांसद यूसूफ पठान पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आप दिल्ली इसलिए भाग रहे हैं क्योंकि अमित शाह ने आपको बुलाया है? थोड़ी हिम्मत रखिए. आप इंडिया के लिए खेले हैं. हमारे जिले ने आपको बहुत बड़े अंतर से जिताया है. थोड़ी शर्म कीजिए और हिम्मत रखिए.”
TMC के बागी सांसद अलग गुट बनाएंगे!
इस बीच TMC के बागी सांसद शताब्दी रॉय के आवास पर पहुंचने लगे हैं. थोड़ी देर में यहां एक मीटिंग होने वाली है. इस मीटिंग में NDA को समर्थन करने के फैसले पर मुहर लग सकती है. लोकसभा में TMC के 28 सांसद हैं. पार्टी में टूट के लिए कम से कम दो तिहाई सांसदों की जरूरत होती है. ये संख्या 19 होती है. TMC के बागी गुट ने अपने साथ 20 सांसदों का समर्थन होने का दावा किया है. अगर ऐसा होता है तो लोकसभा में उनको एक अलग गुट के तौर पर मान्यता दी जा सकती है.
वीडियो: ममता बनर्जी के 14 TMC सांसदों की BJP से सीक्रेट मीटिंग, क्या हुई डील?






















